Source :- LIVE HINDUSTAN
पनीर भुर्जी एक ही जैसी खाकर बोर हो गए हैं तो एक बार पालक और हरा लहसुन डालकर बनाएं। ये स्वाद में काफी अच्छी लगती है और इसे आप रोटी या फिर ब्रेड के साथ सर्व कर सकते हैं।
ग्रीन गार्लिक पनीर भुर्जी एक ऐसी मजेदार और लाजवाब डिश है, जो अपने अनोखे स्वाद, हरे रंग और क्रीमी टेक्सचर से हर किसी का दिल जीत लेती है। पालक की फ्रेशनेस, हरे धनिये की खुशबू, अदरक और हरी मिर्च का हल्का तीखापन और लहसुन का भरपूर फ्लेवर इस डिश को बेहद खास बनाता है। अगर आप रोजाना बनने वाली पनीर की सब्जियों से कुछ अलग और नया ट्राई करना चाहते हैं, तो यह रेसिपी एक बेहतरीन ऑप्शन है। इसमें हरी सब्जियों की अच्छाई और पनीर का प्रोटीन दोनों मिलते हैं। ऊपर से चीज और बटर-गार्लिक का तड़का इसके स्वाद को कई गुना बढ़ा देता है। इसे गर्मागर्म पराठे, नान, रोटी या टोस्ट के साथ परोसा जा सकता है।
ग्रीन गार्लिक पनीर भुर्जी बनाने की सामग्री
-पालक (blanched)
-हरी मिर्च
-अदरक
-हरा धनिया
-मक्खन और तेल
-बारीक कटा हुआ लहसुन
-बारीक कटा हुआ प्याज और हरा प्याज
-नमक
-धनिया पाउडर
-लाल मिर्च पाउडर
-हल्दी
-किचन किंग मसाला
-गर्म पानी
-कद्दूकस किया हुआ पनीर
-फ्रेश क्रीम या दूध की मलाई
-चीज (ऑप्शनल, अगर ज्यादा चीजी बनाना हो।)
-मक्खन में लहसुन का तड़का (ऑप्शनल)
ग्रीन गार्लिक पनीर भुर्जी बनाने का तरीका
1) पालक की हरी प्यूरी तैयार करें- सबसे पहले पालक के पत्तों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अब एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें पालक के पत्ते डालकर लगभग 1 से 2 मिनट तक ब्लांच करें। अब पालक को पानी से निकालकर मिक्सर जार में डालें। इसमें हरी मिर्च, अदरक और ताजा हरा धनिया डालें। सभी चीजों को बिना ज्यादा पानी मिलाए पीसकर एकदम स्मूद और गाढ़ी हरी प्यूरी तैयार कर लें। इस प्यूरी को एक तरफ रख दें।
2) लहसुन और प्याज का तड़का तैयार करें- अब एक कड़ाही या पैन को गैस पर रखें। इसमें मक्खन और थोड़ा तेल डालकर गर्म करें। तेल मिलाने से मक्खन जल्दी जलता नहीं है और अच्छा स्वाद भी आता है। अब इसमें बारीक कटा हुआ लहसुन डालें और धीमी आंच पर सुनहरा होने तक भूनें।
इसके बाद बारीक कटा हुआ प्याज डालें और प्याज के हल्का नरम व पारदर्शी होने तक भूनें। अब इसमें कटा हुआ हरा प्याज डालकर अच्छी तरह मिलाएं और 1 से 2 मिनट तक पकाएं। इससे भुर्जी में लहसुन और प्याज का बहुत अच्छा फ्लेवर आएगा।
3) मसाले डालकर अच्छी तरह भूनें- अब इसमें नमक, धनिया पाउडर, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी और किचन किंग मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें।
4) मसाला तैयार करें- थोड़ा गर्म पानी डालें और मैशर की मदद से मसाले और प्याज को अच्छी तरह मैश कर लें, ताकि एक बढ़िया गाढ़ा मसाला तैयार हो जाए।
5) पनीर और हरी प्यूरी डालें- अब इसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर, तैयार की हुई पालक की हरी प्यूरी और फ्रेश क्रीम या मलाई डालें। अगर आपको ज्यादा चीजी स्वाद पसंद है, तो इसमें थोड़ा चीज़ भी मिला सकते हैं। सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करके कुछ मिनट पकाएँ।
6) गार्निश करके परोसें- तैयार भुर्जी को ऊपर से कद्दूकस किए हुए चीज़ और मक्खन में भुने लहसुन के तड़के से गार्निश करें। यह दोनों चीजें ऑप्शनल हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




