Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि राइट्स इश्यू की रकम दो फेजों में चुकानी होगी
- यानी शेयरधारकों को पूरी रकम एक साथ नहीं देनी पड़ेगी
- आवेदन के समय शेयर की कीमत का 60 फीसदी हिस्सा देना होगा
- बाकी रकम बाद में तय तारीख पर जमा करनी होगी
Ola Electric Rights Issue: ओला इलेक्ट्रिक के शेयरधारकों के लिए बड़ी खबर है। इलेक्ट्रिक टू व्हीलर बनाने वाली कंपनी ने अपने प्रस्तावित राइट्स इश्यू के लिए 27 रुपये प्रति शेयर की कीमत तय की है। यह कीमत कंपनी के मौजूदा बाजार भाव से करीब 26 फीसदी सस्ता है। कंपनी के मुताबिक, इस राइट्स इश्यू के जरिए करीब 1,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना है। बता दें कि राइट्स इश्यू की खबर के बाद गुरुवार को ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों पर निवेशकों की नजर रह सकती है। आज बुधवार को कंपनी का शेयर बीएसई पर 36.30 रुपये के भाव पर बंद हुआ।
कंपनी ने दी जानकारी
कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि राइट्स इश्यू की रकम दो फेजों में चुकानी होगी। यानी शेयरधारकों को पूरी रकम एक साथ नहीं देनी पड़ेगी। आवेदन के समय शेयर की कीमत का 60 फीसदी हिस्सा देना होगा। बाकी रकम बाद में तय तारीख पर जमा करनी होगी। कंपनी का कहना है कि इससे शेयरधारकों को भुगतान के लिए ज्यादा समय मिलेगा।
1,500 करोड़ रुपये भी जुटा रही कंपनी
बता दें कि ओला इलेक्ट्रिक को पहले ही 1,500 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी मिल चुकी है। इसमें से कंपनी ने जून में क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट यानी क्यूआईपी (QIP) के जरिए 780 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसके बाद कंपनी के निदेशक मंडल ने 28 सितंबर को राइट्स इश्यू को मंजूरी दी थी। उसी दिन प्रस्तावित इश्यू का ड्राफ्ट लेटर भी दाखिल किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (MD) भाविश अग्रवाल राइट्स इश्यू में अपनी पूरी एलिजिबिलिटी के हिसाब से निवेश कर सकते हैं। कंपनी ने हाल ही में बताया था कि अग्रवाल ने अपनी हिस्सेदारी के 4.32 फीसदी शेयर गिरवी रखे हैं। कंपनी के मुताबिक, ऐसा सिर्फ राइट्स इश्यू के लिए पैसा जुटाने के लिए किया गया है और इन शेयरों की बिक्री नहीं हुई है। प्रमोटर ग्रुप की ओला इलेक्ट्रिक में कुल हिस्सेदारी करीब 32.97 फीसदी है।
क्या है कंपनी की योजना
इस राइट्स इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कंपनी कर्ज कम करने में कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इससे कंपनी की नकदी की स्थिति मजबूत करने में मदद मिल सकती है। साथ ही, आने वाले समय में कंपनी को तुरंत अतिरिक्त पैसा जुटाने की जरूरत भी कम हो सकती है। कंपनी ने कहा है कि रिकॉर्ड डेट और राइट्स इश्यू से जुड़ी दूसरी जरूरी जानकारी बाद में जारी की जाएगी। ये जानकारी तय नियमों के मुताबिक शेयरधारकों को दी जाएगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




