Home LIFESTYLE NEWS HINDI बाजार से लाए पुदीने की कटिंग से ही उगाएं नया पौधा, देखिए...

बाजार से लाए पुदीने की कटिंग से ही उगाएं नया पौधा, देखिए लगाने का सही तरीका और केयरिंग टिप्स

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

घर के गमले में अगर आप पुदीना लगाना चाहते हैं तो इसके लिए आपको किसी बीज की जरूरत नहीं है। बल्कि आप मार्केट से लाए हुए पुदीना की कटिंग को गमले में लगाकर नए पुदीना का पौधा तैयार कर सकते हैं। बस यहां सीखिए कैसे करें शुरुआत।

घर में अगर धनिया-पुदीना जैसी रोजाना इस्तेमाल होने वाली हरी पत्तियों का पौधा लगा हो तो तुरंत काटकर इनका इस्तेमाल किया जा सकता है। अक्सर लोग धनिया को तो गमलों में आसानी से लगा लेते हैं लेकिन पुदीना लगाने पर उनकी शिकायत रहती है कि वह लगता नहीं है और बहुत जल्दी सड़ जाता है। ऐसे में यहां हम पुदीना की कटिंग से पौधा लगाने का सही तरीका बता रहे हैं। यहां बताए तरीके से पौधा लगाने पर पुदीना की नई पत्तियां बहुत जल्दी आएंगी और पौधा बहुत जल्दी फैलेगा भी। यहां जानिए पुदीना कटिंग से पौधा कैसे लगाएं और इसकी केयर कैसे करें।

पुदीना कटिंग से पौधा कैसे लगाएं

सबसे पहले पुदीना कुछ हेल्दी कटिंग लें। ध्यान रखें कि कटिंग नीचे से गली हुई ना हो और इसमें दिख रही पत्तियां भी हरी और फ्रेश हों। अब इन कटिंग्स में से नीचे से पत्तियां हटाकर साफ कर लें और ऊपर कुछ पत्तियों को लगा रहने दें। इसे लगाने के लिए एक प्लास्टिक स्ट्रॉ लें और उसे दो हिस्सों में काट लें। अब इसे ऊपस से तिरछा काटकर इसके ऊपर पुदीना कटिंग को लपेटें। ऊपर की तरफ पत्तियां लगी रहने दें और नीचे की तरफ इसे पूरी तरह से लपेट दें। इस तरह से 5 से 6 कटिंग्स को तैयार करें और इन कटिंग्स को अलग-अलग पानी से भरे ग्लास में डालकर कुछ देर के लिए रख दें। इस दौरान एक चीज का ध्यान रखना है कि कटिंग का नीचे वाला हिस्सा पानी में रहे, जबकि ऊपर वाली पत्तियां पानी के अंदर ना जाएं। इन कटिंग को रोशनी वाली जगह पर रखें और समय-समय पर पानी को बदलते रहें। कुछ दिन में आप देखेंगे कि इन कटिंग्स की जड़े निकलने लगेंगे। फिर इन्हें पानी से निकालकर मिट्टी में दबा दें, कुछ ही दिनों में पुदीना के कई पौधे निकलने लगेंगे। इस दौरान कटिंग से स्ट्रॉ निकालकर अलग हटा दें।

कैसे करें पुदीना के पौधे की केयर

सही गमला चुनें- पुदीना को लगाने के लिए बहुत गहरे गमले की जरूरत नहीं है। बल्कि 10 से 12 इंच चौड़ा गमला इसके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है। बस चेक करें कि गमले में ड्रेनेज होल मौजूद हो क्योंकि गमले में पानी जमा रहेगा तो मिट्टी लंबे समय तक गीली रह सकती है और पौधे को सड़ा सकती है।

कब दें पानी- पुदीने को बढ़ाने के लिए मिट्टी में नमी का होना जरूरी है। हालांकि, गमले में हर समय पानी का भरा रहना भी सही नहीं है। पुदीने को पानी देते समय इसके पत्तों को अच्छी तरह धोएं, जिससे पत्तियां ताजा रहती हैं और धूल-मिट्टी हटती है।

कितनी धूप दिखाएं- बहुत तेज गर्मी में पौधे को दोपहर की सीधी तेज धूप से बचाना चाहिए। गर्म दिनों में सुबह की हल्की धूप और दिन के बाकी समय थोड़ी छाया पौधे के लिए बेहतर रह सकती है। सितंबर महीने में इसे लगा रहे हैं तो सुबह या शाम की 1 से 2 घंटे की हल्की धूप दिखाएं और फिर इसे छांव में रखें।

कटाई- पौधे को घना बनाने के लिए समय-समय पर इसकी पिंचिंग करते रहें। इससे नई पत्तियां निकलती हैं और पौधा घना होता है। जरूरत पड़ने पर इसकी कटाई करते रहें, लेकिन ध्यान रखें कि पौधे को कभी भी जड़ से न काटें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN