Source :- INDIATV NEWS

बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में पुलिस विभाग से जुड़ा एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें सुगौली थाना में पदस्थापित दरोगा शैलेश कुमार पर एक महिला से रिश्वत मांगने और आपत्तिजनक बातें करने का आरोप लगा है। कथित ऑडियो में दरोगा महिला से 20 हजार रुपये की मांग करते सुनाई दे रहे हैं। साथ ही महिला को एक रात के लिए मिलने बुलाने की बात भी सामने आई है। मामला सामने आने के बाद मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कार्रवाई करते हुए दरोगा को निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला सुगौली थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव का है। यहां एक महिला का अपने पड़ोसियों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। महिला अपने घर के सामने से अतिक्रमण हटवाने और जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए सुगौली थाने के दरोगा शैलेश कुमार से मदद मांग रही थी। इसी सिलसिले में दोनों के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसका कथित ऑडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
20 हजार रुपये मांगने का आरोप
वायरल ऑडियो में दरोगा महिला से केस दर्ज नहीं करने और उसके पक्ष में कार्रवाई करने के बदले 20 हजार रुपये मांगते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान महिला पहले दिए गए पैसों की याद दिलाती है। इस पर दरोगा कथित तौर पर एक हजार रुपये लेने की बात स्वीकार करते सुनाई देते हैं। महिला दो बार में एक हजार और तीन हजार रुपये देने की बात भी कहती है।
महिला को एक रात के लिए मिलने बुलाने का आरोप
कथित ऑडियो में दरोगा महिला से आपत्तिजनक बातें करते और उसे एक रात के लिए मिलने बुलाते सुनाई दे रहे हैं। बातचीत में महिला सुबह आने की बात कहती है। वहीं, दरोगा उससे कहते सुनाई देते हैं कि पहले उनका काम कर दे, इसके बाद वे उसका काम कर देंगे। इस बातचीत के सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।
जेडीयू प्रखंड अध्यक्ष ने अधिकारियों से की शिकायत
मामला सामने आने के बाद सुगौली प्रखंड जदयू अध्यक्ष अरविंद कुमार कुशवाहा ने ऑडियो वायरल होते ही पत्र लिखकर मोतिहारी जिलाधिकारी शिवम और पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को पत्र लिखकर शिकायत की। उन्होंने वायरल ऑडियो की जांच कराने और संबंधित दरोगा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही महिला की जमीन से जुड़े अतिक्रमण के मामले का निष्पादन कराने की भी अपील की।
SP ने दरोगा को किया निलंबित
मामले में मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कार्रवाई की है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि सुगौली में पदस्थापित दरोगा शैलेश कुमार द्वारा पीड़िता से पैसे मांगने और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने से संबंधित वायरल ऑडियो की जांच कराई गई थी। इसके बाद दरोगा को दो दिन पहले ही निलंबित किया जा चुका है।
मोतिहारी से अरविन्द कुमार की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें-
SOURCE : INDIATV NEWS



