Home Latest news ताज़ा खबर शरद को पहले थमाए पैसे, वीडियो बनते ही छीन लिए वापस, दोस्त...

शरद को पहले थमाए पैसे, वीडियो बनते ही छीन लिए वापस, दोस्त ने की अपील, ‘जोश’ एक्टर बोले- अब किसी से नहीं मिलूंगा

4
0

Source :- INDIATV NEWS

बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर पिछले कुछ दिनों से अपनी खराब हालत और आर्थिक परेशानियों को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर उनके कुछ वीडियो सामने आए थे, जिनमें अभिनेता बेहद मुश्किल स्थिति में नजर आए। इसके बाद बेजुबान ट्रस्ट ने उन्हें रेस्क्यू किया और शरद ने फिल्म इंडस्ट्री से काम और आर्थिक मदद की अपील की। अभिनेता की दोस्त हेमा चौधरी भी लगातार उनकी स्थिति से जुड़े अपडेट साझा कर रही हैं और फिलहाल उनकी देखभाल कर रही हैं। इस बीच कुछ लोग शरद की मदद के नाम पर सोशल मीडिया पर अपनी लोकप्रियता बढ़ाने में जुट गए हैं। हेमा ने ऐसे लोगों पर नाराजगी जाहिर करते हुए आरोप लगाया है कि कई इंफ्लुएंसर्स अभिनेता की परेशानी का फायदा उठाकर फर्जी वीडियो बना रहे हैं। खुद शरद कपूर ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है।

मदद के नाम पर शरद कपूर का बनाया जा रहा मजाक

सोमवार को बेजुबान ट्रस्ट चलाने वाली हेमा चौधरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने बताया कि वह शरद से मिलकर लौटी हैं और उनकी हालत अभी भी ठीक नहीं है। हेमा के मुताबिक अभिनेता फिलहाल लंबे समय तक बात करने की स्थिति में नहीं हैं। वह कुछ कहना चाहते हैं, लेकिन कई बार उनके मुंह से दूसरी बात निकल जाती है। उन्होंने कहा कि शरद की मदद के लिए ही उनका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया था, ताकि फिल्म इंडस्ट्री के लोग उनकी परेशानी जान सकें और आगे आएं। हेमा ने बताया कि शरद को बेहद खराब स्थिति में रेस्क्यू किया गया था। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग उनसे मिलने जरूर पहुंचे, लेकिन अब तक उनकी मदद के लिए कोई ठोस कदम सामने नहीं आया है। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरी प्रक्रिया को अभी केवल तीन दिन हुए हैं और मदद मिलने में समय लग सकता है।

लंच के बहाने ले गए, फिर कैश देकर बनवाया वीडियो

हेमा ने कुछ लोगों के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति शरद को लंच के बहाने अपने साथ ले गया और उनसे यह कहलवाया कि अगर किसी को एक्टिंग में काम चाहिए तो वह एक गुरुजी के जरिए मदद कर सकते हैं। हेमा ने सवाल उठाया कि जब शरद खुद काम और आर्थिक सहायता की जरूरत में हैं, तो वह दूसरों को कैसे काम दिला सकते हैं। उनका कहना था कि पहले अभिनेता को आत्मनिर्भर बनने और अपनी जिंदगी संभालने का मौका दिया जाना चाहिए। उन्होंने एक अन्य व्यक्ति पर भी आरोप लगाया कि उसने शरद को कुछ पैसे दिए और फिर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर यह दिखाया कि वह उनकी मदद कर रहा है। हेमा के मुताबिक वीडियो रिकॉर्ड होने के बाद उस व्यक्ति ने पैसे वापस ले लिए। जब उन्होंने शरद से इस बारे में पूछा तो अभिनेता ने बताया कि वह उस शख्स को जानते तक नहीं थे और उन्हें समझ नहीं आया कि उनके साथ क्या हो रहा है। हेमा ने कहा कि शरद मानसिक रूप से परेशान हैं और ट्रॉमा से गुजर रहे हैं। ऐसे समय में उनसे वीडियो बनवाना, सवाल पूछना और उनकी स्थिति को सोशल मीडिया कंटेंट में बदलना गलत है। उन्होंने यह भी बताया कि अभिनेता को मेडिकल सहायता की जरूरत है और इसके लिए इंतजाम किए जा रहे हैं।

शरद कपूर ने कहा- अब किसी से नहीं मिलूंगा

हेमा ने अपने पोस्ट में शरद का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें अभिनेता ने खुद इस पूरे मामले पर बात की। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री, अपने प्रशंसकों और बेजुबान शेल्टर्स का आभार जताया। शरद ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके हाथ में नकदी दिखाकर कई गलत बातें पेश की जा रही हैं। उन्हें यह तक समझ नहीं आया कि कौन व्यक्ति क्या कर रहा है। उनसे केवल पैसे पकड़ने के लिए कहा गया था। अभिनेता ने इस व्यवहार को अपमानजनक बताते हुए कहा कि अब वह किसी से नहीं मिलेंगे। अगर कोई उनसे मिलने आएगा तो वह हाथ जोड़कर अभिवादन करेंगे। उन्हें किसी तरह की मदद की जरूरत होगी तो लोग सीधे हेमा चौधरी या उनसे संपर्क कर सकते हैं। हेमा ने लोगों को आगाह करते हुए यह भी स्पष्ट किया कि शरद कपूर के नाम से चल रहे सोशल मीडिया अकाउंट्स से उनका कोई संबंध नहीं है। उनके मुताबिक ये सभी अकाउंट फर्जी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी अकाउंट पर भरोसा न करें और न ही किसी के कहने पर पैसे दान करें।

सोनू सूद और सलमान खान ने बढ़ाया मदद का हाथ

इस बीच फिल्म इंडस्ट्री से शरद कपूर की मदद के लिए कुछ कलाकार आगे आए हैं। बेजुबान ट्रस्ट ने सोनू सूद का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह अभिनेता को मेडिकल सहायता दिलाने में मदद करते दिखाई दिए। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने भी सोनू सूद की पहल की सराहना की। संगठन ने बताया कि सोनू ने शरद को बॉलीवुड में काम देने की पेशकश की है। वहीं सलमान खान ने भी अपने ‘जय हो’ के को-स्टार की आर्थिक मदद करने की बात कही है। AICWA ने दोनों अभिनेताओं का आभार जताया। इससे पहले शरद ने एक वीडियो के जरिए फिल्म इंडस्ट्री से आर्थिक, मानसिक और भावनात्मक सहयोग मांगा था। अभिनेत्री जया भट्टाचार्य भी उनसे मिलने पहुंची थीं। उनके साथ साझा किए गए वीडियो में शरद ने CINTAA से काम दिलाने और समर्थन देने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि वह दोबारा काम शुरू करना चाहते हैं और उन्हें केवल नैतिक समर्थन की भी जरूरत है।

‘जोश’ से मिली थी पहचान

शरद कपूर ने साल 1994 में फिल्म ‘मेरा प्यारा भारत’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद वह महेश भट्ट के शो ‘स्वाभिमान’ और फिल्म ‘दस्तक’ में नजर आए। साल 2000 में आई शाहरुख खान की फिल्म ‘जोश’ में उनके काम को काफी सराहना मिली थी। इसके अलावा उन्होंने ‘लक्ष्य’, ‘वांटेड’, ‘जय हो’ और ‘ये है जलवा’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय किया। उनकी आखिरी ऑन-स्क्रीन उपस्थिति साल 2019 में रिलीज हुई ZEE5 की फिल्म ‘कैबरे’ में थी। अब अभिनेता एक बार फिर काम पर लौटना चाहते हैं, लेकिन फिलहाल उनकी प्राथमिकता स्वास्थ्य और मुश्किल हालात से उबरना है।

ये भी पढ़ें: साले की शाही शादी में जहीर खान बने रॉयल जीजा, पिंक साफे में लूटी महफिल, सागरिका ने उतारी भाई की आरती, नन्हे फतेहसिंह भी छाए

Latest Bollywood News

SOURCE : INDIATV NEWS