Source :- LIVE HINDUSTAN
मार्केट में भटूरे के साथ मिलने वाले छोले रंगत में काले और स्वाद में मसालेदार होते हैं। बहुत से लोग इस स्वाद के छोले घर पर बनाकर कई बार ट्राई कर चुके होंगे लेकिन टेस्ट सही नहीं आया तो एक बार यहां बताई रेसिपी ट्राई करें।
छोले-भटूरे एक ऐसी डिश है जिसे नॉर्थ इंडिया में लोग खूब चाव से खाते हैं। दिल्ली-एनसीआर में तो छोले-भटूरे आपको हर गली नुक्कड़ पर मिल जाएंगे। बाजार में भटूरे के साथ मिलने वाले छोले स्वाद में तो मसालेदार-चटपटे होते ही हैं। लेकिन इनकी रंगत भी काफी अलग होती ही। बाजार में भटूरे के साथ मिलने वाले काले छोले घर पर बनाने के लिए यहां देखिए रेसिपी-
भटूरे के साथ काले छोले बनाने की सामग्री
गरम मसाला पोटली के लिए
-2 बड़े चम्मच चाय पत्ती
– 2 बड़े चम्मच सूखा आंवला
– आधा इंच दालचीनी
– 2 बड़े चम्मच सौंफ
– 4–5 लौंग
– 5–7 साबुत काली मिर्च
– 1 स्टार अनीस (चक्र फूल)
– 2 बड़ी इलायची
– 4–5 हरी इलायची
– मलमल का कपड़ा
छोले के लिए
– 300–400 ग्राम रात भर भिगोए हुए काबुली/पिंडी चने
– 5–6 गिलास पानी
– 1 बड़ा चम्मच देसी घी
– 2 तेजपत्ते
छोले मसाला
– 3 बड़े चम्मच अनारदाना पाउडर
– 3 बड़े चम्मच धनिया पाउडर
– 1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
– आधा बड़ा चम्मच हल्दी पाउडर
– 1 बड़ा चम्मच अमचूर पाउडर
– 1 बड़ा चम्मच काला नमक
– 1 बड़ा चम्मच नमक
– 2 बड़े चम्मच कसूरी मेथी
तड़के के लिए
– 3–4 बड़े चम्मच तेल
– 1 बड़ा चम्मच जीरा
– 1 बड़ा चम्मच अजवाइन
– 2 बड़े चम्मच अदरक के लच्छे (बारीक कटे हुए)
– 3 बीच से कटी हुई हरी मिर्च
– 1 बड़ा चम्मच बेसन
– आधा कटोरी पालक का पेस्ट
-1 बड़ा चम्मच देगी लाल मिर्च पाउडर
– 1 कटोरी टमाटर की प्यूरी
– स्वादानुसार नमक
भटूरे के साथ काले छोले बनाने की विधि
- सबसे पहले एक पोटली तैयार करें। इसके लिए सभी चीजों को मलमल के कपड़े में बांध लें
- अब भिगोए हुए छोले को पानी, पोटली, देसी घी और तेजपत्ते के साथ प्रेशर कुकर में 5 से 6 सीटी आने तक पकाएं।
- जब तक छोले उबल रहे हैं तब तक छोले मसाले की सभी चीजों को एक कटोरे में मिला लें।
- उबले छोले में से पोटली और तेजपत्ते निकाल दें। फिर छोलों को छान लें और इसके पानी को अलग रख लें। इन छने हुए छोलों पर तैयार मसाला डालें और अच्छी तरह मिला दें।
- अब लोहे की कड़ाही में तेल गरम करें। इसमें जीरा, अजवाइन, अदरक और हरी मिर्च डालकर अच्छी तरह से भूनें। फिर इसमें बेसन, पालक का पेस्ट, देगी मिर्च, टमाटर की प्यूरी और नमक डालें और मसाला तैयार होने तक पकाएं।
- जब तरी में तेल ऊपर दिखाई देने लगे तब मसाले लगे छोले डालें। इसका गाढ़ापन ठीक करने के लिए छोले को छानकर निकला हुआ पानी डालें और 8 से 10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
- अच्छी तरह से पकने के बाद कटे हुए धनिए, अदरक के लच्छे और कसूरी मेथी से सजाएं। भटूरे या कुलचे के साथ गरमा-गरम परोसें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




