Home rss world hindi रूस की जंग में किम जोंग उन की एंट्री? 50000 उत्तर कोरियाई...

रूस की जंग में किम जोंग उन की एंट्री? 50000 उत्तर कोरियाई सैनिकों की तैनाती

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Russia Ukraine War: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने शनिवार को कहा है कि रूस में उत्तर कोरिया के 30 हजार से 50 हजार सैनिक तैनात करने का फैसला किया गया है। उनके इस दावे के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है।

रूस संग जारी युद्ध के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बड़ा दावा किया है। उनके अनुसार, रूस में उत्तर कोरिया के 30 हजार से 50 हजार सैनिक तैनात करने का फैसला किया गया है। उन्होंने दक्षिण कोरिया से एयर डिफेंस सिस्टम के लिए सहयोग बढ़ाने की अपील भी की है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि रूस के इलाके में 30000 से 50000 उत्तर कोरियाई लोगों को तैनात करने का फैसला किया गया है। यह अनुमान जुलाई में उनके द्वारा दिए गए 30000 के आंकड़े से अधिक है। उन्होंने यह जानकारी कहां से मिली, इसकी कोई जानकारी नहीं दी।

उन्होंने आगे कहा कि कीव को यूक्रेन के इलाके में कुछ उत्तर कोरियाई मिसाइलें मिली हैं, लेकिन उनकी लोकेशन का खुलासा नहीं किया। जेलेंस्की के अनुसार, यह बिल्कुल साफ है कि उत्तर कोरिया आधुनिक युद्ध में अपना अनुभव बनाना जारी रखेगा, रूस से लाइसेंस लेगा और उनसे सभी तरह के सैन्य उपकरण हासिल करेगा। दक्षिण कोरिया से सहयोग बढ़ाने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि यूक्रेन ‘उस क्षेत्र में सहयोग चाहता है जहां हमारे पास कमी है’, विशेष रूप से एयर डिफेंस सिस्टम का जिक्र करते हुए। उन्होंने बताया कि हम ड्रोन डील और अन्य क्षेत्रों में भी काम करने के लिए तैयार हैं।

रूस और उत्तर कोरिया के बीच क्या समझौता?

बता दें कि जून 2024 में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के प्योंगयांग दौरे के दौरान रूस और उत्तर कोरिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी संधि पर हस्ताक्षर हुए थे। इसमें प्रावधान है कि किसी भी देश पर बाहरी हमला होने पर दोनों एक-दूसरे की मदद करेंगे। उत्तर कोरिया ने अपनी सैनिक तैनाती को संधि के तहत सहयोग बताया है। 2024 में उत्तर कोरिया ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में करीब 14000 सैनिक भेजे थे, जिससे मॉस्को को यूक्रेनी सेना के हमलों को रोकने में मदद मिली। रॉयटर्स के अनुसार, इस महीने यूक्रेन की सैन्य खुफिया के एक अधिकारी ने बताया कि उत्तर कोरिया की एक मिसाइल यूनिट पश्चिमी रूस में तैनाती शुरू कर चुकी है। इसमें 120 बैलिस्टिक मिसाइलें और छह लॉन्चर शामिल हो सकते हैं।

गौरतलब है कि यूक्रेन में उच्च स्तरीय एयर डिफेंस सिस्टम की भारी कमी है। रूस ने अधिक बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल करके इसका फायदा उठाने की कोशिश की है, जिन्हें मार गिराना मुश्किल होता है। यूक्रेनी और स्वतंत्र आकलनों के अनुसार, उत्तर कोरिया ने रूस को लाखों आर्टिलरी और मोर्टार राउंड, बैलिस्टिक मिसाइलें, लंबी दूरी की आर्टिलरी और मल्टीपल-लॉन्च रॉकेट सिस्टम की आपूर्ति की है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN