Home LIFESTYLE NEWS HINDI हलवाई जैसे खिले-खिले मटर पुलाव कैसे बनाएं? जानें पानी की सही मात्रा...

हलवाई जैसे खिले-खिले मटर पुलाव कैसे बनाएं? जानें पानी की सही मात्रा और रेसिपी

8
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

त्योहारों पर मेहमानों के लिए आप हलवाई जैसे मटर पुलाव बनाकर तैयार कर सकते हैं। इन्हें बनाने से जुड़ी कुछ टिप्स, पानी की सही मात्रा और पूरी रेसिपी यहां हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं। इसे फॉलो कर के आप पहली ही बार में एकदम परफेक्ट मटर पुलाव बना सकते हैं।

त्योहारों का सीजन शुरू हो गया है। ऐसे में घर में कुछ ना कुछ खास तो बनता ही रहेगा। अगर आप मेहमानों के लिए कुछ स्पेशल बनाने की सोच रहे हैं, तो मटर वाले सफेद पुलाव एक अच्छा ऑप्शन हो सकते हैं। पनीर, छोले या किसी भी ग्रेवी के साथ सर्व करने के लिए ये शाही पुलाव एक बेहतरीन विकल्प हैं। खिले-खिले पुलाव की खुशबू और स्वाद इतना जबरदस्त होता है कि खा कर मजा ही आ जाता है। हालांकि अक्सर लोग घर पर इन्हें बनाते हुए कुछ गलतियां कर देते हैं, जिस वजह से पुलाव खिले-खिले नहीं बनते और ना ही इनमें वो स्वाद आ पाता है। ऐसे में अगर परफेक्ट मटर वाले पुलाव बनाने हैं, तो ये रेसिपी आप नोट कर के रख सकते हैं।

मटर वाले सफेद पुलाव बनाने के लिए सामग्री

खिले-खिले शाही सफेद पुलाव बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- बासमती चावल (डेढ़ कप), देसी घी (2 चम्मच), तेज पत्ता (1), हरी इलायची (4), बड़ी इलायची (1), दालचीनी का टुकड़ा (1 इंच), लौंग (3), काली मिर्च (10-12), जीरा (आधा चम्मच), काजू (1/3 कप), कद्दूकस किया हुआ अदरक (1 चम्मच), हरी मिर्च (3-4), हरी मटर (1 कप), नमक (स्वादानुसार), गरम मसाला (आधा चम्मच), पानी (ढाई कप), नींबू का रस, ताजा धनिया पत्ता (गार्निशिंग के लिए)।

शाही मटर पुलाव बनाने की विधि

स्टेप 1- चावल भिगोकर रखें

पुलाव बनाने के लिए सबसे पहले लंबे दाने वाले बासमती चावल को अच्छे से 2-3 बार साफ पानी से धो लें। अब इन्हें लगभग 20 मिनट के लिए भिगोकर रख दें, ताकि ये अच्छे से फूल जाएं। फिर इन्हें छानकर सारा पानी निकाल दें और चावल अलग निकालकर रख दें।

स्टेप 2- घी में भूनें खड़े मसाले

एक पैन में थोड़ा सा देसी घी गर्म करें। इसमें कुछ खड़े मसाले मिलाएं जैसे तेजपत्ता, हरी इलायची, बड़ी इलायची, दालचीनी का टुकड़ा, लौंग और साबुत काली मिर्च। साथ में जीरा एड करें और इन्हें खुशबुदार होने तक भून लें। पुलाव को शाही बनाने के लिए आप इसमें काजू भी मिला सकते हैं। इन्हें भी कुछ देर के लिए भून लें, जबतक इनका रंग ना बदल जाए।

स्टेप 3- हरी मटर मिलाएं

काजू मिलाने के बाद कद्दूकस किया हुआ अदरक और कटी हुई हरी मिर्च एड करें। इनका कच्चापन निकलने तक पका लें। फिर ताजी हरी मटर एड करें और लगभग 1 मिनट के लिए चलाते हुए अच्छे से भून लें।

स्टेप 4- बासमती चावल डालकर पकाएं

अब पैन में भिगोकर रखे हुए चावल डालें। हल्के हाथों से सभी चीजों को आपस में मिक्स करें। इसके बाद स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा गरम मसाला मिलाकर एक मिनट के लिए भून लें। अब चावल में पानी मिलाएं। साथ ही थोड़ा सा नींबू का रस एड करें और ढककर पानी सूखने तक पकने दें।

टिप- चावल में कितना पानी डालना है?

पुलाव बनाते हुए पानी की मात्रा दोगुनी रखनी है। यानी अगर आप डेढ़ कप बासमती चावल ले रहे हैं, तो पानी की मात्रा लगभग ढाई कप रखें।

स्टेप 5- धनिया पत्ता से करें गार्निशिंग

पानी सूखने के बाद पुलाव को हल्के हाथों से मिक्स कर लें। ऊपर से कटा हुआ ताजा हरा धनिया पत्ता डालकर गार्निशिंग करें। खिले-खिले परफेक्ट सफेद पुलाव बनकर तैयार हैं। इन्हें गरमा-गरम सर्व करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN