Home Latest news ताज़ा खबर अराजक, अपरिपक्व-राष्ट्रविरोधी, BJP ने राहुल पर बोला हमला, कहा- देश के लिए...

अराजक, अपरिपक्व-राष्ट्रविरोधी, BJP ने राहुल पर बोला हमला, कहा- देश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण, उनका नेता प्रतिपक्ष होना

3
0

Source :- INDIATV NEWS

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने हैदराबाद में आयोजित भारत शिखर सम्मेलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना की। उन पर ”भारत विरोधी ताकतों” को मंच मुहैया कराने तथा देश को बदनाम करने एवं अस्थिरता पैदा करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने राहुल गांधी को अराजक, अपरिपक्व और राष्ट्रविरोधी तक कह दिया। साथ ही कहा कि राहुल गांधी को नेता प्रतिपक्ष होना दुर्भाग्य की बात है।

“भारत विरोधी शिखर सम्मेलन” कहना ज्यादा उचित-BJP

भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बीजेपी के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि 14 नवंबर को आयोजित शिखर सम्मेलन को विपक्ष के नेता द्वारा आयोजित ”भारत विरोधी शिखर सम्मेलन” कहना ज्यादा उचित होगा। उन्होंने कहा, ”राहुल गांधी भारत विरोधी ताकतों को एकजुट करने में लगे हुए हैं। शायद ही कोई ऐसा मंच हो जहां वह भारत को बदनाम करने, अराजकता फैलाने और देश में अस्थिरता लाने की साजिश न रचते हों।” 

भारतीय जनादेश का मजाक

इतालवी नेता एवं ‘पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट’ के महासचिव गियाकोमो फिलिबेक की शिखर सम्मेलन में भागीदारी का जिक्र करते हुए भाटिया ने कहा कि उन्हें मंच प्रदान किया गया, जहां से उन्होंने ”वोट चोर, गद्दी छोड़” का नारा लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत में इसी तरह के बयान देते हैं। वहीं, अब एक विदेशी नागरिक भारतीय मंच से भारतीय जनादेश का मजाक उड़ा रहा है।

नेता प्रतिपक्ष होना देश के लिए दुर्भाग्य की बात

उन्होंने राहुल गांधी की आलोचना करते हुए उन्हें ”अराजक, अपरिपक्व, अंशकालिक और राष्ट्रविरोधी” नेता प्रतिपक्ष बताया और कहा कि उनका इस पद पर होना देश के लिए दुर्भाग्य की बात है। भाटिया ने यह भी आरोप लगाया कि गांधी ने फिलिबेक की टिप्पणियों पर आपत्ति नहीं जताई और न ही उन्हें यह याद दिलाया कि भारत के आंतरिक मामलों पर विदेशियों को चर्चा नहीं करनी चाहिए। 

ताली और मुस्कुराते नजर आए राहुल गांधी

उन्होंने दावा किया कि इसके बजाय, टिप्पणियों के दौरान राहुल गांधी ताली बजाते और मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने सवाल किया, ”जब भारतीय नागरिकों ने यह वीडियो देखा, तो उन्हें गहरी पीड़ा और शर्मिंदगी महसूस हुई। भारत की संप्रभुता और लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी टिप्पणियों पर नेता प्रतिपक्ष ताली कैसे बजा सकते हैं, हंस कैसे सकते हैं और खुश कैसे नजर आ सकते हैं?” 

चुनाव हार ने राहुल गांधी को किया निराश

बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता की भावनाओं को बखूबी व्यक्त करते हुए कहा कि राहुल गांधी की बार-बार चुनावी हार ने उन्हें निराश कर दिया है। उन्होंने कहा, ”राहुल, बार-बार चुनाव हारने के बाद नरेंद्र मोदी के प्रति नफरत की लहर में बह रहे हैं। उन्होंने अपनी पार्टी को 99 चुनावों में हार दिलाई है। यही उनकी निराशा है।”  (भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

राहुल गांधी के सामने इटली के नेता ने लगाए ‘वोट चोर, गद्दी छोड़ के नारे’, कहा- ‘भारत में लोकतंत्र पर हो रहा हमला’

SOURCE : INDIATV NEWS