Home rss business hindi इस कंपनी को UAE में मिला 4000 करोड़ रुपये से अधिक का...

इस कंपनी को UAE में मिला 4000 करोड़ रुपये से अधिक का काम, शेयरों का दाम 5 साल में 247% बढ़ा

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Kalpataru Projects International: कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड (केपीआईएल) को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की गैस पाइपलाइन परियोजना मिली है। कंपनी ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसे गैस पाइपलाइन परियोजना के इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) के लिए आशय पत्र (एलओए) मिला है। बता दें, सोमवार को स्टॉक बीएसई में 0.89 प्रतिशत की गिरावट के बाद 1378.70 रुपये के स्तर पर बंद हुआ है। इससे पहले दिन में कंपनी के शेयर 1426.50 रुपये के इंट्रा-डे हाई तक पहुंच गए थे।

कंपनी के शेयरों का प्रदर्शन कैसा रहा है? (Kalpataru Projects International Share performance)

पिछले 6 महीने के दौरान कल्पतरू के शेयरों की कीमतों में 28 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। इस दौरान सेंसेक्स इंडेक्स में 1.10 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। वहीं, एक साल में इस स्टॉक ने पोजीशनल निवेशकों को 11 प्रतिशत का रिटर्न दिया है।

पिछले 3 साल में कल्पतरु प्रोजेक्ट्स के शेयरों का दाम 119 प्रतिशत बढ़ा है। वहीं, 5 साल में स्टॉक ने 247 प्रतिशत तक का रिटर्न दिया है। 10 साल की बात करें तो इस दौरान शेयरों का दाम 419 प्रतिशत बढ़ चुका है।

क्या अब खरीदना रहेगा सही? (Kalpataru Projects International target price)

एसबीआई सिक्योरिटीज से जुड़े सुदीप शाह कहते हैं कंपनी का शेयर 1346 से 1461 रुपये के रेंज में बना हुआ है। एक्सपर्ट्स के अनुसार शेयर को 1350 रुपये से 1340 रुपये के तत्कालिक सपोर्ट दिखाई दे रहा है। अगर कंपनी के शेयर इससे नीचे जाते हैं तो स्टॉक पर बिक्री का दबाव बढ़ेगा।

लगातार डिविडेंड भी देती आ रही है कंपनी

इस कंपनी ने निवेशकों को लगातार डिविडेंड भी दिया है। कंपनी के शेयर आखिरी बार 29 जून को एक्स-डिविडेंड ट्रेड किए थे। तब कंपनी की तरफ से हर एक शेयर पर 11 रुपये का डिविडेंड बांटा गया था। पिछले साल कंपनी ने हर एक शेयर पर 9 रुपये का डिविडेंड दिया था।

कल्पतरु प्रोजेक्ट्स इंटरनेशनल लिमिटेड के एमडी ने क्या कहा?

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मनीष मोहनोत ने कहा, ‘यह उपलब्धि हमारी तकनीकी विशेषज्ञता, परिचालन उत्कृष्टता और वैश्विक स्तर पर कारोबार बढ़ाने की क्षमता का मजबूत प्रमाण है।’ केपीआईएल तेल एवं गैस, बिजली और बुनियादी ढांचा क्षेत्रों में प्रमुख ईपीसी कंपनी है।

(भाषा के इनपुट के साथ)

(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें। यहां प्रस्तुत एक्सपर्ट्स के विचार निजी हैं। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN