Source :- INDIATV NEWS

आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी और सांसदी से अपने इस्तीफे की घोषणा की है। उन्होंने बडगाम के ज़हरा पार्क में अपने पिता की पुण्यतिथि पर आयोजित एक बड़ी जनसभा को संबोधित करते हुए यह घोषणा की। बडगाम से 3 बार विधायक रहे और नेशनल कॉन्फ्रेंस के युवा नेता लोकसभा सांसद रुहुल्लाह मेहदी ने नेशनल कॉन्फ्रेंस और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर 2024 के चुनावी घोषणापत्र को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने विशेष रूप से अनुच्छेद 370 और 35A के मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा कि उमर ने भाजपा के सामने घुटने टेक दिए हैं।
रुहुल्लाह ने कहा, “यह एक मुश्किल काम है, लेकिन मैं इसे करना चाहता हूं। मैं यह ज़िम्मेदारी उठाना चाहता हूँ क्योंकि मेरी नजर में, यही एकमात्र समाधान है।”
घर से रैली स्थल तक लगाए गए बड़े-बड़े बैनर
आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी के घर से लेकर रैली स्थल तक लगाए गए दो बड़े बैनर उस संदेश को दर्शाते हैं जो वे लोगों तक पहुँचाना चाहते हैं। इन पर लिखा है: उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने कहा, “वादे कुर्सियों से कहीं बड़े होते हैं।” और, “चरित्र की राजनीति, सिद्धांतों की राजनीति।”
उमर अब्दुल्ला पर कसा तंज
“जिन लोगों ने अपनी टोपियाँ उतारकर मतदाताओं के चरणों में रखकर कुर्सी हासिल की है। उन्हें यहां आना चाहिए और देखना चाहिए कि सच्चे सम्मान और प्यार का क्या अर्थ होता है।” “जिस कुर्सी पर वे बैठे हैं, उसमें भले ही सत्ता हो, लेकिन उसके लिए कोई सम्मान नहीं है।”
खुद कुर्सी ठुकरा रहे और हम खुश हैं
“मैं अपना सिर केवल सर्वशक्तिमान अल्लाह के सामने झुकाता हूं और अपनी टोपी व पगड़ी भी उन्हीं के चरणों में रखता हूं। मेरी प्रार्थना है कि मुझे कभी किसी और के सामने इन्हें न झुकाना पड़े।” “आप अभी जिस कुर्सी पर बैठे हैं, वह आपके और हमारे, दोनों के लिए दुख का कारण है।” “आमतौर पर लोग कुर्सी छिन जाने पर दुखी होते हैं, लेकिन यहां हम खुद ही कुर्सी को ठुकरा रहे हैं, और हम खुश हैं।”
जानिए कौन हैं आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी?
बता दें कि आगा सैयद रुहुल्लाह मेहदी ने साल 2002 में बडगाम विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीता था। तीन बार विधायक चुने गए। साल 2009 से 2014 तक उमर अब्दुल्ला सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी काम किया। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने श्रीनगर सीट से जीत दर्ज की और पहली बार सांसद भी बने।
ये भी पढ़ें:
दिवाली से पहले कश्मीरी पंडितों को बड़ा तोहफा, PM पैकेज के तहत 936 फ्लैटों की सौंपी गई चाबियां
SOURCE : INDIATV NEWS




