Home LIFESTYLE NEWS HINDI कब्ज से परेशान है बच्चा? पेट साफ करने में मदद करेंगे ये...

कब्ज से परेशान है बच्चा? पेट साफ करने में मदद करेंगे ये तरीके

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

छोटे बच्चों को कब्ज होना काफी आम है। ऐसे में बच्चा पॉटी करते समय जोर लगा सकता है, दर्द की वजह से रो सकता है या कई बार पॉटी रोकने लगता है। कुछ आसान आदतें इसमें मदद कर सकती हैं।

छोटे बच्चे को कब्ज हो जाए तो माता-पिता भी परेशान हो जाते हैं। बच्चा पॉटी करने के लिए जोर लगाता है, पॉटी सख्त होती है या पेट दर्द की शिकायत करता है। कई बार पॉटी करते समय दर्द होने की वजह से बच्चा अगली बार पॉटी रोकने भी लगता है। इससे कब्ज और बढ़ सकती है। कब्ज की वजहें कई हो सकती हैं। बच्चा कम पानी पी रहा हो, खाने में फल और सब्जियां कम हों या फिर वह पॉटी रोकने लगा हो, तो भी परेशानी हो सकती है। ऐसे में बच्चे के खाने-पीने पर थोड़ा ध्यान देना जरूरी है।

1. भीगी हुई काली किशमिश दे सकते हैं

काली किशमिश में फाइबर होता है, जो पेट साफ रखने में मदद कर सकता है। अगर बच्चा किशमिश अच्छी तरह चबा सकता है, तो थोड़ी सी किशमिश रातभर पानी में भिगोकर सुबह नरम होने पर दे सकते हैं। लेकिन बच्चे की उम्र का ध्यान रखना जरूरी है। बहुत छोटे बच्चे को साबुत किशमिश देने से बचें, क्योंकि यह गले में अटक सकती है। बच्चे की उम्र के हिसाब से कितनी किशमिश देनी है, इसके लिए डॉक्टर से पूछ सकते हैं।

2. जीरा-सौंफ का पानी सोच-समझकर दें

जीरा और सौंफ का पानी घरों में पेट की कई परेशानियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है। कुछ लोग इसे बच्चों की कब्ज में भी देते हैं। लेकिन बच्चों की कब्ज ठीक करने में यह कितना काम करता है, इसे लेकर पक्के सबूत नहीं हैं। खासकर बहुत छोटे बच्चे को ऐसा कोई घरेलू पेय देने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

3. बच्चे को पानी पिलाते रहें

बच्चा दिनभर में पर्याप्त पानी पी रहा है या नहीं, इस पर भी ध्यान दें। पानी कम पीने पर पॉटी सख्त हो सकती है और बच्चे को पॉटी करने में परेशानी हो सकती है। बच्चे को एक साथ बहुत सारा पानी पिलाने के बजाय दिनभर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी देते रहें।

4. खाने में फल और सब्जियां बढ़ाएं

बच्चे के खाने में फाइबर से भरपूर फल और सब्जियां जरूर शामिल करें। अगर बच्चा फल और सब्जियां खाने में आनाकानी करता है, तो उसकी पसंद की चीजों के साथ इन्हें थोड़ा-थोड़ा देकर खिलाएं। धीरे-धीरे इन चीजों की आदत डालना ज्यादा आसान रहेगा।

5. पॉटी रोकने ना दें

कई बच्चों को पॉटी करते समय दर्द होता है। इसके बाद वे अगली बार पॉटी रोकने लगते हैं। इससे पॉटी और सख्त हो सकती है और कब्ज बढ़ सकती है। अगर बच्चा पॉटी आने पर रोकता है, तो उसे प्यार से समझाएं लेकिन डांटें या जबरदस्ती ना करें।

कब डॉक्टर को दिखाना चाहिए?

अगर बच्चे को बार-बार कब्ज होती है या पॉटी करते समय बहुत दर्द होता है, तो डॉक्टर से बात करें। पेट में लगातार दर्द, उल्टी, पेट बहुत ज्यादा फूलना या पॉटी में खून दिखना जैसी दिक्कत हो तो इसे इग्नोर ना करें। इसके अलावा हर बच्चे का शरीर अलग होता है। इसलिए किसी दूसरे बच्चे को फायदा पहुंचाने वाला घरेलू नुस्खा आपके बच्चे के लिए भी सही होगा, यह जरूरी नहीं है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN