Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- सिक्किम सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए DA और DR में बढ़ोतरी की है
- प्री-रिवाइज्ड पे स्ट्रक्चर के तहत DA और DR को 257% से बढ़ाकर 262% किया गया है, जबकि रिवाइज्ड पे स्ट्रक्चर वालों के लिए दर 58% से बढ़कर 60% हो गई है
सिक्किम सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत देते हुए DA (Dearness Allowance) और DR (Dearness Relief) में बढ़ोतरी की है। सरकार की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, नई दरें 1 जनवरी से प्रभावी मानी जाएंगी। इस फैसले से राज्य के हजारों कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ी हुई DA और DR का लाभ मिलेगा। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, सिक्किम में करीब 50,000 कर्मचारी और पेंशनर्स इस बदलाव से प्रभावित होंगे। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
DA और DR की नई दरें क्या हैं?
प्री-रिवाइज्ड बेसिक पे स्ट्रक्चर (Pre-revised Basic Pay Structure) के तहत वेतन या पेंशन पाने वालों के लिए DA और DR को 257% से बढ़ाकर 262% कर दिया गया है। वहीं, रिवाइज्ड बेसिक पे स्ट्रक्चर (Revised Basic Pay Structure) के तहत आने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए यह दर 58% से बढ़कर 60% हो गई है, यानी संबंधित कैटेगिरी में आने वाले लोगों के लिए DA और DR में 2 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई है।
किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा?
यह संशोधन केवल नियमित सरकारी कर्मचारियों तक सीमित नहीं है। रिवाइज्ड पे (Revised Pay) के तहत राज्य सरकार के रेगुलर स्केल्स (Regular Scales) में वेतन पाने वाले कॉन्ट्रैक्चुअल एम्पलायी (Contractual Employees) और वर्क-चार्ज्ड एस्टिबलिशमेंट (Work-Charged Establishments) के कर्मचारियों पर भी नई DA दर लागू होगी। इसके अलावा सिक्किम में तैनात AIS (All India Service) ऑफिसर को भी इस बदलाव के दायरे में रखा गया है।
AIS ऑफिसर के लिए भी बढ़ा DA
सिक्किम में काम कर रहे AIS ऑफिसर के लिए भी अलग-अलग पे स्ट्रक्चर के अनुसार DA बढ़ाया गया है। 6th सेंट्रल पे कमीशन पर आधारित प्री-रिवाइज्ड पे बैंड और ग्रेड पे स्ट्रक्चर वाले अधिकारियों के लिए DA 257% से बढ़कर 262% हुआ है। वहीं, 7th सेंट्रल पे कमीशन के रिवाइज्ड बेसिक पे स्ट्रक्चर के तहत वेतन पाने वाले अधिकारियों के लिए DA 58% से बढ़ाकर 60% किया गया है।
DA और DR में क्या अंतर है?
DA (Dearness Allowance) सरकारी कर्मचारियों की सैलरी का एक अतिरिक्त हिस्सा होता है। इसका उद्देश्य महंगाई के असर को कम करना और कर्मचारियों की परचेजिंग पावर (Purchasing Power) को बनाए रखने में मदद करना है। दूसरी ओर DR (Dearness Relief) का लाभ पेंशनर्स को मिलता है। दोनों की कैलकुलेशन संबंधित बेसिक पे या बेसिक पेंशन के प्रतिशत के आधार पर की जाती है। इसलिए DA या DR की दर बढ़ने पर कर्मचारी की मासिक सैलरी और पेंशन में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
1 जनवरी से मिलेगा लाभ, एरियर्स भी बनेंगे
नई DA और DR दरें 1 जनवरी से लागू होने के कारण पात्र कर्मचारियों और पेंशनर्स को उसी तारीख से इसका लाभ मिलेगा, यानी अगर बढ़ी हुई राशि बाद में जारी होती है, तो 1 जनवरी से भुगतान की जाने वाली अतिरिक्त रकम के आधार पर एरियर्स भी बन सकते हैं। हालांकि, वास्तविक एरियर्स की राशि संबंधित कर्मचारी या पेंशनर की बेसिक पे या पेंशन और लागू नियमों पर निर्भर करेगी।
पैसे की कैलकुलेशन में राउंडिंग का नियम
सरकार के सर्कुलर में राशि को राउंड ऑफ करने का नियम भी बताया गया है। अगर कैलकुलेशन के बाद राशि में 50 पैसे या उससे ज्यादा का अंश आता है, तो उसे अगले पूरे रुपये में राउंड ऑफ (Round Off) किया जाएगा। वहीं, 50 पैसे से कम के अंश को नजरअंदाज किया जाएगा। इस फैसले से सिक्किम के करीब 50,000 कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत मिलने की उम्मीद है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




