Source :- LIVE HINDUSTAN
कांच की गिलास या सर्विंग बाउल बिल्कुल पीले दिखने लगे हैं। अब उन कांच के पुराने बर्तनों को इस्तेमाल करने का मन नहीं करता तो आज ही इस छोटी सी ट्रिक सफाई करें। मिनटों में सारे कांच के बर्तन नये जैसे चमकने लगेंगे और आपको पैसे खर्च कर नया क्रॉकरी सेट खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
कांच की गिलास, कटोरी, प्लेट या जग इन सबको यूज करना अच्छा लगता है। खासतौर पर जब त्योहार हो या घर में मेहमान आ रहे हों तो कांच के बर्तनों का ज्यादा लोग इस्तेमाल करते हैं। लेकिन कुछ समय के बाद इन कांच के बर्तनों की चमक फीकी पड़ जाती है। कई बार तो घर में जो सर्विंग बाउल वगैरह होते हैं इनकी रंगत सब्जी और मसालों की वजह से पीली दिखने लगती है। जिसकी वजह से इन्हें इस्तेमाल करने का मन नहीं करता और अक्सर लोग कांच के पुराने बर्तनों को हटा देते हैं। लेकिन अब आपको बार-बार नए कांच के बर्तन खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस इस छोटी सी टिप्स की मदद से पुराने, पीले हो चुके कांच के बर्तन को नये जैसा चमका सकते हैं। बस जान लें सफाई का बिल्कुल आसान तरीका।
पीले-गंदे, फीके हो चुके कांच के बर्तन साफ करने का तरीका
कांच के बर्तन जिन्हें आपने इस्तेमाल करना बंद कर दिया है क्योंकि वो पीले और गंदे दिखाई देते हैं, इस ट्रिक की मदद से क्लीन करें, दोबारा से नये जैसा चमकने लगेगा। कांच के बर्तनों को नये जैसा चमकाने के लिए बहुत सारी मेहनत की जरूरत नहीं बस थोड़े से समय में बिल्कुल नये जैसे चमकने लगेंगे।
- इसके लिए किसी बड़े प्लास्टिक या स्टील के टब में गुनगुना पानी लें। ये पानी इतना ही गुनगुना हो कि आपका हाथ उसमे आराम से डूब सके। पानी का टेंपरेचर जांचना जरूरी है नहीं तो ज्यादा गरम पानी में कांच के बर्तनों के टूटने या चिटकने का डर होता है।
- अब इसस गुनगुने पानी में बर्तन वाला लिक्वड सोप डाल दें।
- साथ में एक बड़ा चम्मच या छोटी कटोरी बेकिंग सोडा डालें। गुनगुने पानी के साथ मिलकर ये अच्छी तरह से रिएक्ट करेगा। बस अब इस पानी में कांच के बर्तनों को डालकर पांच से दस मिनट के लिए छोड़ दें। जिससे ये फूल जाएं और साफ करना आसान हो जाए।
- बस किसी सॉफ्ट स्पंज या पॉलीथिन की मदद से सारे बर्तनों को रगड़कर साफ कर लें। पॉलीथिन से रगड़ने पर स्क्रैच नहीं पड़ता।
- बस सारे कांच के बर्तनों को स्क्रब करें और साफ पानी से धोकर निकाल लें।
-कांच के बर्तन बिल्कुल नए जैसे चमक जाएंगे।
बेकिंग सोडा नहीं तो इससे साफ करें
अगर आपके पास बेकिंग सोडा खत्म हो गया है तो गुनगुने पानी में विनेगर या नींबू का रस भी लिक्विड डिशवॉशर के साथ डाल सकते हैं। इन चीजों से सफाई करने पर भी कांच के बर्तन आसानी से साफ हो जाएंगे और बिल्कुल नए जैसे चमकने लगेंगे।
कांच के बर्तन धोते समय रखें सावधानी
कांच के बर्तनों को जब भी धोएं तो सिंक में एक मोटा तौलिया या फिर प्लास्टिक की मोटी शीट बिछा लें। जिससे धोते वक्त गलती से अगर साबुन की फिसलन से कांच का बर्तन हाथ से छूटे तो टूटने से बच जाए। इस एक छोटी सी सावधानी की वजह से आपके कांच के बर्तनों का सेट नहीं बिगड़ेगा और बर्तन भी बिल्कुल नए जैसे साफ-सुथरे चमकने लगेंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




