Source :- LIVE HINDUSTAN
कुछ अलग हटकर खाना है तो ये स्ट्रीट स्टाइल आलू चने की चाट एक बार जरूर ट्राई करें। खट्टे मीठे पानी वाली ये चाट आपके मुंह का स्वाद बदलकर रख देगी। बेस्ट बात है कि इसे बनाना भी बिल्कुल आसान है और ज्यादा टाइम भी नहीं लगता।
कुछ खट्टा-मीठा खाने का दिल अक्सर करने लगता है, जो रोज के खाने से कुछ अलग हो और जीभ का स्वाद बदल दे। ऐसी ही एक चटपटी सी रेसिपी आज हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं। आलू और काले चने से बनी ये खट्टे-मीठे पानी वाली चाट एक बार आपने खा ली तो फिर बार-बार बनाने का मन करेगा। लड़कियों को तो ये बहुत पसंद आने वाली है, क्योंकि उन्हें अक्सर ऐसी तीखी और चटपटी चीजें खाने का शौक ज्यादा होता है। अगर आप भी कुछ हटकर खाना चाहते हैं जो आपके मुंह के जायके को पूरी तरह बदलकर रख दे तो ये स्ट्रीट स्टाइल खट्टे-मीठे पानी वाली आलू-चना चाट एक बार जरूर ट्राई करें। इसकी रेसिपी बहुत सिंपल सी है, आइए डिटेल में जानते हैं।
आलू चना चाट बनाने के लिए सामग्री
खट्टे-मीठे पानी वाली चटपटी सी आलू चना चाट बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- इमली (2 चम्मच), गुड़ (4 चम्मच), चाट मसाला (1 चम्मच), काला नमक (1 चम्मच), भुना जीरा पाउडर (1 चम्मच), कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर (1 चम्मच), धनिया पत्ता (2 चम्मच), धनिया पुदीना की चटनी (3 चम्मच), उबले हुए काले चने (2 कप), नमक (आधा चम्मच), उबले हुए आलू (4-5), कटी हुई प्याज (1, बड़ा साइज), हरी मिर्च (2), टमाटर (2, मीडियम साइज)।
खट्टे-मीठे पानी वाली आलू चना चाट बनाने की विधि
पहले से करें ये तैयारी- चाट बनाने के लिए काला चना और आलू को पहले से उबाल कर रख लें। इसके अलावा हरा धनिया, पुदीना, अदरक और हरी मिर्च की एक चटपटी सी चटनी बनाकर रख लें। इतना करने से चाट बनाने में बस कुछ ही मिनटों का टाइम लगेगा।
खट्टा-मीठा पानी बनाएं- खट्टा-मीठा पानी बनाने के लिए एक पैन में 4 कप के करीब पानी डालें। जैसे ही पानी हल्का गर्म हो जाए तो इसमें इमली डाल दें। अब जितनी मात्रा में आपने इमली ली है, उससे दोगुनी मात्रा में गुड़ डालें। गुड़ की जगह आप चीनी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इस पानी को 8-10 मिनट के लिए उबालते हुए पका लें। जब इमली और गुड़ अच्छे से पक जाएं तो गैस की फ्लेम बंद कर दें।
जैसे ही ये पानी ठंडा हो जाए तो हाथों की मदद से इमली को पानी में ही अच्छी तरह मैश कर लें। ताकि इमली का सारा फ्लेवर और गुदा पानी में ही मिक्स हो जाए। इसके बाद एक छलनी की मदद से पानी को एक साफ और बड़ी बाउल में छान लें।
ऐसे करें चाट की तैयारी
खट्टे-मीठे पानी में 2 उबले हुए और कटे हुए आलू डालें। फिर किसी गिलास या कटोरी से दबाते हुए इन्हें पानी में मैश कर लें। अब इस पानी में काला नमक, चाट मसाला, भुना जीरा पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर डालें। साथ ही बारीक कटी हुई हरी मिर्च, धनिया-पुदीना की चटनी, उबले हुए काले चने, उबले और कटे हुए आलू, बारीक कटे हुए टमाटर और प्याज एड करें। अब लास्ट में आधा चम्मच नमक और बारीक कटा हुआ धनिया पत्ता एड करें। सभी चीजें अच्छी तरह मिक्स करें और चटपटी सी चाट को सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



