Home LIFESTYLE NEWS HINDI रोज 1 इलायची खाने से शरीर में क्या होगा? BP से गैस...

रोज 1 इलायची खाने से शरीर में क्या होगा? BP से गैस तक, न्यूट्रीशनिस्ट ने बताए फायदे!

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

इलायची का इस्तेमाल आप चाय और बिरयानी का स्वाद बढ़ाने के लिए करते ही होंगे। लेकिन क्या आपको पता है कि अगर आप रोज एक इलायची चबाते हैं तो उसके कई फायदे हो सकते हैं? न्यूट्रीशनिस्ट श्वेता पांचाल ने इस बारे में विस्तार से बताया है।

इलायची का इस्तेमाल भारतीय घरों में खूब होता है। कभी माउथ फ्रेशनर के तौर पर तो कभी चाय या बिरयानी जैसी डिशेज का स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसके कई हेल्थ बेनिफिट्स भी होते हैं? जी हां, बाकी भारतीय मसालों की तरह इलायची में भी ऐसे तत्व मौजूद होते हैं जो सेहत के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। जानी मानी न्यूट्रीशनिस्ट श्वेता पांचाल एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताती हैं कि रोजाना सिर्फ एक इलायची चबाना भी सेहत को काफी फायदा कर सकता है। पारंपरिक रूप से भारतीय मिठाइयों और बिरयानी जैसी डिशेज में इस्तेमाल किया जाता रहा है, क्योंकि ये अपनी डाइजेस्टिव और एरोमेटिक गुणों के लिए जानी जाती है। आइए विस्तार जानते हैं इलायची के क्या-क्या फायदे हैं।

पेट की गैस और भारीपन को कम करती है इलायची

न्यूट्रीशनिस्ट कहती हैं कि इलायची में कई तरह के एक्टिव वॉलेटाइल ऑयल्स मौजूद होते हैं, जैसे सिनेओल और टर्पिनिल एसीटेट। ये कंपाउंड्स पाचन तंत्र की मांसपेशियों को रिलैक्स करने में मदद करते हैं।इलायची में नेचुरली एंटीस्पास्मोडिक इफेक्ट पाया जाता है, यानी ये आपके पेट में फंसी हुई गैस और हवा को रिलीज करने में मदद करती है। अगर आपको खाना खाने के बाद एसिडिटी, गैस, ब्लोटिंग होती है, तो इलायची का सेवन फायदेमंद हो सकता है।

शरीर से एक्स्ट्रा सोडियम और पानी को बाहर करती है

डायटिशियन श्वेता बताती हैं कि इलायची नेचुरल डाययूरेटिक (मूत्रवर्धक) की तरह काम करती है। यानी ये आपकी यूरिनेशन को स्टीमूलेट करती है, जिससे शरीर में जमा एकस्ट्रा सोडियम और पानी पेशाब के जरिए निकल जाता है, बिना इलेक्ट्रोलाइट्स का बैलेंस बिगड़े। इसलिए अगर आपको वाटर रिटेंशन, पफीनेस या बीपी की समस्या है तो इलायची खाना कुछ फायदेमंद साबित हो सकता है।

पाचन को सपोर्ट करती है इलायची

न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि हमारे ट्रेडिशनल फूड्स में इलायची का इस्तेमाल होता आया है। चाहे वो बिरयानी जैसी हेवी डिश हो या मिठाइयां, उनमें इलायची डालने का मकसद सिर्फ स्वाद नहीं होता। दरअसल इलायची लिवर से बाइल सीक्रेशन को प्रमोट कर सकती है, जिससे खाना पचाने की प्रक्रिया को सपोर्ट मिलता है। जिन लोगों का पाचन धीमा रहता है, उनके लिए इलायची चबाना काफी फायदेमंद हो सकता है।

सांस की बदबू और दांतों के लिए फायदेमंद

बहुत से लोग इलायची को माउथ फ्रेशनर के तौर पर इस्तेमाल करते हैं। लेकिन ज्यादातर लोगों को ये नहीं पता कि इलायची में एंटी बैक्टिरियल गुण भी मौजूद होते हैं। दरअसल इलायची में मौजूद एक्टिव कंपाउंड्स स्ट्रेप्टोकॉकस म्यूटन्स बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करते हैं। ये वही बैक्टीरिया है जो दांतों में कैविटी, प्लाक बनने और गंदगी बदबू के लिए जिम्मेदार होता है।

जरूरी बात- इलायची को दवा मानकर ना करें इलाज

न्यूट्रीशनिस्ट बताती हैं कि इलायची सेहत के लिए काफी फायदेमंद है, लेकिन इसे किसी चीज का इलाज मानकर दवा की तरह इस्तेमाल ना करें। ये कोई मैजिक सॉल्यूशन नहीं है। अगर आपको कई दिनों से ब्लोटिंग, एसिडिटी, गैस, वाटर रिटेंशन और हाई बीपी की समस्या बनी हुई है, तो इसके पीछे का कारण जानना जरूरी है। ऐसी स्थिति में अपने डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।

नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN