Source :- LIVE HINDUSTAN
प्रेशर कुकर में चावल बनाते हुए अगर आप भी कन्फ्यूज रहते हैं कि पानी की मात्रा क्या रखें, सीटी कितनी लगानी हैं, तो शेफ पंकज की बताई ये टिप्स आपकी सारी कन्फ्यूजन दूर कर देंगी। एक बार ये सही अनुपात जान लेंगे, तो हर बार परफेक्ट खिले-खिले चावल बनकर तैयार होंगे।
घर में चावल बनाना कोई मुश्किल काम नहीं है। प्रेशर कुकर में फटाफट चावल बनकर तैयार हो जाते हैं। लेकिन जब बात हो खिले-खिले चावल बनाने की, तो हर किसी के बस की बात नहीं होती। कई बार या तो चावल में पानी ज्यादा हो जाता है या फिर ये काफी ज्यादा चिपचिपे से बन जाते हैं। दरअसल परफेक्ट चावल बनाने में सबसे अहम होता है पानी का अनुपात। कितने चावल में कितना पानी डालना है, अगर ये सही से पता हो तो खिले-खिले चावल बनाना आसान हो जाता है। अक्सर लोग चावल बनाते हुए सीटी को ले कर भी कन्फ्यूज होते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा ही है, तो शेफ पंकज का बताया ये रेशियो नोट कर लें। हर बार एकदम खिले-खिले और परफेक्ट चावल बनकर तैयार होंगे।
चावल और पानी का सही अनुपात जानें
प्रेशर कुकर में चावल बनाने के लिए पानी के सही अनुपात का ध्यान रखना सबसे जरूरी होता है। अक्सर लोग यहीं गलती हैं, जिस वजह से चावल या तो चिपचिपे हो जाते हैं या इनमें पानी की मात्रा बहुत ज्यादा हो जाती है। इसलिए ये अनुपात नोट कर लें। शेफ पंकज बताती हैं कि अगर आप 1 कप चावल रख रहे हैं, तो पानी की मात्रा सवा कप (1.25 कप) के करीब रखें। इसी माप से आप जितने चावल ले रहे हैं, पानी की मात्रा एडजस्ट कर सकते हैं।
कुकर में कितनी सीटी लगाकर बनेंगे चावल?
खिले-खिले परफेक्ट राइस बनाने के लिए कितनी सीटी लगानी हैं, ये जानना भी जरूरी है। कई लोग इसमें कन्फ्यूज होते हैं। शेफ पंकज बताती हैं कि चावल बनाते हुए बहुत ज्यादा सीटी लगाने की जरूरत नहीं है। बस एक सीटी लगाना काफी होता है। हालांकि इसके बाद कुकर का प्रेशर खुद नहीं निकालना चाहिए। उसे नेचुरली निकलने दें और उसके बाद 5 मिनट के लिए रेस्ट करने दें।
टिप- सर्व करने से पहले चावल को किसी चम्मच या फोर्क की मदद से हल्का सा फ्लफ करें, ताकी उनके दाने अलग-अलग हो जाएं और चावल टूटे भी नहीं।
कुकर में ऐसे पकाएं चावल
- सबसे पहले चावल को 2-3 बार साफ पानी से धो लें, ताकि इनमें मौजूद गंदगी निकल जाए।
- अब कुकर में चावल डालें और सही मात्रा में पानी मिलाएं।
- आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा नमक और देसी घी भी मिला सकते हैं। घी मिलाने से भी चावल एकदम खिले-खिले बनते हैं।
- कुकर का ढक्कन बंद कर के मीडियम फ्लेम पर एक सीटी लगाने तक पकाएं।
- चावल पकने के बाद प्रेशर अपने आप निकलने दें। फिर 5 मिनट ढक्कन बंद हुए ऐसे ही रहने दें।
- आखिर में चावल को एक चम्मच या फोर्क की मदद से अलग-अलग कर लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




