Home LIFESTYLE NEWS HINDI कुछ भिगोने का झंझट नहीं! सिर्फ 15 मिनट में बनाएं लौकी का...

कुछ भिगोने का झंझट नहीं! सिर्फ 15 मिनट में बनाएं लौकी का हेल्दी और क्रिस्पी डोसा

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

नाश्ते के लिए कोई हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन ढूंढ रहे हैं, तो ये लौकी का डोसा एक बार जरूर ट्राई करें। ये बहुत क्रिस्पी बनता है और मुश्किल से 15 मिनट में तैयार हो जाता है। इसके लिए आपको दाल-चावल भिगोने का झंझट भी नहीं करना पड़ेगा।

लौकी एक ऐसी सब्जी है, जिसका नाम सुनते ही बच्चे तो क्या बड़े भी मुंह बना लेते हैं। ऐसे में उन्हें लौकी जैसी पौष्टिक सब्जी खिलाना अपने आप में एक चैलेंज होता है। लेकिन लौकी की ही एक ऐसी रेसिपी है, जिसे बच्चे बार-बार आप से बनवाने वाले हैं। जी हां, हम बात कर रहे हैं लौकी के क्रिस्पी टेस्टी डोसा की, जो नाश्ते के लिए एक हेल्दी और टेस्टी ऑप्शन है। नॉर्मल डोसा बनाने के लिए दाल-चावल भिगोने की भी जरूरत पड़ती है, लेकिन इसमें आपको कोई भी तैयारी पहले से करने की जरूरत नहीं है। सुबह के ब्रेकफास्ट में फटाफट से आप लौकी का कुरकुरा डोसा बनाकर तैयार कर सकते हैं। ये रेसिपी काफी सिंपल है। आपने पहले कभी डोसा नहीं बनाया है, तो भी इसे फॉलो कर के आप परफेक्ट क्रिस्पी डोसा बनाकर तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं रेसिपी-

लौकी का क्रिस्पी डोसा बनाने के लिए सामग्री

नाश्ते में लौकी का टेस्टी और हेल्दी डोसा बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- कटी हुई लौकी (1 कप), बारीक वाली सूजी (1 कप), ताजा हरा धनिया पत्ता (50 ग्राम), अदरक का टुकड़ा (2 इंच), हरी मिर्च (2), दही (आधा कप), पानी (आधा कप), काली मिर्च का पाउडर (आधा चम्मच), नमक (आधा चम्मच), बेकिंग सोडा (1/4 चम्मच), सेंकने के लिए घी या तेल, चीज (ऑप्शनल)।

स्टेप बाय स्टेप सीखें लौकी का हेल्दी डोसा बनाना

स्टेप 1- सबसे पहले लौकी को अच्छे से धो कर के छील लें, फिर इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। ताकि मिक्सर में पीसने पर आसानी हो।

स्टेप 2- अब एक मिक्सर में लौकी के टुकड़े डालें। साथ में बारीक सूजी भी एड करें। अगर आपके पास मोटी वाली सूजी है, तो पहले इसे एक बार मिक्सर में चलाकर बारीक कर लें।

स्टेप 3- लौकी और सूजी के साथ मिक्सर में थोड़ा सा ताजा हरा धनिया, अदरक का टुकड़ा, ताजी हरी मिर्च और थोड़ी सी फ्रेश दही डालकर ग्राइंड कर लें। इसमें थोड़ा सा पानी भी मिलाएं ताकी एक स्मूद सा बैटर बनकर तैयार हो जाए।

स्टेप 4- अब इस डोसा बैटर में थोड़े से मसाले एड करें। जैसे- काली मिर्च का पाउडर और नमक। साथ में चुटकी भर बेकिंग सोडा और बिल्कुल थोड़ा सा पानी भी मिलाएं, ताकि ये सभी चीजें अच्छे से मिक्स हो जाएं। बैटर की कंसिस्टेंसी मीडियम होनी चाहिए, ना ज्यादा गाढ़ा हो और ना ही ज्यादा पतला।

स्टेप 5- अब एक नॉन स्टिक तवे को गैस पर चढ़ाएं। जैसे ही तवा मीडियम गर्म हो जाए, इसपर डोसा बैटर डालें और चमचे की मदद से अच्छी तरह फैला लें।

स्टेप 6- जैसे ही डोसा एक साइड से सिकने लगे तभी थोड़ा सा देसी घी या तेल उसके ऊपर डालें और थोड़ी देर क्रिस्पी होने दें। ध्यान रखें डोसा एक ही साइड से सेंका जाता है, इसलिए इसे चीले की तरह पलटे ना।

स्वाद की टिप- डोसा के ऊपर आप थोड़ा सा चीज भी एड कर सकते हैं। जब चीज मेल्ट हो जाए तो डोसा को फोल्ड करें और गरमा-गरम सर्व करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN