Source :- LIVE HINDUSTAN
प्रदूषण को अक्सर लोग सिर्फ खांसी और सांस की परेशानी से जोड़कर देखते हैं, लेकिन इसका असर शरीर के कई दूसरे अंगों पर भी पड़ता है। डॉक्टरों ने बताया कि जहरीली हवा सेहत को कैसे नुकसान पहुंचा रही है।
दिल्ली-एनसीआर समेत कई शहरों में प्रदूषण की परेशानी हर साल बढ़ जाती है। हवा खराब होते ही लोगों को खांसी, गले में खराश, आंखों में जलन और सांस लेने में दिक्कत होने लगती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि प्रदूषण का असर सिर्फ फेफड़ों तक नहीं रहता? पद्मश्री से सम्मानित डॉक्टर शशांक जोशी और फोर्टिस वसंत कुंज के डॉक्टर मनोज शर्मा ने बताया है कि जहरीली हवा शरीर के कई जरूरी अंगों को नुकसान पहुंचा सकती है। इसका असर दिल, किडनी, लिवर और पैंक्रियाज तक हो सकता है। बच्चों और पहले से बीमार लोगों को तो इससे खास तौर पर बचकर रहने की जरूरत है।
शरीर के हर सेल को पहुंचा रहा नुकसान
डॉक्टर शशांक जोशी का कहना है कि प्रदूषण सिर्फ फेफड़ों और दिल को ही नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि शरीर के हर सेल पर इसका असर पड़ सकता है। लिवर और पैंक्रियाज जैसे जरूरी अंग भी इससे बच नहीं पाते। पैंक्रियाज शरीर में इंसुलिन बनाता है, जो ब्लड शुगर को कंट्रोल रखने में मदद करता है। वहीं, लिवर शरीर के कई जरूरी काम करता है। ऐसे में जब प्रदूषण इन अंगों पर असर डालता है, तो पूरी सेहत बिगड़ सकती है।
बढ़ सकती है हाई बीपी, डायबिटीज और दिल की बीमारी
डॉक्टर शशांक जोशी के अनुसार, खराब हवा का असर शरीर के मेटाबॉलिज्म पर भी पड़ सकता है। इससे हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी और डायबिटीज जैसी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है। मेटाबॉलिज्म को आसान भाषा में समझें तो यह शरीर का वह सिस्टम है, जो खाने को एनर्जी में बदलने का काम करता है। जब शरीर के जरूरी अंग ठीक से काम नहीं कर पाते, तो इसका असर पूरी हेल्थ पर दिखने लगता है।
दिल, किडनी और फेफड़ों के मरीज रहें ज्यादा सावधान
डॉक्टर मनोज शर्मा बताते हैं कि जिन लोगों को पहले से दिल, किडनी या फेफड़ों की बीमारी है, उन्हें प्रदूषण में ज्यादा परेशानी हो सकती है। खराब हवा उनकी बीमारी को और बढ़ा सकती है। ऐसे लोगों को कोशिश करनी चाहिए कि हवा खराब होने पर घर से बाहर कम निकलें। अगर बाहर जाना जरूरी है, तो एन95 मास्क पहनें।
बच्चों को प्रदूषण से बचाना क्यों जरूरी है?
प्रदूषण का असर बच्चों पर जल्दी पड़ सकता है। डॉक्टर मनोज शर्मा के अनुसार, बच्चों के फेफड़े और इम्यून सिस्टम पूरी तरह मजबूत नहीं होते। इसी वजह से खराब हवा में उन्हें सांस से जुड़ी परेशानियां और इंफेक्शन होने का खतरा ज्यादा रहता है। प्रदूषण के कारण बच्चों को ब्रोंकाइटिस और निमोनिया जैसी बीमारियां भी हो सकती हैं। इसलिए जब बाहर की हवा बहुत खराब हो, तो बच्चों को पार्क या खुले मैदान में खेलने न भेजें। उन्हें ज्यादा देर तक बाहर रखने से बचें और स्कूल आते-जाते समय भी उनकी सेहत का ध्यान रखें।
बाहर निकलें तो एन95 मास्क जरूर पहनें
डॉक्टर मनोज शर्मा की सलाह है कि अगर प्रदूषण के बीच बाहर जाना जरूरी है, तो एन95 मास्क पहनकर निकलें। यह हवा में मौजूद कई छोटे प्रदूषण वाले कणों से बचने में मदद करता है। हालांकि, मास्क पहनकर एक्सरसाइज करने से बचना चाहिए। दौड़ने, तेज चलने या वर्कआउट के दौरान मास्क लगाने से सांस लेने में परेशानी हो सकती है। ऐसे में जब हवा खराब हो, तो बाहर वॉक या एक्सरसाइज करने के बजाय घर के अंदर ही हल्की एक्सरसाइज करें।
ज्यादा पेड़ लगाएं, तभी मिलेगी साफ हवा
डॉक्टर शशांक जोशी ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास के माहौल को साफ रखने की जिम्मेदारी समझें। उनका कहना है कि पेड़ हमारे शहरों के फेफड़ों की तरह हैं। जिस तरह हमें सांस लेने के लिए साफ हवा चाहिए, उसी तरह धरती को भी ज्यादा पेड़ों की जरूरत है।
उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने और पहले से लगे पेड़ों को बचाने की अपील की है। साथ ही ऐसे त्योहार और जश्न मनाने से बचने को कहा है, जिनसे प्रदूषण बढ़ता है। आखिर साफ हवा सिर्फ हमारे लिए ही नहीं, बल्कि बच्चों और आने वाली पीढ़ियों की अच्छी सेहत के लिए भी जरूरी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




