Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने उन खातों को लेकर अलर्ट जारी किया है, जो 30 सितंबर 2026 तक 3 साल से अधिक समय से इस्तेमाल नहीं हुए हैं और जिनमें जीरो बैलेंस है
- बैंक के नोटिस के मुताबिक, ऐसे खाते 10 नवंबर 2026 के बाद बंद किए जा सकते हैं
अगर आपका भी सेविंग अकाउंट पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में है, लेकिन आप लंबे समय से उसका इस्तेमाल नहीं कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। जी हां, क्योंकि बैंक ने ऐसे कुछ खातों को बंद करने की प्रक्रिया शुरू करने की जानकारी दी है, जो लंबे समय से एक्टिवेट नहीं हैं और जिनमें कोई बैलेंस नहीं है। PNB के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 के बाद ऐसे खाते बंद किए जा सकते हैं, जो तय शर्तों को पूरा नहीं करते हैं। बैंक ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे समय रहते अपने खाते की स्थिति जांच लें। अगर आपका अकाउंट भी इस कैटेगिरी में आता है और आप उसे चालू रखना चाहते हैं, तो KYC अपडेट कराकर उसे दोबारा एक्टिव कराना जरूरी होगा।
PNB के 26 अक्टूबर को जारी नोटिस के अनुसार, यह कार्रवाई उन खातों पर लागू होगी, जिनमें नीचे दी गई दोनों शर्तें पूरी होती हैं।
- 3 साल से ज्यादा समय से इस्तेमाल नहीं:- 30 सितंबर 2026 तक खाते में ग्राहक की ओर से कोई लेनदेन या गतिविधि न हुई हो।
- खाते में जीरो बैलेंस:- अकाउंट में कोई पैसा जमा न हो।
इसका मतलब है कि जिन ग्राहकों ने 30 सितंबर 2023 से पहले अपने खाते का इस्तेमाल बंद कर दिया था और उसमें कोई बैलेंस भी नहीं है, उन्हें अपना अकाउंट चेक करना चाहिए। उदाहरण के लिए, अगर आपने नौकरी बदलने के बाद पुराना सैलरी अकाउंट इस्तेमाल करना बंद कर दिया है और उसमें कोई पैसा नहीं है, तो आपको बैंक से संपर्क करके पता करना चाहिए कि आपका खाता इस कार्रवाई के दायरे में आता है या नहीं।
ध्यान रखें कि हर एक्टिवेट PNB खाता बंद नहीं किया जाएगा। बैंक का यह नोटिस खास तौर पर उन खातों से संबंधित है, जो 3 साल से अधिक समय से इस्तेमाल नहीं हुए हैं और जिनमें 0 बैलेंस है। अगर आपका खाता इन शर्तों के दायरे में आता है और आप उसे चालू रखना चाहते हैं, तो 10 नवंबर 2026 से पहले जरूरी प्रक्रिया पूरी कर लें।
इसके लिए जरूरी कदम
1- अपनी बैंक शाखा से संपर्क करें:- पहले पता करें कि आपका अकाउंट प्रस्तावित कार्रवाई की लिस्ट में शामिल है या नहीं।
2- KYC दस्तावेज अपडेट कराएं:- बैंक की जरूरत के मुताबिक पहचान और पते से जुड़े वैलिड दस्तावेज जमा करें।
3- अकाउंट दोबारा चालू करने का अनुरोध दें:- बैंक में आवेदन देकर खाते को दोबारा एक्टिव कराने की प्रक्रिया पूरी करें।
4- बैंक से पुष्टि लें:- डॉक्यूमेंट की जांच और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुनिश्चित करें कि आपका अकाउंट फिर से चालू हो गया है।
PNB के सामान्य दिशा-निर्देशों के मुताबिक, एक्टिवेट खाते को दोबारा चालू कराने के लिए आवेदन पत्र के साथ वैलिड पहचान और पते के दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। खाते को दोबारा एक्टिव कराने के लिए बैंक आपसे KYC दस्तावेज मांग सकता है। इनमें आम तौर पर शामिल हैं।
- आधार कार्ड
- पासपोर्ट
- ड्राइविंग लाइसेंस
- वोटर आईडी
- PAN कार्ड या जरूरत के अनुसार Form 60
कौन-से दस्तावेज जरूरी होंगे, यह आपके खाते और बैंक की लागू प्रक्रिया पर निर्भर करेगा। इसलिए अपनी शाखा से पहले ही जानकारी ले लें, ताकि अंतिम समय में परेशानी न हो। PNB के सामान्य नियमों के तहत, कुछ शर्तों के साथ होम ब्रांच के अलावा दूसरी शाखा में भी अकाउंट दोबारा चालू कराने का अनुरोध किया जा सकता है। इस सुविधा के लिए संबंधित शाखा से पुष्टि करना बेहतर रहेगा।
यहां एक जरूरी अंतर समझना चाहिए। PNB के सामान्य दिशा-निर्देशों के मुताबिक, सेविंग या करंट अकाउंट में लगातार 24 महीने तक ग्राहक की ओर से कोई गतिविधि नहीं होने पर उसे इनऑपरेटिव यानी निष्क्रिय खाते की श्रेणी में रखा जा सकता है।
ग्राहक की ओर से की गई गतिविधियों में जमा और निकासी जैसे वित्तीय लेनदेन के अलावा कुछ गैर-वित्तीय गतिविधियां भी शामिल हो सकती हैं। उदाहरण के लिए, बैंक के निर्धारित माध्यमों से प्रमाणित बैलेंस इन्क्वायरी, चेकबुक का अनुरोध या KYC अपडेट जैसी गतिविधियां लागू नियमों के अनुसार गिनी जा सकती हैं। लेकिन, निष्क्रिय खाते और मौजूदा नोटिस के तहत बंद किए जाने वाले खाते में अंतर है।
दो साल तक इस्तेमाल नहीं होने से खाता निष्क्रिय हो सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह अपने आप 10 नवंबर के बाद बंद हो जाएगा। मौजूदा नोटिस में तीन साल से अधिक समय तक इस्तेमाल न होने और जीरो बैलेंस, दोनों शर्तें जरूरी हैं। कई लोग नौकरी बदलने, शहर बदलने या किसी खास काम के लिए बैंक में एक से ज्यादा खाते खुलवा लेते हैं। बाद में इनमें से कुछ खातों का इस्तेमाल बंद हो जाता है।
अगर आपके पास भी पुराने सैलरी अकाउंट, लंबे समय से इस्तेमाल न होने वाला सेविंग अकाउंट या कोई दूसरा PNB खाता है, तो उसकी स्थिति जांच लें। खासकर ऐसे खातों पर ध्यान दें, जिनमें कई साल से कोई लेनदेन नहीं हुआ और बैलेंस शून्य है। अगर अकाउंट बंद नहीं कराना चाहते, तो बैंक की ओर से बताई गई प्रक्रिया और समय-सीमा के भीतर जरूरी औपचारिकताएं पूरी करें। अगर आपको यह समझ नहीं आ रहा कि आपका खाता बंद होने वाली श्रेणी में आता है या नहीं, तो अपनी नजदीकी PNB शाखा में संपर्क करें।
बैंक के टोल-फ्री कस्टमर केयर नंबरों पर भी जानकारी ली जा सकती है:
– 1800-1800
– 1800-2021
कॉल करते समय बैंक की ओर से मांगी गई जानकारी दें और खाते की स्थिति के बारे में स्पष्ट पुष्टि लें।
PNB के नोटिस में दी गई 10 नवंबर 2026 की समय-सीमा उन खातों के लिए है, जो तीन साल से अधिक समय से इस्तेमाल नहीं हुए हैं और जिनमें जीरो बैलेंस है। यदि आपका खाता इस श्रेणी में आता है और आप उसे चालू रखना चाहते हैं, तो समय रहते KYC और रीएक्टिवेशन की प्रक्रिया पूरी करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




