Home rss business hindi सोना-चांदी के भाव आसमान से जमीन पर, क्या अभी खरीदना सही रहेगा?

सोना-चांदी के भाव आसमान से जमीन पर, क्या अभी खरीदना सही रहेगा?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • Gold Silver Prices: 29 जनवरी 2026 को सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए करीब 1.76 लाख रुपये और चांदी की कीमत एक किलो के लिए 3.86 लाख रुपये तक पहुंच गई थी
  • 26 अक्टूबर 2026 तक सोना घटकर करीब 1.41 लाख रुपये और चांदी करीब 1.94 लाख रुपये प्रति किलो रह गई

सोने और चांदी की कीमतों में आज भी गिरावट है। इस साल दाम आसमान से जमीन पर आ गए हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर मंगलवार, 27 अक्टूबर को सुबह सवा दस बजे के करीब गोल्ड का वायदा भाव 142986 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। इसमें बहुत ही मामूली गिरावट थी। जबकि, चांदी 0.71 प्रतिशत नीचे 194410 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड कर रही थी। दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,000 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी का भाव 54 डॉलर प्रति औंस के करीब है।

सोने-चांदी में आज क्यों है गिरावट

एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोने की कीमतों पर आगे भी महंगाई और ब्याज दरों का असर देखने को मिल सकता है। कच्चे तेल की ऊंची कीमतों से महंगाई बढ़ने का खतरा बना हुआ है। इससे अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती टाल सकता है या जरूरत पड़ने पर सख्त रुख अपना सकता है।

सर्राफा बाजारों का हाल: 2026 में आसमान से जमीन पर आए भाव

सोने और चांदी की कीमतों में इस साल जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। जनवरी 2026 में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद दोनों कीमती धातुओं के भाव में बड़ी गिरावट आई है। सोना अपने रिकॉर्ड हाई से करीब 20% टूट चुका है, जबकि चांदी की कीमत में 50% से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। खासकर चांदी में आई भारी गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 29 जनवरी 2026 को सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए करीब 1.76 लाख रुपये और चांदी की कीमत एक किलो के लिए 3.86 लाख रुपये तक पहुंच गई थी। 26 अक्टूबर 2026 तक सोना घटकर करीब 1.41 लाख रुपये और चांदी करीब 1.94 लाख रुपये प्रति किलो रह गई।

जनवरी में रिकॉर्ड हाई, अब कीमतों में बड़ी गिरावट

इस साल की शुरुआत में सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। सर्राफा बाजारों में 29 जनवरी को स्पॉट गोल्ड 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया था। वहीं, चांदी का भाव 3.86 लाख रुपये प्रति किलो तक चला गया था।

हालांकि, इसके बाद दोनों धातुओं की कीमतों में उतार-चढ़ाव शुरू हो गया। जनवरी के आखिर में ही सोने का भाव 1.65 लाख रुपये और चांदी का भाव 3.39 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास आ गया था। फरवरी और मार्च में भी कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। 31 मार्च को सोना करीब 1.46 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2.30 लाख रुपये प्रति किलो रह गई थी।

चांदी में सबसे ज्यादा गिरावट

सोने के मुकाबले चांदी की कीमतों में कहीं ज्यादा गिरावट आई है। जनवरी के रिकॉर्ड स्तर से चांदी करीब आधी कीमत पर आ गई है। 29 जनवरी को एक किलो चांदी का भाव करीब 3.86 लाख रुपये था। 23 अक्टूबर को यह घटकर करीब 1.94 लाख रुपये रह गया। यानी रिकॉर्ड स्तर से तुलना करें तो एक किलो चांदी की कीमत में लगभग 1.92 लाख रुपये की कमी आई है।

सोने की कीमत भी 1.76 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर करीब 1.41 लाख रुपये पर आ गई। इस तरह 10 ग्राम सोना अपने रिकॉर्ड स्तर से लगभग 35 हजार रुपये सस्ता हो चुका है।

क्या अभी सोना-चांदी खरीदना सही रहेगा?

कीमतों में बड़ी गिरावट के बाद सोना और चांदी खरीदने वालों की दिलचस्पी बढ़ सकती है, लेकिन रिकॉर्ड हाई से भाव गिरने का मतलब यह नहीं है कि कीमतें अब और नहीं गिरेंगी।अगर आप शादी-ब्याह या किसी दूसरे जरूरी काम के लिए सोना खरीदना चाहते हैं, तो अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से खरीदारी कर सकते हैं। वहीं, निवेश के लिहाज से खरीदारी करने वालों को बाजार के उतार-चढ़ाव और अपने निवेश की अवधि को ध्यान में रखना चाहिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN