Source :- LIVE HINDUSTAN
Ganesh Chaturthi 2026: गणेश चतुर्थी पर गणपति बप्पा को मोदक का भोग जरूर लगाया जाता है। ऐसे में आप भी ये शाही बेसन मोदक घर पर बनाकर तैयार कर सकते हैं। इनकी रेसिपी काफी सिंपल है और खाने में भी बहुत ज्यादा टेस्टी लगते हैं।
गणेश चतुर्थी का पावन त्योहार आने ही वाला है और इस दिन बप्पा को खास मोदक का भोग ना लगाया जाए, ऐसा भला कैसे हो सकता है। कहते हैं कि गणपति बप्पा को मोदक सबसे प्रिय हैं इसलिए माता पार्वती स्वयं अपने हाथों से उनके लिए मोदक बनाया करती थीं। ऐसे में गणेश चतुर्थी का खास मौका हो, तो बप्पा को मोदक का भोग लगाना तो बनता है। सबसे बेस्ट बात है कि इन्हें आप घर पर भी बना सकते हैं। बाजार में मिलावटी मिठाई का डर रहता है इसलिए बप्पा के लिए आप हाथों से शुद्ध प्रसाद तैयार करें। आज हम आपके साथ शाही बेसन मोदक की रेसिपी शेयर कर रहे हैं जो बनाने में तो आसान हैं ही, इनका स्वाद और भी लाजवाब है।
शाही बेसन मोदक बनाने के लिए सामग्री
बिना मावा के गणपति बप्पा के लिए फटाफट से मोदक का प्रसाद आप घर पर भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- देसी घी (आधा कप), बेसन (डेढ़ कप), चीनी (आधा कप), फुल क्रीम दूध (2 कप), केसर वाला दूध (3 चम्मच), इलायची पाउडर (1 चम्मच)।
मोदक के अंदर की फिलिंग के लिए इन चीजों की जरूरत होगी- घिसा हुआ सूखा नारियल (आधा कप), मिल्क पाउडर (आधा कप), कटे हुए काजू, बादाम, पिस्ता और कद्दू के बीज (आधा कप), देसी घी (1 चम्मच), दूध (1-2 चम्मच)। इसके अलावा गार्निशिंग के लिए- चांदी का वर्क और केसर के धागे।
गणपति बप्पा के लिए बनाएं शाही मोदक का प्रसाद
गणेश चतुर्थी पर गणपति बप्पा के लिए शाही बेसन मोदक का प्रसाद जरूर बनाएं। इसके लिए सबसे पहले एक पैन में आधा कप घी गर्म करें और इसमें बेसन डालकर लगातार चलाते हुए रोस्ट कर लें। इस दौरान गैस की फ्लेम मीडियम टू लो रखें और लगभग 5-6 मिनट के लिए बेसन को खुशबूदार और हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
इसके बाद बेसन में चीनी और फुल क्रीम दूध एड करें। लगभग 2 मिनट के लिए अच्छे से सभी चीजों को मिक्स करें, ताकि किसी भी तरह की गुठलियां ना पड़ें। ये मिक्सचर थोड़ा सा गाढ़ा हो जाए तो इसमें फ्लेवर और खुशबू के लिए इलायची पाउडर एड करें। साथ ही केसर वाला दूध अच्छी रंगत के लिए जरूर डालें। इस मिक्सचर को पूरी तरह ठंडा होने के लिए रख दें।
मोदक की फिलिंग ऐसे बनाएं
मोदक के अंदर की भरावन बनाने के लिए सबसे पहले एक बाउल में कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल लें। साथ में मिल्क पाउडर, कटे हुए ड्राई फूट्स डालें। फिर थोड़ा सा घी और दूध एड कर के सभी चीजों को मिक्स कर लें। अब थोड़ी-थोड़ी फिलिंग हाथों में ले कर गोल-गोल शेप दे कर तैयार कर लें।
इस तरह दें मोदक को आकार
मोदक बनाने के लिए इसके सांचे पर थोड़ा सा देसी घी लगा लें। फिर बेसन वाले मिक्सचर को इसमें भर दें। इसके बाद सांचे को बंद करें और नीचे की तरफ से इसमें मोदक की भरावन डालें। फिर दोबारा से बेसन वाला मिक्सचर लगाकर इसे कोट कर दें। मोल्ड को हल्का सा प्रेस करें, बस मोदक बनकर तैयार हैं। इसी तरह सारे मोदक बनाकर तैयार कर लें। ऊपर से चांदी का वर्क और केसर के धागे लगाकर गार्निशिंग कर सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




