Home LIFESTYLE NEWS HINDI उम्र बढ़ेगी, लेकिन असर कम दिखेगा! डॉक्टर ने बताए 6 आसान तरीके

उम्र बढ़ेगी, लेकिन असर कम दिखेगा! डॉक्टर ने बताए 6 आसान तरीके

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

उम्र बढ़ना एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन हमारी रोज की कुछ आदतें इसका असर कम या ज्यादा कर सकती हैं। 44 साल के डॉक्टर ने ऐसी 6 बातें बताई हैं, जिन्हें वह चाहते थे कि उन्हें 20 की उम्र में पता होता।

उम्र बढ़ने के साथ शरीर में बदलाव होना बिल्कुल नॉर्मल है। चेहरे पर उम्र का असर दिखने लगता है, शरीर की ताकत पहले जैसी नहीं रहती और नींद या पाचन से जुड़ी छोटी-मोटी परेशानियां भी होने लगती हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम कुछ कर ही नहीं सकते। दरअसल, लंबे समय तक स्वस्थ रहने की शुरुआत रोज की छोटी-छोटी आदतों से होती है।

डॉक्टर सौरभ सेठी ने हाल ही में ऐसी 6 बातें शेयर की हैं, जिन्हें वह चाहते थे कि काश उन्हें 20 की उम्र में ही पता होतीं। उन्होंने बताया कि जवां और स्वस्थ रहने के लिए सिर्फ महंगी चीजों या खास दिनचर्या पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। रोज की कुछ आसान आदतें भी काफी फर्क डाल सकती हैं।

1. खाने में चीनी थोड़ी कम करें

बहुत ज्यादा मीठा खाना शरीर के लिए अच्छा नहीं होता। अगर आपको रोज तेज मीठे की चाय, शरबत या कोई मीठी ड्रिंक लेने की आदत है, तो सबसे पहले एक चीज कम करने से शुरुआत करें। उसकी जगह हर्बल चाय ले सकते हैं। छोटी शुरुआत करना ज्यादा आसान रहता है।

2. पेट को भी स्वस्थ रखें

हमारे पेट की सेहत का असर पूरे शरीर पर पड़ता है, इसलिए खाने-पीने पर भी ध्यान देना जरूरी है। खाने में दही जैसी चीजें शामिल कर सकते हैं। इसके अलावा फल, सब्जियां और फाइबर वाली चीजें भी पेट के लिए अच्छी रहती हैं। रोज का खाना जितना सादा और संतुलित होगा, उतना ही अच्छा है।

3. तनाव को ज्यादा जमा ना होने दें

थोड़ा-बहुत तनाव जिंदगी का हिस्सा है। लेकिन अगर हर समय तनाव बना रहता है, तो इसका असर शरीर पर भी पड़ता है। इसलिए दिमाग को आराम देना भी उतना ही जरूरी है। डॉक्टर ने रात में सोने से पहले तीन मिनट धीरे-धीरे सांस लेने की सलाह दी है।

4. नींद से समझौता नहीं

काम और दूसरी जिम्मेदारियों के बीच लोग अक्सर नींद को सबसे पहले कम कर देते हैं। लेकिन अच्छी नींद शरीर और दिमाग दोनों के लिए जरूरी है। डॉक्टर के अनुसार, रोज करीब सात से नौ घंटे की नींद लेने की कोशिश करनी चाहिए। सोने और उठने का समय भी लगभग एक जैसा रखें। हर दिन देर रात तक जागने की आदत से बचना बेहतर है।

5. मजबूत शरीर

उम्र बढ़ने के साथ शरीर की मांसपेशियां धीरे-धीरे कमजोर होने लगती हैं। इसलिए कम उम्र से ही शरीर को मजबूत रखने पर ध्यान देना अच्छा रहता है। इसके लिए रोज भारी कसरत करना जरूरी नहीं है। स्क्वैट्स, पुश अप्स जैसी एक्सरसाइज हफ्ते में कम से कम दो दिन कर सकते हैं।

6. खाने में गुड फैट्स

हर तरह के फैट्स बॉडी के लिए खराब नहीं होते। शरीर को कुछ अच्छे फैट्स की भी जरूरत होती है। ये बॉडी सेल्स के सही तरीके से काम करने में मदद करते हैं। इसके लिए खाने में अखरोट, अलसी और चिया के बीज जैसी चीजें शामिल कर सकते हैं। अगर आप मछली खाते हैं, तो वसा वाली मछली भी एक अच्छा विकल्प हो सकती है।

नोट: उम्र बढ़ना बिल्कुल सामान्य है और इसे रोका नहीं जा सकता। लेकिन आज से अपनी कुछ आदतों पर ध्यान देकर आगे की जिंदगी को ज्यादा स्वस्थ और आसान बना सकते हैं। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए अन्य डॉक्टर से सलाह ले सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN