Source :- LIVE HINDUSTAN
गणपति पूजा के लिए पान पत्तों से बैकड्रॉप की सजावट की जा सकती है। कम बजट में सजावट करना चाहते हैं तो यहां बताया डेकोरेशन आइडिया सबसे बेस्ट साबित होगा। जानिअ इसे कैसे कर सकते हैं।
गणेश चतुर्थी पर गणपति की स्थापना करने वाले लोग अक्सर इस कंफ्यूजन में रहते हैं कि वह इस बार बप्पा के आगमन पर कैसे सजावट करेंगे। जो लोग गणपति की स्थापना हर साल करते हैं वह हमेशा नए तरीके से सजावट करना चाहते हैं। इस साल गणेश चतुर्थी 14 सितंबर को है और इसी दिन से 10 दिन तक चलने वाला गणेशोत्सव शुरू हो जाता है। ऐसे में यहां हम पान पत्तों से बैकड्रॉप सजाने का एक खास तरीका लेकर आए हैं। अगर आपका डेकोरेशन बजट कम है तो आप यहां बताए तरीके से सजावट कर सकते हैं। जानिए, कैसे करें बैकड्रॉप के लिए पान पत्तों से सजावट-
पान पत्तों से बैकड्रॉप की सजावट करने की टिप्स
- पान पत्तों से सजावट करने के लिए आपको जरूरत होगी कुछ पान पत्तों की, एक्रेलिक रंग, पतला ब्रश और डबल साइड टेप।
- इस डेकोरेशन को करने के लिए आप कुछ पान के पत्तों को लें। फिर इनके पीछे की डंठल को काट दें।
- अब पतले ब्रश का इस्तेमाल करते हुए हर एक पत्ते पर गणेश भगवान के अलग-अलग नाम लिखें। जैसे एक पत्ते पर गजानन, दूसरे पर श्री गणेश, तीसरे पर एकदंत लिखें। ऐसे ही आप कई पत्तों पर गणपति के अलग-अलग नामों को लिख सकते हैं। जरूरी नहीं है कि वीडियो की तरह सिर्फ 5 ही पत्ते तैयर करें। आप 10 या 11 पत्तों पर भी भगवान गणेश के नाम लिख सकते हैं।
- एक बार सभी पत्तों पर नाम लिखने के बाद इन्हें अच्छी तरह से सूखने के लिए रख दें। जब इन्हें सूखने के लिए रखें तब पंखे को बंद कर दें। क्योंकि हवा से पत्ते उड़ सकते हैं और वह खराब हो सकते हैं। पत्तों पर लिखा नाम नेचुरल तरीके से ही सूख सकता है। इसलिए किसी साफ जगह पर इन्हे रखकर सुखा दें।
- अब अगर पांच ही पत्तों पर नाम लिखा है तो वीडियो में दिखाए तरीके से डबल साइड टेप लगाकर चिपका दें। लेकिन अगर आपने ज्यादा पत्तों पर नाम लिखा है तो चिपकाने के लिए एक अलग तरीके को अपनाएं।
- इसके लिए एक हार्ड बोर्ड या फिर किसी कार्टून को एक गोल आकार में काट लें। अब इस पर सफेद रंग का चार्ट पेपर चिपकाएं। फिर इस पर बहुत सफाई से लिखें गणपति बप्पा मोरया। इसे लिखने के लिए लाल या पीले रंग का इस्तेमाल करें।
- अब इस बोर्ड के आसपास उन पान के पत्तों को चिपकाएं जिनपर आप गणेश भगवान के अलग-अलग नामों को लिखा है। अच्छी तरह से चिपकाने के बाद इसे कुछ देर के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि ये पूरी तरह से ड्राई हो जाए।
- फिर इस पूरे बोर्ड को स्थापना वाली जगह के पीछे वाली दीवार पर लगाएं। इसे अच्छी तरह से लगाने के बाद आप थोड़ी बहुत और सजावट कर सकते हैं। जिससे ये दिखने में और भी ज्यादा आकर्षित लगने लगे।
- इसके लिए आफ इसे साइड में घंटी वाली छोटी फूलों की माला लगाएं जिसे दिवाली पर अक्सर लोग सजावट के लिए इस्तेमाल करते हैं। या फिर आप इसे चिपकाने से पहले दिवार पर अलग-अलग रंग के दुपट्टे लटका दें और फिर इस पान के पत्तों वाली सजावट को लगाएं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




