Home LIFESTYLE NEWS HINDI चांदी की पायल-बिछिया काली पड़ गई है? एल्यूमिनियम फॉइल से नई जैसी...

चांदी की पायल-बिछिया काली पड़ गई है? एल्यूमिनियम फॉइल से नई जैसी चमकेगी, सीखें हैक

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चांदी की पायल-बिछिया और बाकी ज्वैलरी काफी जल्दी अपनी चमक खो देती हैं। ऐसे में आपको हर बार सुनार के पास जाने की जरूरत नहीं है। घर पर ही एल्यूमिनियम फॉइल की मदद से आप इन्हें नए जैसा चमका सकते हैं।

चांदी की ज्वैलरी बड़ी चमकदार और सुंदर होती है। लेकिन समय के साथ-साथ ये काफी काली भी पड़ जाती है। खासकर पायल और बिछिया जैसी रोजमर्रा में पहनी जाने वाली ज्वैलरी का रंग इतना फीका पड़ जाता है कि इन्हें दोबारा साफ करना मुश्किल होता है। कई लोग इन्हें सुनार के यहां पॉलिश करने ले जाते हैं, लेकिन हर बार ये पॉसिबल नहीं होता। तो क्या चांदी की ज्वैलरी को घर पर साफ नहीं किया जा सकता? बिल्कुल किया जा सकता है और बड़ी ही आसानी से। एल्यूमिनियम फॉइल इसमें आपकी बड़ी मदद कर सकती है। तो चलिए फटाफट से जानते हैं चांदी की ज्वैलरी साफ करने का ये वायरल हैक।

चांदी की ज्वैलरी क्यों काली पड़ जाती है?

समय के साथ चांदी की ज्वैलरी का काला पड़ना एक नॉर्मल बात है। दरअसल हवा में मौजूद सल्फर कंपाउंड के साथ चांदी की सतह पर केमिकल रिएक्शन होता है, जिससे सिल्वर सल्फाइड की काली परत बन जाती है। रोजाना की नमी, धूल-मिट्टी, पसीना, परफ्यूम और प्रदूषण के संपर्क की वजह से ये प्रोसेस और तेज हो जाता है। इसलिए डेली वियर की पायल, बिछिया काफी जल्दी काले पड़ जाते हैं और साफ करने पर आसानी से साफ भी नहीं होते।

एल्यूमिनियम फॉइल से ऐसे साफ करें चांदी की ज्वैलरी

स्टेप 1- उबलते पानी में डालें फॉइल का टुकड़ा

चांदी की काली पड़ी हुई ज्वैलरी या बर्तन साफ करने के लिए सबसे पहले एक बर्तन में पानी उबलने के लिए रखें। अब उबलते हुए पानी में एक एल्यूमीनियम फॉइल का टुकड़ा डालें। ध्यान रहे इसे मोड़कर या बॉल बनाकर नहीं डालना है। आप पहले इस्तेमाल की हुई फॉइल को भी ले सकते हैं।

स्टेप 2- डिशवॉश और बेकिंग सोडा एड करें

अब इस उबलते हुए पानी में थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड एड करें। डिशवॉश की जगह आप डिटर्जेंट लिक्विड भी ले सकते हैं। इसके साथ ही हल्का सा बेकिंग सोडा एड करें। सभी चीजों को एक साथ मिक्स कर के थोड़ा सा बॉयल होने दें।

स्टेप 3- चांदी की ज्वैलरी या बर्तन पानी में डालें

अब काली पड़ी हुई चांदी की ज्वैलरी या बर्तन को इस पानी में डुबोकर निकाल लें। इसे आपको बहुत देर के लिए पानी में नहीं छोड़ना है। सिर्फ कुछ सेकेंड के लिए पानी में डुबाएं और बाहर निकाल लें। इतने में ही आप देखेंगे कि चांदी पर जमा हुआ सारा कालापन बाहर निकलने लगा है।

स्टेप 4- साबुन और पानी से साफ कर लें गहने

चांदी के गहनों और बर्तनों का कालापन हटने के बाद इन्हें साबुन और पानी से एक बार जरूर धो लें। ये पूरी तरह से क्लीन हो जाएंगे। इसके बाद किसी कपड़े से अच्छी तरह पोंछकर इन्हें एयरटाइट पाउच या किसी डब्बे में रख दें।

कौन सी ज्वैलरी पर ना आजमाएं ये तरीका

अमूमन आप इस तरीके से चांदी की ज्यादातर ज्वैलरी और बर्तन साफ कर सकते हैं। लेकिन ज्यादा नाजुक और संवेदनशील सजावटी हिस्सों वाली चांदी की ज्वैलरी को गर्म पानी और बेकिंग सोडा के घोल में डालने से बचना चाहिए। खासकर नाजुक मोती, ओपल या संवेदनशील रत्नों वाली ज्वैलरी को इस तरह क्लीन करने के बजाए सुनार की सलाह लेना जरूरी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN