Home rss sports hindi जिम्बाब्वे की टेस्ट टीम में 9 साल बाद दिग्गज प्लेयर की वापसी,...

जिम्बाब्वे की टेस्ट टीम में 9 साल बाद दिग्गज प्लेयर की वापसी, 22 साल का खिलाड़ी संभालेगा कप्तानी

3
0

Source :- KHABAR INDIATV

जिम्बाब्वे क्रिकेट ने अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में एक तरफ करीब नौ साल बाद अनुभवी लेग स्पिनर ग्रीम क्रीमर की वापसी हुई है, तो दूसरी ओर 22 साल के ब्रायन बेनेट को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा टीम में एक ऐसे खिलाड़ी को भी जगह मिली है, जिसका जिम्बाब्वे के लिए खेलने का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। बेल्जियम में जन्मे ऑलराउंडर एंटम नकवी अब इंटरनेशनल क्रिकेट में जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व करने के पात्र हो गए हैं और उन्हें पहली बार टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।

जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज 5 नवंबर से UAE के शारजाह में शुरू होगी। नियमित कप्तान रिचर्ड नगारवा पीठ की चोट से उबर रहे हैं और इसी वजह से वह टीम का हिस्सा नहीं बन सके। उनकी गैरमौजूदगी में युवा बल्लेबाज ब्रायन बेनेट टीम की कमान संभालेंगे। महज 22 साल के बेनेट के लिए यह बड़ी जिम्मेदारी होगी।

करीब 9 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में लौटे ग्रीम क्रीमर

जिम्बाब्वे की टीम में सबसे ज्यादा चर्चा ग्रीम क्रीमर की वापसी को लेकर है। 40 साल के लेग स्पिनर ने आखिरी बार दिसंबर 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच खेला था। इसके बाद से वह इस फॉर्मेट से दूर थे। अब लगभग 9 साल बाद उन्हें फिर से टेस्ट टीम में जगह मिली है। क्रीमर हाल के दिनों में जिम्बाब्वे की सीमित ओवरों की टीमों का भी हिस्सा रहे हैं। UAE में रहने का उनका अनुभव आगामी सीरीज में टीम के काम आ सकता है।

नकवी के लिए खेलने का रास्ता साफ

इस टीम में एंटम नकवी की एंट्री भी अहम है। पाकिस्तानी मूल के नकवी का जन्म बेल्जियम में हुआ था और वह 2023 से जिम्बाब्वे में क्रिकेट खेल रहे हैं। हालांकि, ICC के पात्रता नियमों के तहत जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं होने के कारण उनका इंटरनेशनल डेब्यू लगातार टल रहा था। अब जिम्बाब्वे क्रिकेट ने पुष्टि कर दी है कि उन्हें देश की ओर से खेलने की मंजूरी मिल गई है।

नकवी का घरेलू क्रिकेट में रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 24 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 60.35 की औसत से रन बनाए हैं। उनके नाम 6 शतक और 8 अर्धशतक हैं। साल 2024 में उन्होंने मिड-वेस्ट राइनोज की ओर से खेलते हुए टस्कर्स के खिलाफ नाबाद 300 रन बनाए थे। वह जिम्बाब्वे की किसी भी टीम के लिए तिहरा शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। गेंदबाजी में भी उनके नाम 62 विकेट दर्ज हैं।

टेस्ट टीम में अनुभवी खिलाड़ी शामिल

जिम्बाब्वे की 17 सदस्यीय टीम में पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर और क्रेग इरविन जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी शामिल हैं। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी ब्लेसिंग मुजारबानी और ब्रैड इवांस जैसे गेंदबाजों पर होगी। वहीं, तानाका चिवांगा चोट के कारण टीम में जगह नहीं बना सके हैं। कुंडई माटिगिमु और विंसेंट मासेकेसा की भी टेस्ट टीम में वापसी हुई है।

अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए जिम्बाब्वे की टीम: ब्रायन बेनेट (कप्तान), एंटम नकवी, बेन करन, ब्लेसिंग मुजारबानी, ब्रैड इवांस, ब्रेंडन टेलर, क्रेग इरविन, ग्रीम क्रीमर, इनोसेंट काइया, अर्नेस्ट मासुकू, कुंडई माटिगिमु, न्यूमैन न्यामहुरी, तादिवानाशे मारुमानी, तफाद्ज्वा त्सिगा, विंसेंट मासेकेसा, वेलिंगटन मासाकाद्जा और वेस्ली मादहेवेरे।

यह भी पढ़ें:

विराट कोहली ने तोड़ा सचिन तेंदुलकर का वर्ल्ड रिकॉर्ड, ODI में रन चेज के बने बादशाह

हॉकी के दिग्गज एमएम सोमैया के घर बड़ी चोरी, चोर ले उड़े 1980 मॉस्को ओलंपिक का गोल्ड मेडल

Latest Cricket News

SOURCE : KHABAR INDIAN TV