Source :- LIVE HINDUSTAN
शादी-ब्याह में आजकल लहंगे पहनने का क्रेज बढ़ गया है। ज्यादातर महिलाएं इसे पहनना पसंद करती हैं। अगर आप लहंगे में मॉर्डन लुक पाना चाहती हैं तो यहां दी गई टिप्स को अपनाएं।
तीज-त्योहारों के अलावा शादी-ब्याह में महिलाएं लहंगा पहनना पसंद करती हैं। लेकिन हर बार एक ही तरह से इसे स्टाइल करना बोरियत भरा हो सकता है। जबकि एक डिजाइनर लहंगे को आप कई तरीकों से स्टाइल कर सकते हैं। बहुत सी महिलाएं लहंगे में सेलिब्रिटी स्टाइल मॉर्डन लुक पाना चाहती हैं। इसके लिए आपको ब्लाउज, दुपट्टे की स्टाइलिंग, मेकअप और एक्सेसरीज का चुनाव करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना होगा। यहां हम कुछ टिप्स दे रहे हैं। ये टिप्स आपको लहंगे में मॉर्डन लुक पाने में मदद करेंगी। देखिए डिजाइनर लहंगे में मॉर्डन दिखने के लिए कैसे स्टाइल करें
1) ब्लाउज से बदल जाता है लहंगे का लुक
लहंगे के साथ ट्रैडिशनल ब्लाउज बनवाने की जगह मॉर्डन डिजाइन के ब्लाउज को बनवाएं। आप बैंड्यू या ब्रालेट ब्लाउज सिलवा सकती हैं। ये बैकलेस और स्ट्रैपी होते हैं। इसके अलावा ब्लेजर ब्लाउज भी ट्रेंड में है। इस टॉप के तरह पहना जाता है, इसे पहनने के बाद इंडो-वेस्टर्न लुक मिलता है। लहंगे के साथ ऑफ-शोल्डर या वन-शोल्डर डिजाइन भी अच्छा लगता है। अगर आप एक्ट्रेसेस वाला लुक पाना चाहती हैं तो कॉर्सेट स्टाइल ब्लाउज बनवाएं या फिर केप ब्लाउज भी लहंगे के साथ पहनने के लिए बेहतरीन ऑप्शन है।
2) बदलें दुपट्टा ड्रेपिंग का स्टाइल
अगर आप लहंगे में मॉर्डन लुक पाना चाहती हैं तो दुपट्टा ड्रेपिंग स्टाइल को बदलें। दुपट्टे को बेल्ट की तरह पहनें। इसमें दुपट्टे को मोड़कर कमर पर कस लें और एक कंधे पर कमरबंद की तरह डालें। साफ-सुथरा और ट्रेंडी लुक पाने के लिए दुपट्टे को ब्लाउज में पहले से पिन कर लें। मॉर्डन लुक के लिए आप दुपट्टे को स्किप कर सकते हैं।
3) मॉर्डन हेयर और मेकअप
लहंगे में मॉर्डन लुक के लिए बालों को स्ट्रेट करें, मैसी जूड़ा बनाएं या बीच वेव्ज चुनें। मॉर्डन लुक के लिए गजरा से सजे भारी लुक को कैरी करने से बचें। इसके अलावा मेकअप में चमकदार स्किन के साथ बोल्ड लिपस्टिक या स्मोकी आई मेकअप के साथ न्यूड लिपस्टिक चुनें। लहंगे के रंग से मेल खाता नेल पेंट लगवाना ना भूलें।
4) सही जूलरी चुनें
मॉर्डन लुक पाने के लिए आपको सबसे ज्यादा जिस बात का ध्यान रखना है वह है सही जूलरी को चुनना। मॉर्डन लुक बहुत ज्यादा भरा हुआ नहीं होता, बल्कि ये बहुत सोबर और हल्का होता है। हैवी लुक से बचने के लिए पूरे सेट को पहनने की जगह सिर्फ स्टेटमेंट पीस चुनें। बिना नेकलेस वाले झुमके या कई अंगूठियों के साथ स्टाइलिश चोकर पहनें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





