Source :- KHABAR INDIA TV
गांव-घर जाकर पूरे परिवार के साथ दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहार मनाने के बाद अब लोग वापस शहरों की ओर लौट रहे हैं। अभी कुछ दिन पहले तक जैसी भीड़ बिहार जाने वाली ट्रेनों में देखी जा रही थी, अब ठीक वैसी ही भीड़ बिहार से वापस लौटने वाली ट्रेनों में देखने को मिल रही है। बिहार से वापस दिल्ली, पुणे, चंडीगढ़, हावड़ा, कोलकाता जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए सैकड़ों स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, जिनमें हजारों सीटें खाली हैं।
162 स्पेशल ट्रेनों में कुल 33,479 सीटें खाली
पूर्व मध्य रेलवे ने 162 स्पेशल ट्रेनों की एक लिस्ट जारी की है, जिनमें कुल 33,479 सीटें खाली हैं। ये स्पेशल ट्रेनें बिहार के पटना, पूर्णिया कोर्ट, रक्सौन, बरौनी, पाटलिपुत्र, झंझारपुर, मधुबनी, लोकहा बाजार, दरभंगा, नटेशर, धनबाद (झारखंड), सीतामढ़ी, गया, शेखपुरा, दानापुर से चलकर पुणे, पाटलिपुत्र, मुंबई, दुर्ग, पूर्णिया कोर्ट, राउरकेला, रांची, कोलकाता, आसनसोल, ग्वालियर, रामनगर, भागलपुर, दिल्ली, विशाखापट्टनम, हावड़ा, शालीमार, चंडीगढ़ तक जाएंगी।
18 नवंबर से लेकर 30 नवंबर तक चलने वाली हैं ट्रेनें
रेलवे द्वारा बुधवार को जारी की गई ताजा लिस्ट के मुताबिक, इनमें 18 नवंबर से लेकर 30 नवंबर तक चलने वाली ट्रेनें हैं। इसके अलावा, खाली बताई गईं 33,479 सीटें चेयर कार, स्लीपर क्लास, थर्ड क्लास एसी, थर्ड क्लास एसी इकोनॉमी, सेकेंड क्लास एसी, फर्स्ट क्लास एसी कोच में उपलब्ध हैं। 29 नवंबर को पटना से चलकर हावड़ा जाने वाली ट्रेन नंबर- 02024 में 1200 से ज्यादा सीटें खाली हैं। ये एक चेयर कार वाली ट्रेन हैं, जिसमें सिर्फ बैठने के लिए सीटें उपलब्ध हैं। इसके अलावा, कुछ ट्रेनों में सिर्फ गिनती की सीटें ही खाली हैं।
गांव से वापस शहर जाने वाले लोगों के लिए जरूरी खबर
अगर आप भी अपने काम पर लौटने के लिए वापस शहर जाने के लिए ट्रेनों में टिकट की तलाश में हैं तो ये खबर आपके लिए काफी मददगार हो सकती है। स्पेशल ट्रेनों में खाली पड़ी सीटों की सभी जानकारी नीचे बताई गई है, जो एक PDF फाइल में दर्ज है।
162 स्पेशल ट्रेनों में खाली पड़ीं 33,479 सीटों की सभी जानकारी प्राप्त करने के लिए यहां क्लिक करें।
इन सभी ट्रेनों का पूरा रूट और टाइम टेबल की पूरी जानकारी के लिए आप रेलवे के हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा, आप NTES पोर्टल पर जाकर भी इन ट्रेनों का पूरा रूट और टाइम टेबल देख सकते हैं।
ये भी पढ़ें
SOURCE : KHABAR INDIA TV




