Source :- LIVE HINDUSTAN
त्योहारों का सीजन शुरू होने के साथ ही घर की सफाई भी स्टार्ट हो जाती है। पूरे घर की सफाई करने में कुछ कोने छूट जाते हैं। पिछले साल ऐसा हुआ था तो इस बार सबसे पहले इन कोनों को ही साफ करें, घर के ये कोने अक्सर सफाई करने से छूट जाते हैं, इसलिए पहले इन जगहों की करें सफाई।
नवरात्रि का त्योहार नजदीक आने के साथ ही साफ-सफाई का दौर चल पड़ता है और ये क्लीनिंग पूरे दिवाली तक होती है। धीरे-धीरे घर के हर कमरे और कोने को साफ किया जाता है। अगर पेंटिंग भी करानी है तो इसी वक्त पर कराई जाती है। लेकिन पूरी सफाई के होने के बाद भी घर के कुछ कोने भूल जाते हैं और सबसे अंत में बहुत ही कम समय में इन्हें बस हल्का-फुल्का झाड़पोंछ दिया जाता है। लेकिन इस बार गलती ना करें और घर की सफाई शुरू करने वाली हैं तो सबसे पहले इन कोनों को ही साफ करें। जिससे पिछले साल की तरह गलती ना हो, जानें कौन से कोनों से शुरू करें घर की सफाई।
खिड़की-दरवाजों के ट्रैक
स्लाइड करने वाले खिड़की, दरवाजे हर घर में होते हैं और अक्सर इनकी डीप क्लीनिंग करना लोग भूल जाते हैं। इसे साफ करने के लिए केवल गीला कपड़ा काफी नहीं, पहले इसमे बैठी धूल को ब्रश से हटाना जरूरी है और फिर इसमे गीला कपड़ा चलाएं। जिससे सारी धूल-मिट्टी अच्छी तरह से साफ हो जाए।
बाथरूम-आंगन के स्विच बोर्ड
इलेक्ट्रिक स्विच बोर्ड सबसे इग्नोर करने वाली चीज होती है और इन बोर्ड पर बहुत सारी गंदगी जमा होती है। हर बार हाथ रखने के साथ ही ये स्विच गंदे हो जाते हैं और इन्हें साफ करना लोग भूल जाते हैं। ऐसे में सबसे पहले इन स्विच बोर्ड को नेलपॉलिश रिमूवर वाले पैड से साफ करें। जिससे गीले कपड़े से करंट लगने का डर ना हो और सफाई भी हो जाए।
डोर हैंडल और कुंडियां
चारों तरफ सफाई हो जाती है लेकिन दरवाजों, ड्राअर, वॉर्डरोब पर लगे हैंडल साफ करना अक्सर भूल जाते हैं। तो इस बार सबसे पहले सारे डोर हैंडल की डीप क्लीनिंग करें और उन्हें चमकाएं। जिससे आखिरी वक्त पर इनकी सफाई करना छूट ना जाए।
फ्रिज के डोर का रबर
फ्रिज के डोर में लगे रबर में ढेर सारी गंदगी होती है लेकिन सफाई के वक्त अक्सर हम इसे इग्नोर करते हैं। लेकिन इस बार क्लीनिंग शुरू कर रहीं तो सबसे पहले फ्रिज डोर के रबर को अच्छे से साफ करें। यहां पर ढेर सारे कीड़े-मकोड़ों के अंडे, गंदगी छिपी हो सकती है। फ्रिज डोर के रबर को साफ करना है तो साबुन का झाग बनाकर टूथब्रश की मदद से इनकी सफाई करें। बिल्कुल नया जैसा चमक जाएगा फ्रिज का डोर।
सीलिंग से सटे कबर्ड या आलमारी
कमरे की सफाई में जो आलमारी सबसे ऊपर सीलिंग से लगी हुई होती है वो छूट जाती है। कारण, वहां तक कोई पहुंच ही नहीं पाता, ऐसे में सफाई शुरू करने वाली हैं तो सबसे पहले इस जगह को साफ करें। यहां पर अक्सर गैर जरूरी चीजें लोग भरकर रख देते हैं। तो इस साल सारे बिना इस्तेमाल वाली चीजों को निकालकर किसी जरूरत मंद को दें और अपने घर को डिक्लटर करें।
स्कर्टिंग बोर्ड
जमीन और दीवार के जोड़ पर लोग सीमेंट, मार्बल या फिर टाइल्स की पट्टी जुड़वाते हैं। ये पट्टी दीवारों को गंदा होने से बचाने के लिए होती है और कई बार लोग इसे लकड़ी वगैरह का भी बनवाते हैं जिससे कमरा सुंदर दिखे। लेकिन रोज लगने वाले पोछे से ये गंदे हो जाते हैं और इन्हें साफ करने की याद नहीं रहती। दिवाली की सफाई शुरू करने वाली हैं तो सबसे पहले दीवार पर बनी इन धार यानी स्कर्टिंग बोर्ड को साफ करें। जिससे आपके कमरे के कोने ज्यादा चमकदार नजर आने लगेंगे।
तो इस बार सफाई शुरू करने वाली हैं तो पिछले साल की तरह गलतियां ना करें और इन कोनों को सबसे पहले साफ करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



