Home - दिवाली पर न निकल जाए दिवाला, एक क्लिक कर सकता है कंगाल,...

दिवाली पर न निकल जाए दिवाला, एक क्लिक कर सकता है कंगाल, इन स्कैम से बचके रहना

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

फेस्टिव सीजन पीक पर है और इस दिवाली आपको ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि हैकर्स भी लोगों को चूना लगाने के लिए तैयार बैठे हैं। खुद सरकार ने लोगों को कुछ स्कैम से बचने के लिए चेतावनी दी है।

इस दिवाली आपका दिवाला न निकल जाए। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं क्योंकि फेस्टिव सीजन पीक पर है और जालसाज भी घात लगाएं बैठे हैं और आपसे बस एक क्लिक दूर हैं। जी हां, आपका बिना सोचे किया गया एक क्लिक आपको कंगाल करने के लिए काफी है। दरअसल, दिवाली पर हर कोई ऑनलाइन खरीदारी करने, एक-दूसरे को शुभकामनाएं और उपहार भेजने में व्यस्त रहता है। हैकर्स लोगों की इस व्यस्तता का फायदा उठाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं और उनके पैसे चुरा रहे हैं। गृह मंत्रालय (MHA) ने ‘इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर’ (I4C) के जरिए, आईफोन और एंड्रॉयड स्मार्टफोन चला रहे लोगों के लिए कई चेतावनियां जारी की हैं।

टाइम्सनाउ की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार ने कई एडवाइजरी जारी करके लोगों को धोखाधड़ी के कुछ तरीकों के बारे में आगाह किया है। इनमें फर्जी ‘ऐप्पल सपोर्ट’ मैसेज, मलिशियस एंड्रॉयड ऐप्स और वॉट्सऐप अकाउंट पर कब्जा करने जैसे मामले शामिल हैं। इन स्कैम के जरिए अपराधी, लोगों की निजी जानकारी, बैंकिंग क्रेडेंशियल्स और यहां तक ​​कि उनके बैंक अकाउंट तक भी पहुंच बना सकते हैं।

नकली ‘ऐप्पल सपोर्ट’ मैसेज आपके आईफोन को खतरे में डाल सकते हैं

जिन आईफोन यूजर्स के डिवाइस खो गए हैं या चोरी हो गए हैं, उन्हें नकली ‘ऐप्पल सपोर्ट’ मैसेज के जरिए निशाना बनाया जा रहा है। ठग SMS भेजकर दावा करते हैं कि उनका खोया हुआ आईफोन मिल गया है, और फिर यूजर्स को एक फर्जी ‘ऐप्पल लॉगिन’ पेज पर ले जाते हैं। जैसे ही यूजर अपनी ‘ऐप्पल ID’ की जानकारी और वन-टाइम पासवर्ड (OTP) दर्ज करते हैं, अपराधी उनके ‘iCloud’ अकाउंट का एक्सेस हासिल कर लेते हैं।

इसके बाद, वे असली ‘ऐप्पल ID’ को हटा सकते हैं, सुरक्षा को बायपास कर सकते हैं और चोरी हुए डिवाइस को दोबारा बेचने के लिए तैयार कर सकते हैं। सरकार ने यूजर्स को चेतावनी दी है कि वे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और न ही अपना ‘ऐप्पल अकाउंट’ क्रेडेंशियल या OTP किसी के साथ शेयर करें, भले ही मैसेज देखने में असली जैसा क्यों न लगे।

‘बॉस स्कैम’: पैसे चुराने के लिए हैकर्स वॉट्सऐप अकाउंट हाईजैक कर रहे हैं

I4C ने एक और स्कैम के बारे में बताया है, जिसे ‘बॉस स्कैम’ या ‘CEO इम्परसोनेशन फ्रॉड’ (CEO बनकर धोखा देना) कहा जाता है। इस तरह के हमले में, साइबर अपराधी खुद को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के अधिकारियों या अन्य किसी संस्थाओं के प्रतिनिधि के रूप में पेश करते हैं। वे ईमेल या वॉट्सऐप के जरिए कंपनी के CEO और वरिष्ठ अधिकारियों को खतरनाक ZIP फाइलें भेजते हैं। जब कोई अधिकारी विंडोज कंप्यूटर पर इस फाइल को खोलता है, तो उसमें मौजूद मालवेयर उनके एक्टिव वॉट्सऐप वेब सेशन को हाईजैक कर सकता है।

इसके बाद, अपराधी उस अधिकारी के असली वॉट्सऐप अकाउंट का इस्तेमाल करके कंपनी की फाइनेंस टीम और कर्मचारियों से संपर्क करते हैं और उन्हें कुछ खास बैंक अकाउंट्स में पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहते हैं। I4C ने कंपनियों को सलाह दी है कि वे किसे के तुरंत पैसों भेजने की डिमांड करने पर उस व्यक्ति को खुद कॉल करके वेरिफाई करें। साथ ही, मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर मिलने वाली किसी भी संदिग्ध फाइल को खोलने से बचें।

‘एंड्रॉयड गॉड मोड’ मालवेयर से बैंकिंग ओटीपी चुराए जा सकते हैं

एंड्रॉयड स्मार्टफोन यूजर्स के लिए एक और गंभीर खतरा सामने आया है, जिसका नाम ‘Android God Mode’ मालवेयर है। गृह मंत्रालय की एडवाइजरी के अनुसार, यह मालवेयर फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया और वॉट्सऐप मैसेज के जरिए भेजी जाने वाली खतरनाक एपीके फाइलों से फैलता है और खुद को एसबीआई योनो, जीवन प्रमाण पत्र, आरटीओ चालान या गूगल प्ले सर्विसेज अपडेट जैसे जाने-माने नामों से छिपा लेता है।

इंस्टॉल होने के बाद मालवेयर यूजर को एक्सेसिबिलिटी सर्विसेज चालू करने के लिए धोखा देता है, जिससे यह स्क्रीन का कंटेंट पढ़ सकता है, इनपुट इंटरसेप्ट कर सकता है और सिस्टम प्रॉम्प्ट को मंजूरी दे सकता है। यह एसएमएस और कॉलिंग परमिशन का दुरुपयोग करके बैंकिंग ओटीपी और लॉगिन डिटेल्स चुरा सकता है, जिससे अकाउंट से पैसे चुराए जा सकते हैं। इसके अलावा यह अपना ऐप आइकन छिपा सकता है, नॉर्मल अनइंस्टॉल का विरोध कर सकता है और डिवाइस के लोकल बैकअप से खुद को फिर से इंस्टॉल करने की कोशिश कर सकता है।

इस दिवाली सुरक्षित कैसे रहें

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे एप्लिकेशन डाउनलोड करते समय, अटैचमेंट खोलते समय और अनजान मैसेज का जवाब देते समय सतर्क रहें। अनजान सोर्स से APK फाइलें इंस्टॉल करने से बचें, कभी भी OTP या बैंकिंग जानकारी किसी के साथ शेयर न करें, और तुरंत पैसे भेजने वाली किसी भी रिक्वेस्ट की उस व्यक्ति को कॉल करके पुष्टि जरूर करें। त्योहार की बधाई, कस्टमर सपोर्ट का कोई अलर्ट, या आपके बॉस की ओर से आया कोई जरूरी संदेश, फेक और मलिशियल मैसेज हो सकते हैं। इस दिवाली, कुछ भी क्लिक करने से पहले सोच लें। आपकी एक लापरवाही आपको बहुत भारी पड़ सकती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN