Source :- LIVE HINDUSTAN
दिवाली पर सूट पहन रही हैं तो इसके साथ दुपट्टे को स्टाइल करने के 5 तरीके आपको जरूर जानने चाहिए। दुपट्टा स्टाइलिंग के ये तरीके ऐसे हैं जिनमें आपको क्लासी लुक मिलेगा और आपका स्टाइल भी डिफरेंट दिखेगा।
दिवाली पर सूट पहन रही हैं तो इसमें क्लासी दिखने के लिए दुपट्टे को सही तरीके से स्टाइल करें। ज्यादातर महिलाएं सूट के दुपट्टे को ओढ़ने से कतराती हैं। ऐसा इसे सही तरह से स्टाइल ना करने पर होता है। एक दुपट्टा आपके एथनिक लुक को पूरी तरह से बदल सकता है। अगर आप क्लासिक, ग्रेसफुल, एलिगेंट दिखना चाहती हैं, तो इसे सही तरह से स्टाइल करें। यहां हम सूट के दुपट्टे को स्टाइल करने के 5 तरीके बता रहे हैं। ये तरीके सूट में क्लासी लुक पाने में मदद करते हैं।
1) वन शोल्डर रॉयल ड्रेप
वन शोल्डर रॉयल ड्रेप दुपट्टा ओढ़ने के सबसे सुंदर तरीकों में से एक है। अगर आप सुंदर बॉर्डर वाला मुलायम शिफॉन, जॉर्जेट या ऑर्गेन्जा दुपट्टा कैरी कर रही हैं तो इसे वन शोल्डर ड्रेप स्टाइल में पहनें। इसे स्टाइल करने के लिए दुपट्टे को लंबाई की तरफ से मोड़कर मीडिय चौड़ाई की एक अच्छी प्लेट बना लें। इसे एक कंधे पर रखें। अब एक सिरा आगे की तरफ और दूसरा सिरा पीछे की तरफ रहने दें। कंधे पर एक छोटी पिन लगाकर इसे सेट कर लें। फिर आगे वाले हिस्से को लंबा और खुला रहने दें। इस तरह की ड्रेपिंग अनारकली सूट, स्ट्रेट सूट, चूड़ीदार और शरारा सेट के साथ काफी अच्छी लगती है।
2) दोनों कंधों पर करें ड्रेप
इस तरह की ड्रेपिंग से आपको ट्रेडिशनल और शानदार लुक मिलेगा। इसे स्टाइल करने के लिए दुपट्टे को अच्छे से मोड़ लें। फिर इसके बीच वाले हिस्से को अपनी गर्दन के पीछे रखें। दोनों सिरों को अपने कंधों के ऊपर से आगे की तरफ लाएं। फिर दोनों सिरों को दोनों तरफ बराबर लटकने दें। अगर आप चाहती हैं कि दुपट्टा अपनी जगह पर टिका रहे, तो उसे सावधानी से पिन कर लें। पटियाला सूट, स्ट्रेट-कट सूट, कॉटन सूट और कढ़ाई वाले कुर्ता सेट के साथ ये ड्रेपिंग काफी अच्छी लगती है।
3) फ्रंट फ्लॉइंग दुपट्टा
इस तरह की ड्रेपिंग के लिए दुपट्टे को अपनी गर्दन के पीछे से घुमाकर आगे लाएं। फिर दोनों सिरों को सामने की तरफ रखें। कपड़े को दोनों तरफ आराम से लटकने दें और बहुत ज्यादा चुन्नटें न बनाएं। जरूरत पड़े तो इसे कंधों के पास पिन से सेट कर लें। स्ट्रेट सूट, पलाजो सूट और लंबे कुर्ते के साथ ये ड्रेप काफी अच्छा लगता है।
4) केप स्टाइल ड्रेप
सूट के साथ अगर लाइट वेट दुपट्टा है तो इसे केप स्टाइल में ड्रेप करें। ये ड्रेपिंग का एक बेहतरीन स्टाइल है जो आपको थोड़ा शाही लुक देता है। इसे स्टाइल करने के लिए दुपट्टे को अपने कंधों के पीछे रखें। फिर दोनों सिरों को आगे की तरफ लाएं। कपड़े को अपनी बांहों पर अच्छी तरह फैला लें और कंधों के पास इसे अच्छी तरह से पिन करें।
5) डबल दुपट्टा ड्रेप
शादियों और खास मौकों के लिए ये एक बेहतरीन ऑप्शन है। इस स्टाइल करने के लिए एक दुपट्टे को अपने सिर पर रखें। दूसरे दुपट्टे को अपने कंधों पर या शरीर पर तिरछा डालें। दोनों दुपट्टों के रंग एक-दूसरे के साथ अच्छे लगने वाले होने चाहिए। ध्यान रखें कि उनके बॉर्डर एक-दूसरे पर हावी न हों।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



