Source :- INDIATV NEWS

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के बैसनपुरवा मोड़ पर हुआ, जहां तेज रफ्तार टाटा सफारी ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त चारों दोस्त दुर्गा पूजा के भंडारे से प्रसाद ग्रहण कर अपने घर लौट रहे थे। एक साथ तीन युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
टक्कर के बाद कई फीट दूर जा गिरे चारों युवक
जानकारी के मुताबिक, दलसिंहपुरवा गांव के रहने वाले चार दोस्त दो बाइकों पर सवार होकर धरौली में आयोजित दुर्गा पूजा के भंडारे में शामिल होने गए थे। प्रसाद ग्रहण करने के बाद चारों अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बैसनपुरवा मोड़ से हाईवे पर चढ़ते समय अयोध्या की तरफ से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार टाटा सफारी ने उनकी दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों युवक कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के दौरान एक बाइक सफारी में ही फंस गई।
तीन की मौके पर मौत
इस दुर्घटना में अनूप रावत (26), विमलेश यादव (22) और अनिल (23) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बुच्ची (30) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।
टाटा सफारी को लिया गया कब्जे में
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आधे घंटे से अधिक समय तक जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टाटा सफारी को भी कब्जे में ले लिया है।
परिवार में पसरा मातम
इस बीच, राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। एक साथ तीन युवकों की मौत से दलसिंहपुरवा गांव में कोहराम मचा हुआ है। जिन घरों में कुछ देर पहले तक खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा है।
दीपक निर्भय की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें:
SOURCE : INDIATV NEWS



