Source :- LIVE HINDUSTAN
दुर्गा पूजा के भोग में बंगाली खिचड़ी के साथ लाबड़ा भी खूब पसंद किया जाता है। कई सब्जियों से बनने वाली इस बंगाली डिश को आप घर पर आसानी से बना सकते हैं। जानें इसकी रेसिपी।
दुर्गा पूजा के दौरान मां दुर्गा को भोग चढ़ाने के लिए कई तरह की डिशेज बनाई जाती हैं। इनमें बंगाली खिचड़ी और लाबड़ा की जोड़ी काफी खास मानी जाती है। लाबड़ा एक पारंपरिक बंगाली सब्जी है, जिसे कई तरह की सब्जियों को मिलाकर बनाया जाता है। इसकी खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग सब्जियों का स्वाद मसालों के साथ मिलकर काफी अच्छा लगता है। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मसालों की जरूरत भी नहीं पड़ती। अगर इस दुर्गा पूजा पर आप घर में बंगाली भोग तैयार करना चाहते हैं, तो खिचड़ी के साथ लाबड़ा भी बनाएं। आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।
बंगाली लाबड़ा बनाने के लिए सामग्री
कद्दू – 1 कप
आलू – 1 मध्यम आकार का
बैंगन – 1 छोटा
मूली – आधी
कच्चा केला – 1
फूलगोभी – 1 कप
हरी बीन्स – आधा कप
अदरक का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
जीरा – आधा छोटा चम्मच
पंचफोरन – आधा छोटा चम्मच
तेज पत्ता – 1
सूखी लाल मिर्च – 1
हल्दी – आधा छोटा चम्मच
जीरा पाउडर – आधा छोटा चम्मच
नमक – स्वाद के अनुसार
चीनी – आधा छोटा चम्मच (चाहें तो)
सरसों का तेल – 2 बड़े चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
बंगाली लाबड़ा बनाने का आसान तरीका
- सबसे पहले सब्जियां काट लें
कद्दू, आलू, बैंगन, मूली, कच्चा केला और फूलगोभी को अच्छी तरह धो लें। अब सभी सब्जियों को मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें। बीन्स को भी छोटे टुकड़ों में काट लें। कोशिश करें कि सब्जियों के टुकड़े बहुत छोटे न हों, ताकि पकने के बाद उनका स्वाद और बनावट बनी रहे।
- तेल में खड़े मसालों का तड़का लगाएं
एक कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें पंचफोरन, तेज पत्ता और सूखी लाल मिर्च डालें। जब मसाले चटकने लगें, तो अदरक का पेस्ट डालकर कुछ सेकंड भूनें। इससे लाबड़ा में अच्छी खुशबू आएगी और उसका स्वाद भी बढ़ेगा।
- सब्जियों को मसालों के साथ मिलाएं
अब कड़ाही में सभी कटी हुई सब्जियां डाल दें। इसमें हल्दी, जीरा पाउडर और नमक मिलाएं। सब्जियों को अच्छी तरह चलाकर करीब 3-4 मिनट तक भूनें, ताकि मसाले उन पर अच्छी तरह लग जाएं।
- ढककर सब्जियों को पकाएं
अब कड़ाही में थोड़ा पानी डालें और ढक्कन लगाकर सब्जियों को धीमी आंच पर पकने दें। बीच-बीच में सब्जियों को चलाते रहें, ताकि वे नीचे चिपकें नहीं। सब्जियां नरम होने तक पकाएं। ध्यान रखें कि पानी बहुत ज्यादा न डालें, क्योंकि लाबड़ा की सब्जी बहुत पतली नहीं होती।
- आखिर में स्वाद को करें बैलेंस
जब सब्जियां अच्छी तरह पक जाएं, तो चाहें तो इसमें थोड़ी चीनी डाल सकते हैं। बंगाली स्वाद में हल्का मीठापन अच्छा लगता है, लेकिन चीनी डालना जरूरी नहीं है। अब सब्जियों को हल्के हाथ से मिलाएं और गैस बंद कर दें। आपकी बंगाली लाबड़ा सब्जी तैयार है।
बंगाली खिचड़ी के साथ परोसें लाबड़ा
दुर्गा पूजा के भोग में लाबड़ा को बंगाली खिचड़ी के साथ परोसें, इसके साथ चटनी या दूसरी पसंदीदा साइड डिश भी रख सकते हैं।
काम के टिप्स
- कुछ सब्जियां जल्दी पक जाती हैं, तो कुछ को ज्यादा समय लगता है। इसलिए पहले आलू, मूली और कच्चा केला डालें। कद्दू और बैंगन जैसी सब्जियां बाद में डालें, ताकि वे ज्यादा गलें नहीं।
- लाबड़ा का खास बंगाली स्वाद पंचफोरन से आता है। इसमें मेथी, कलौंजी, जीरा, सौंफ और सरसों के बीज होते हैं। गर्म तेल में इसका तड़का लगाने से सब्जी में अच्छी खुशबू आती है।
- लाबड़ा को बहुत पतला बनाने की जरूरत नहीं है। सब्जियां पकते समय भी पानी छोड़ती हैं, इसलिए शुरुआत में थोड़ा पानी डालें। जरूरत लगे, तो बाद में और मिला दें।
- इस सब्जी में बहुत ज्यादा गरम मसाला या लाल मिर्च डालने की जरूरत नहीं है। हल्के मसालों और पंचफोरन से ही इसका अच्छा स्वाद आता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




