Source :- KHABAR INDIATV
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत हाल ही में अपने दोस्त और निर्माता अमित तुली की शादी में शामिल हुईं। अमित ने अपनी गर्लफ्रेंड रहीं गरिमा के साथ शादी की है। शादी से कंगना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह कपल को आशीर्वाद देती और उन पर फूल बरसाती नजर आ रही हैं। एक्ट्रेस ने यह खूबसूरत वीडियो अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें वह मस्ती भरे अंदाज में नजर आ रही हैं।
दोस्त अमित तुली की शादी में पहुंचीं कंगना रनौत
कंगना रनौत द्वारा शेयर किए गए वीडियो में एक्ट्रेस दूल्हा-दुल्हन पर फूल बरसाती दिख रही हैं, जो एक-दूसरे का हाथ थामे खड़े हैं। इस दौरान, कंगना पूरे उत्साह के साथ हिंदी में कहती हैं, ‘तीनों लोकों से सभी देवता आप पर फूल बरसा रहे हैं’ और जोड़े को आशीर्वाद देती हैं। इसके बाद वह उन्हें शगुन देती हैं और दूल्हा-दुल्हन के गालों पर किस करके अपना प्यार जताती हैं। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर शादी की कुछ तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने कैप्शन लिखा, ‘प्यारे अमित तुली और गरिमा को नई शुरुआत के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।’
दोस्त की शादी में कंगना रनौत छाईं
इस मौके के लिए कंगना ने बॉटल-ग्रीन कलर का पारंपरिक लहंगा चुना, जिस पर भारी कढ़ाई की गई थी। इसके साथ उन्होंने मैचिंग दुपट्टा लिया था। अपने लुक को पूरा करने के लिए उन्होंने सोने के शानदार गहने पहने, जिनमें लेयर्ड नेकलेस, बड़े झुमके और मांग टीका शामिल थे। एक्ट्रेस ने हल्का और सिंपल मेकअप किया है।
अमित तुली कौन हैं?
अमित तुली एक लेखक, निर्माता और मार्केटर हैं। उनका स्टूडियो, ‘स्टूडियो उन्नीस एंटरटेनमेंट’, कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की डिजिटल मार्केटिंग से जुड़ा था। इसके अलावा, अमित का स्टूडियो ‘हनुमान अंश’ के पब्लिक रिलेशंस और मार्केटिंग से भी जुड़ा रहा है। अमित ने हैरी सचदेवा के साथ मिलकर 2015 की फिल्म ’31st अक्टूबर’ की कहानी लिखी थी। शिवाजी लोटन पाटिल द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सोहा अली खान और वीर दास मुख्य भूमिकाओं में थे। 31 अक्टूबर 1984 को प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के तुरंत बाद की घटनाओं पर आधारित यह फिल्म दिल्ली में हिंसा के दौरान फंसे एक सिख परिवार की कहानी दिखाती है, जिसमें उनके दोस्त उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में मदद करते हैं।
कंगना रनौत की अपकमिंग फिल्म
कंगना को आखिरी बार ‘भारत भाग्य विधाता’ में देखा गया था। मनोज तपाड़िया द्वारा निर्देशित इस फिल्म में कंगना के साथ गिरिजा ओक और स्मिता तांबे भी थीं। सच्ची घटनाओं पर आधारित यह फिल्म उन डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल के कर्मचारियों की बहादुरी से प्रेरित है, जिन्होंने 2008 के मुंबई हमलों के दौरान कामा अस्पताल में मरीजों की जान बचाई थी। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई और केवल 8.32 करोड़ रुपये की कमाई कर सकी। वह जल्द रही ‘स्केरी पिक्चर’ में नजर आएंगी। तेलुगु फिल्म निर्माता-अभिनेता रवि बाबू द्वारा निर्देशित इस फिल्म को राणा दग्गुबाती प्रोड्यूस करेंगे।
SOURCE : KHABAR INDIATV




