Source :- LIVE HINDUSTAN
त्योहारों के सीजन में घर की सफाई सबसे पहले होती है। दिवाली और धनतेरस आने से पहले घर को चमकाना है तो कुछ बातों का ध्यान जरूर रखें, जिससे सफाई के बाद गंदगी लौटे नहीं और साथ ही आपकी सेफ्टी को भी नुकसान ना हो।
दिवाली का त्योहार नजदीक है और घर की साफ-सफाई का काम जोरों पर होगा। लेकिन सफाई के दौरान कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है। दिवाली की सफाई की जाती है ताकि मां लक्ष्मी प्रसन्न हो और हमारे घर में वास करें। इसीलिए दिवाली पर घर को साफ-सुथरा करके सजाने की परंपरा है। इसलिए जब सफाई कर रहीं हो तो घर के छोटे-छोटे कोनों की सफाई के साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि वापस से धूल-मिट्टी घर में ना लौटे, साथ ही सेफ्टी का भी पूरा ध्यान रखें। दिवाली से लेकर छठ पूजा के त्योहारों के लिए घर की सफाई कर रहीं तो इन बातों का ध्यान जरूर रखें।
खिड़कियों और दरवाजों की दरार भरें
खिड़की और दरवाजों को बंद रखती हैं जिससे धूल-मिट्टी अंदर ना आ जाए। लेकिन लाख सफाई के बाद भी धूल घर में रहती है तो इसका कारण छोटे छेद और दरारे होती हैं। इन दरारों और छेद को सही सीलेंट से भरें। व्हाइट सीमेंट या मार्केट में मिलने वाले पैक्ड आइटम का यूज करें जो इन दरारों को भरने में मदद करते हैं। जिससे घर में धूल-मिट्टी और नमी के साथ ही छोटे कीड़े-मकोड़े ना आएं।
दरवाजों के नीचे गैप को बंद करें
दरवाजों के नीचे ढेर सारा गैप होता है तो मेन गेट से चूहे वगैरह घर के अंदर घुसकर गंदगी फैलाते हैं। साथ ही धूल-मिट्टी भी अंदर आती है। इन सारी समस्या से बचना है तो दरवाजों के गैप पर सिलकॉन ब्रश और डोर बॉटम सील जैसी चीजों को लगाएं। जिससे ये गैप खत्म हो और घर साफ-सुथरा रहे।
घर के मेन गेट की सफाई
घर के मेन गेट की सफाई भी जरूरी है क्योंकि बाहर से बच्चे और पालतू जानवर जब अंदर आते हैं तो साथ में गंदगी, धूल-मिट्टी भी लाते हैं। पैरों के जरिए आने वाले धूल-मिट्टी को रोकना है तो मेन गेट की सफाई के साथ ही वहां पर डोर मैट जरूर रखें। जूते-चप्पलों को घर से बाहर रखने के लिए शू रैक रखें। जिनमे एक साथ कई शूज रखे जा सकें और घर में डायरेक्ट गंदगी अंदर ना आए।
चटाई और कारपेट की सफाई
घर को धूल-मिट्टी से दूर रखना है तो चटाई, कारपेट वगैरह को साफ करें। इनमे काफी ज्यादा मात्रा में धूल जमती है, जिसकी डीप क्लीनिंग जरूरी है। हल्की सफाई से ये धूल खत्म नहीं होती। इसलिए कारपेट को धूप दिखाकर वैक्यूम क्लीनर से क्लीनिंग करनी चाहिए।
आलमारी-बेड के पीछे के हिस्से
अक्सर सफाई में भारी फर्नीचर और सामान के पीछे के हिस्से छूट जाते हैं, जहां पर काफी ज्यादा धूल-मिट्टी छिपी होती है। इसलिए भारी फर्नीचर जैसे बेड बॉक्स और आलमारी वगैरह को खिसकाकर तब उसकी सफाई करें।
इलेक्ट्रानिक डिवाइस साफ करते समय रखें ध्यान
पंखे, फ्रिज और एसी के आसपास सफाई कर रहे तो ध्यान रखे कि स्विच बोर्ड ऑफ हो और प्लग पूरी तरह से निकला हुआ हो। स्विच और बोर्ड की सफाई के लिए गीले कपड़े भूलकर भी यूज ना करें बल्कि देसी हैक्स की मदद लें। नेलपॉलिश रिमूवर के पैड्स इन स्विच बोर्ड की सफाई आराम से करेंगे और करंट लगने का खतरा भी नहीं होगा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




