Home LIFESTYLE NEWS HINDI ना मिल्क पाउडर, ना फिटकरी! हलवाई की तरह बनाएं लच्छेदार रबड़ी, शेफ...

ना मिल्क पाउडर, ना फिटकरी! हलवाई की तरह बनाएं लच्छेदार रबड़ी, शेफ संज्योत की आसान ट्रिक

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

त्योहार के सीजन में अगर बाजार वाली रबड़ी नहीं खाना चाहते हैं, तो घर पर बना लें। शेफ संज्योत ने लच्छेदार रबड़ी बनाने की आसान रेसिपी शेयर की है।

त्योहार का सीजन है और ऐसे में लोग मीठा खाना पसंद करते हैं। मिलावट के जमाने में बाजार से कुछ भी खरीदकर खाना सेहत के साथ खिलवाड़ करने जैसा हो गया है, ऐसे में क्यों ना आप घर पर ही कुछ मीठा बनाकर खाएं। हरियाली तीज के लिए अगर आप बाजार जैसी रबड़ी बनाना चाहते हैं, तो घर पर ही आधे घंटे में बना लें। शेफ संज्योत कीर ने हलवाई जैसी रबड़ी बनाने की सिंपल ट्रिक शेयर की है। इस रेसिपी में ना ही आपको फिटकरी की जरूरत पड़ेगी और ना ही मिल्क पाउडर की। बाजार वाली रबड़ी को गाढ़ा करने के लिए मिल्क पाउडर और लच्छेदार बनाने के लिए फिटकरी से दूध को फाड़ा जाता है लेकिन घर पर बनी रबड़ी में ये सब नहीं डालना पड़ेगा। तो चलिए फिर आपको आसान रेसिपी बताते हैं।

दूध को पकाने की है ट्रिक

शेफ संज्योत कीर ने डेढ़ लीटर दूध लिया और बड़ी कड़ाही में पकाना शुरू किया। कड़ाही बड़ी लेना जरूरी है, जिससे दूध आसानी से पक जाए। छोटे बर्तनों में दूध को फैलने की जगह कम मिलेगी और मलाई भी नहीं निकल पाएगी। दूध में उबाल आने के उसे मीडियम फ्लेम पर पकाना शुरू करें और जब पतली मलाई ऊपर पड़ने लगे तब उसे टूथपिक या फिर काटे वाले चम्मच से निकालकर कड़ाही के साइड में लगा दें।

मलाई से बनेगी लच्छेदार रबड़ी

दूध को पकाते समय मलाई को घुलने न दें, बल्कि साइड में निकालते जाएं। इसी मलाई से रबड़ी को लच्छेदार बना सकते हैं। जैसे-जैसे दूध पककर कम होता जाएगा, वैसे ही आपको मलाई मिलती जाएगी। ये प्रॉसेस करीब आधे घंटे तक करना पड़ेगा। तभी आपको रबड़ी के लिए गाढ़ा दूध और मलाई मिलेगी। अगर आपने डेढ़ लीटर दूध लिया है, तो करीब 50 ग्राम शक्कर मिक्स करें। बाकि आप अपने स्वाद के हिसाब से भी चीनी मिला सकते हैं।

गाढ़ापन चेक करें

जैसे ही आपके दूध में गाढ़ापन आने लगे, उसे थोड़ा चलाना शुरू करें। चलाने से दूध कड़ाही के तले पर चिपकेगा नहीं और ना ही जलेगा। अगर आपको दूध पतला लग रहा हो, तो उसे थोड़ा और पकाकर गाढ़ा कर लें। रबड़ी हमेशा गाढ़ी ही अच्छी लगती है।

रबड़ी बनाकर करें तैयार

जब आपका दूध अच्छे से गाढ़ा हो जाए, तब गैस को और धीमा करें और साइड में लगाई हुई मलाई को दूध में डालकर चलाना शुरू करें। फिर आप देखेंगे कि दूध धीरे-धीरे गाढ़ा होने लगेगा। जैसे ही दूध रबड़ी की तरह गाढ़ा होने लगे, वैसे ही गैस बंद कर दें। फिर इसे किसी बर्तन में करके फ्रिज में रख दीजिए ठंडा होने के लिए और ऊपर से केसर-पिस्ता, बादाम-काजू डालकर गार्निशिंग करें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN