Source :- LIVE HINDUSTAN
पितृ पक्ष में ज्यादातर घरों में बिना प्याज-लहसुन और कम मसाले वाला खाना बनता है, जिसमें से एक है आलू की रसेदार सब्जी। अगर आप भी बिना प्याज-लहसुन वाली आलू की सब्जी बनाना चाहते हैं, तो हम आपके रेसिपी लेकर आए हैं।
श्राद्ध के लिए ज्यादातर लोग बिना प्याज-लहसुन और कम मसाले में खाना पकाते हैं। इसमें आलू-टमाटर की सब्जी पूड़ी भी बनाई जाती है, जिसमें प्याज-लहसुन नहीं पड़ता है। अगर आप भी आलू की सब्जी कम मसाले और बिना लहसुन-प्याज के बनाने वाली हैं, तो हम आपको पूरी रेसिपी बताते हैं। इस रेसिपी से आपकी सब्जी बेहद स्वादिष्ट और अच्छी बनेगी।
आलू की सब्जी के लिए सामग्री
उबले हुए आलू – 6-7
टमाटर – 2 बारीक कटे हुए
हरी मिर्च – 1-2 बारीक कटी हुई
जीरा – 1 छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
हल्दी – ½ छोटा चम्मच
धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर – ½ छोटा चम्मच
गरम मसाला – ¼ छोटा चम्मच
अमचूर पाउडर – ½ छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल या घी – 1-2 बड़े चम्मच
हरा धनिया – 2 बड़े चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
सब्जी बनाने का आसान तरीका
1. सबसे पहले आलू को उबालकर ठंडा कर लें और इसके बाद उसे छीलकर थोड़े बड़े टुकड़ों में तोड़ लीजिए। उबले आलुओं को ज्यादा छोटा न करें और ना ही इन्हें पतले स्लाइस में काटें।
2. सबसे पहले कड़ाही में तेल या घी गर्म कर लें। तेल गर्म होने के बाद इसमें जीरा डालकर तड़का लगाएं। जब जीरा अच्छी तरह चटकने लगे, तब इसमें एक चुटकी हींग डाल दीजिए। इसके बाद बारीक कटी हुई हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड तक भून लें। अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें और धीमी से मध्यम आंच पर पकने दें। टमाटर को बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि वह कड़ाही के तले में चिपके नहीं और अच्छी तरह गल जाएं।
3. टमाटर को जल्दी गलाने के लिए इसमें थोड़ा सा नमक डालकर कड़ाही को ढक्कन से करीब 1-2 मिनट तक ढक दें। नमक डालने और ढककर पकाने से टमाटर जल्दी नरम हो जाते हैं। जब टमाटर अच्छी तरह गल जाएं, तब ढक्कन हटाकर उन्हें चम्मच की मदद से थोड़ा मैश कर लें। अब इसमें हल्दी, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर सभी मसालों को अच्छी तरह मिला लें। मसाले को धीमी आंच पर कुछ देर भूनें, ताकि कच्चापन निकल जाए और टमाटर के साथ मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए।
4. जब टमाटर और मसाले अच्छी तरह भुन जाएं और कड़ाही में तेल अलग होता हुआ दिखाई देने लगे, तब इसमें उबले और मोटे-मोटे कटे हुए आलू डाल दें। आलू को मसाले के साथ अच्छी तरह मिलाएं, ताकि हर टुकड़े पर मसाले की अच्छी कोटिंग हो जाए। अब आलू को 2-3 मिनट तक धीमी आंच पर भूनें। इस दौरान आलू को हल्के हाथ से चलाएं, जिससे उनके टुकड़े टूटें नहीं। अच्छी तरह भुनने से आलू में मसाले का स्वाद अंदर तक समा जाएगा और सब्जी ज्यादा स्वादिष्ट बनेगी।
5. फिर इस सब्जी में करीब एक से डेढ़ कप पानी डालें। अगर आपको सूखी सब्जी पसंद है तो पानी कम डालें और अगर रसेदार सब्जी बनानी है तो थोड़ा ज्यादा पानी डाल सकती हैं। कड़ाही को ढककर 5-7 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि आलू में मसालों का स्वाद अच्छी तरह समा जाए। फिर गैस बंद करें और इसे पूड़ी के साथ पहले प्रसाद में चढ़ाएं और फिर खुद खाएं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




