Home rss business hindi पीने के लिए सुरक्षित है बिसलेरी का पानी, FSSAI के नोटिस की...

पीने के लिए सुरक्षित है बिसलेरी का पानी, FSSAI के नोटिस की खबरों पर कंपनी ने जारी किया बयान

3
0

Source :- KHABAR INDIA TV

बिसलेरी को लेकर हाल ही में मीडिया में आई उन खबरों पर कंपनी ने प्रतिक्रिया दी है, जिनमें भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की ओर से कंपनी को नोटिस जारी किए जाने की बात कही गई है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि बिसलेरी पीने के लिए सुरक्षित है। कंपनी के मुताबिक, ये मामला करीब 14 महीने पुराना है। सितंबर 2025 में गोवा स्थित बिसलेरी के मैन्यूफैक्चरिंग प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। कंपनी के कुल 143 प्लांट के नेटवर्क में ये एक प्लांट है।

FSSAI ने सितंबर 2025 में गोवा प्लांट से लिए थे पानी के 6 सैंपल

30 सितंबर, 2025 को FSSAI ने गोवा प्लांट से पानी के 6 सैंपल लिए थे। शुरुआती जांच में 5 सैंपल सभी निर्धारित मानकों पर खरे उतरे। हालांकि, छठे सैंपल में ब्रोमेट का स्तर 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया, जबकि निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। इसके बाद बिसलेरी ने 22 नवंबर, 2025 को अपील की, जिसके बाद FSSAI ने संबंधित सैंपल को दोबारा जांच के लिए रेफरल लैब में भेजा।

बिसलेरी ने अपने बयान में क्या कहा

कंपनी के अनुसार, रेफरल लैब की जांच में सैंपल में ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया। हालांकि, इसी जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी को लेकर अलग से सवाल उठाए गए। दोनों जांचों के नतीजों में अंतर होने के कारण कंपनी ने इस पर स्पष्टीकरण जरूरी समझा। इसके बाद बिसलेरी ने उसी सैंपल की स्वतंत्र जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब में कराई। इस जांच में भी ब्रोमेट का स्तर निर्धारित सीमा के भीतर पाया गया।

बिसलेरी को अभी तक नहीं मिला नोटिस का ईमेल या हार्ड कॉपी

कंपनी ने बताया कि 2 फरवरी, 2026 को एक औपचारिक पत्र के साथ स्वतंत्र लैब की जांच रिपोर्ट FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को सौंप दी गई थी। इसके बाद FSSAI की ओर से कंपनी को कोई और सूचना नहीं मिली। इसलिए कंपनी ने माना कि मामला बंद हो गया है। बिसलेरी का ये भी कहना है कि अब तक उसे ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस प्राप्त नहीं हुआ है और FSSAI की वेबसाइट पर भी कथित नोटिस नहीं मिल पाया है।

पानी की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता

कंपनी ने कहा कि पीने के पानी की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रिया के 10 चरणों में 90 से ज्यादा गुणवत्ता जांच की जाती हैं। बिसलेरी ने ये भी कहा कि वो इस मामले में उचित नियामक प्रक्रिया के तहत FSSAI के साथ पूरा सहयोग करती रहेगी। बिसलेरी ने अपने बयान में दोहराया है कि सालों से उपभोक्ताओं का भरोसा जीतने वाला उसका ब्रांड पीने के लिए सुरक्षित है।

ये भी पढ़ें

भारत ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के आर्थिक पैकेज का किया ऐलान, जानें क्या-क्या बोले पीएम मोदी

SOURCE : KHABAR INDIA TV