Source :- LIVE HINDUSTAN
बारिश के दिनों में मिट्टी जम जाती है और वहां काई लग जाती है। वहीं घर में जल्दी-जल्दी जाले लगते हैं तो साधारण झाड़ू बारिश में खराब हो जाती है। लेकिन अब ऐसा झंझट नहीं करना पड़ेगा घर में रखी पुरानी प्लास्टिक की बोतल से बनाएं झाड़ू।
घर में कोल्ड ड्रिंक्स की ढेर सारी बोतल कई बार इकट्ठा हो जाती हैं। समझ नहीं आता इन खाली बोतलों का क्या करें। काफी सारे लोग इन बोतलों को घर में रखे रहते हैं और अंत में जब ये पीली-गंदी हो जाती हैं तो फेंक देते हैं। वहीं जाला मारने, काई वाली जगह को साफ करने के लिए हर बार नई झाड़ू खरीदकर लाते हैं। जबकि थोड़ी सी मेहनत से आप घर में ही कमाल की झाड़ू तैयार कर सकती हैं। जो पानी में कूड़ा बटोरने और काई जैसी जमा गंदगी को साफ करने में मदद करेगी। बस छोटे से DIY हैक की मदद से पुरानी खाली प्लास्टिक की बोतलों से नई झाड़ू बनाकर तैयार कर सकती हैं। ये प्लास्टिक बोतल को रीयूज करने का स्मार्ट तरीका है। चलिए जानें कैसे बनाएं प्लास्टिक की बोतल से DIY झाड़ू।
प्लास्टिक की बोतल को रीयूज कर बनाएं झाड़ू
DIY झाड़ू बनाने के लिए मात्र दो से तीन चीजों की जरूरत होगी।
तीन से चार प्लास्टिक की पुरानी बोतलें (कोल्ड ड्रिंक वाली 2 लीटर वाली बोतल हो तो बढ़िया हैं)
साथ में कैंची, गोंद और एक बड़ा डंडा
DIY प्लास्टिक बोतल से झाड़ू बनाने का हैक
प्लास्टिक की पुरानी बोतल को रीयूज कर नई झाड़ू बनाने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी होगी। बस थोड़ा सा दिमाग लगाकर आप इसे बना सकती हैं।
- सबसे पहले डेढ़ या दो लीटर वाली प्लास्टिक की बोतल को लें और उसके नीचे के हिस्से को काटकर निकाल दें।
- कटिंग के लिए तेज धार चाकू का कटर का इस्तेमाल करें और सबसे सरल तरीका है कटर को गर्म कर लें। फिर काटे इससे प्लास्टिक तेजी से कट जाएगी।
- अब कटे हुए हिस्से के पास से बोतल की गर्दन के पास बनी लाइन तक पतले-पतले पट्टे काट लें। जब आप इन्हें काटेंगे तो ये झाड़ जैसे होते जाएंगे।
- इसी प्रोसेस से आप दो से तीन प्लास्टिक की बोतल को काटकर तैयार कर लें।
- एक बोतल के ढक्कन वाले हिस्से को छोड़कर बाकी सब का ढक्कन वाला हिस्सा भी काटकर निकाल दें।
- कटे हुई बोतल को हाथ से दबाएं और साइड में लाइटर से आग जलाकर हल्का सा गर्म करें। जिससे ये थोड़ा पिचक जाए।
- अब अब सारी तैयार बोतल की झाड़ को एक के अंदर एक डालें। सारी बोतलों को इस तरह डालें कि जिस बोतल का ढक्कन नहीं कटा है वो सबसे अंदर रहे और उसका मुंह बाहर निकला रहे।
- अब ग्लू गन की मदद से जहां पर सारी बोतल एक के अंदर एक डाली गई है वहां पर ग्लू गिराएं। जिससे सब आपस में चिपक जाएं।
- अब एक बड़ी डंडी लें और बोतल के ढक्कन को हटाकर उसके अंदर डंडे को डालकर गोंद से फिक्स कर लें।
- बस तैयार हो जाएगी आपकी प्लास्टिक की झाड़ू।
- इस झाड़ू से आप सीलन और नमी वाली जगह आराम से कूड़ा बटोर सकती हैं।
- वहीं कई बार घर के आंगन और छत वगैरह पर आसपास बारिश की वजह से काई जमने लगती है। ऐसे में ये प्लास्टिक की झाड़ू सारे काई को बाहर करने और जमीन की रगड़कर सफाई करने में मदद करेगी।
- बारिश के दिनों छत, सीढ़ी पर जमा मिट्टी को साफ करने में भी ये मदद करेगी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




