Home rss world hindi प्लेन क्रैश करने जा रहा था पायलट, कॉकपिट में खून-खराबा; इजरायल वाली...

प्लेन क्रैश करने जा रहा था पायलट, कॉकपिट में खून-खराबा; इजरायल वाली फ्लाइट में क्या हुआ?

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

फ्लाईदुबई की फ्लाइट में पायलटों के बीच कथित झड़प के बाद हड़कंप मच गया। विमान में हाईजैक कोड एक्टिव हुआ और इजरायल ने फाइटर जेट भेजे। फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। जानें पूरा मामला।

दुबई से इजरायल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान ने हवा में इमरजेंसी घोषित कर दी। विमान में करीब 180 लोग सवार थे। फ्लाइट ने अंतरराष्ट्रीय इमरजेंसी कोड 7700 ब्रॉडकास्ट किया और बाद में 7500 कोड भी एक्टिव हुआ। इन कोड को हाईजैक या विमान में गैरकानूनी दखल का संकेत माना जाता है। घटना के बाद इजरायल ने एहतियात के तौर पर लड़ाकू विमान भेजे। बाद में फ्लाइट सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरी। बताया जा रहा है कि दोनों पायलट कॉकपिट में झगड़ गए और खून-खराबा भी हुआ।

क्या हुआ था विमान के अंदर?

फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट की ओर जा रही थी। इसी दौरान विमान में कुछ ऐसा हुआ, जिसके बाद इमरजेंसी सिग्नल भेजे गए। इजरायली अधिकारियों और मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों पायलटों के बीच कॉकपिट में किसी बात को लेकर झड़प हुई थी।

द टाइम्स ऑफ इजरायल ने यात्रियों और हिब्रू भाषा के मीडिया की रिपोर्टों के हवाले से बताया कि एक पायलट ने कथित तौर पर विमान को क्रैश करने की कोशिश की। हालांकि दूसरे पायलट ने यात्रियों की मदद से उसे रोक दिया।

चैनल 14 की रिपोर्ट में दावा किया गया कि एक पायलट ने कथित तौर पर आत्महत्या की कोशिश की और विमान को करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई से तेजी से 15 हजार फीट तक नीचे ले गया। हालांकि, ये दावे अभी जांच के दायरे में हैं। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा में भी विमान की ऊंचाई में असामान्य बदलाव दिखाई दिए।

“ऐसा लगा- आज नहीं बचेंगे”

i24NEWS को दिए इंटरव्यू में प्लेन के एक यात्री ने चौंकाने वाली बातें बताईं। यात्री ने कहा कि, “कई मिनटों तक हमें पक्का यकीन था कि या तो हम मारे जाएंगे या प्लेन क्रैश हो जाएगा। कॉकपिट से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। यात्री के बयान के मुताबिक, पायलट पर चाकू से हमला करने की कोशिश की गई। इसके बाद, इजरायली यात्रियों ने हमलावर को पकड़ लिया और उसे जमीन पर दबा दिया। कुछ पल ऐसे भी आए जब हमें लगा कि हम जिंदा नहीं बच पाएंगे।” फ्लाइट से एक यात्री की तस्वीर आई है जिसकी टी-शर्ट खून से सनी दिख रही है। बताया जा रहा है कि उसने खतरनाक पायलट को किसी तरह रोकने में मदद की।

30 हजार फीट से तेजी से नीचे आया विमान

विमान के 7700 इमरजेंसी कोड पर जाने से पहले उसकी गणना की गई वर्टिकल स्पीड करीब -30,000 से +10,000 फीट प्रति मिनट के बीच बदलती रही। रिपोर्ट के मुताबिक, यह सामान्य कमर्शियल फ्लाइट में देखी जाने वाली सीमा से काफी अलग था।

विमान कुछ समय के लिए करीब 21,650 फीट की ऊंचाई तक वापस पहुंचा, लेकिन इसके बाद फिर नीचे आया और 14 हजार फीट से भी कम ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके बाद विमान काफी समय तक करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई पर रहा।

इजरायल से संपर्क नहीं हुआ तो भेजे गए फाइटर जेट

इजरायली अधिकारी शुरुआत में विमान से संपर्क स्थापित नहीं कर सके। हाईजैक की आशंका के बीच इजरायल ने लड़ाकू विमानों को रवाना कर दिया। घटना के दौरान प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने भी स्थिति को लेकर बातचीत की। बाद में नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से कहा गया कि स्थिति नियंत्रण में है और इजरायली यात्रियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

यात्रियों ने क्या बताया?

इजरायल के चैनल 12 से बात करने वाले कुछ यात्रियों ने विमान के अंदर अफरा-तफरी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उन्हें कॉकपिट के पास से चिल्लाने की आवाजें सुनाई दीं और विमान के तेजी से नीचे आने का अहसास हुआ। कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में खून देखे जाने का भी दावा किया। उन्होंने यह भी कहा कि एक पायलट पर चाकू से हमला किया गया था और यात्रियों ने क्रू के सदस्यों की मदद से एक हमलावर को काबू करने में मदद की। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरी फ्लाइट

विमान को उसके मूल रूट से हटाकर सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। वहां विमान के उतरने के बाद सऊदी सुरक्षा बलों ने उसे घेर लिया। फ्लाईदुबई ने बाद में पुष्टि की कि FZ1073 में एक ‘घटना’ हुई थी और विमान तबुक में सुरक्षित उतर गया। एयरलाइन ने कहा कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं और उनकी जानकारी उपलब्ध है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही है। घटना की पूरी कड़ी और विमान में वास्तव में क्या हुआ, इसकी जांच अभी जारी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN