Home rss world hindi बांग्लादेश में क्या हो रहा है! शेख हसीना की पार्टी ने लगाया...

बांग्लादेश में क्या हो रहा है! शेख हसीना की पार्टी ने लगाया ‘लॉकडाउन’, तोड़फोड़ और देसी बमों से धमाके

6
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गुरुवार सुबह राजधानी ढाका में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इन घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं।

बांग्लादेश में शेख हसीना की प्रतिबंधित अवामी लीग ने गुरुवार को सुबह से शाम तक ‘लॉकडाउन’ बुलाया, जिसके चलते कई जगह विरोध प्रदर्शन हुए। कई इलाकों में तोड़फोड़, देसी बमों से धमाके हुए। इस दौरान, राजधानी ढाका में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और देश के विभिन्न हिस्सों में सीमा रक्षक बांग्लादेश (बीजीबी) की 96 टुकड़ियां तैनात की गई थीं।

आगजनी, तोड़फोड़ की घटनाएं आईं सामने

इस बीच, गुरुवार सुबह राजधानी ढाका में आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को भी आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इन घटनाओं में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने ढाका में सुरक्षा बढ़ाए जाने के बावजूद कई देसी बम विस्फोटों, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं की जानकारी दी। अज्ञात हमलावरों ने चटगांव के पांचलाइश इलाके में यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी। इससे पहले बांग्लादेश के विभिन्न हिस्सों में उनके ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं को भी आग के हवाले कर दिया गया था।

ढाका में नहीं पड़ा प्रदर्शन का ज्यादा असर

ढाका ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व घोषित कार्यक्रम से लोगों में चिंता देखी गई, हालांकि राजधानी में जनजीवन पर इसका कोई स्पष्ट असर नहीं पड़ा। गाबतली और सायेदाबाद से लंबी दूरी की बसों का संचालन जारी रहा और अंतर-जिला बसें भी सामान्य रूप से ढाका पहुंचती रहीं। पुलिस ने तोड़फोड़, सरकारी और निजी प्रतिष्ठानों पर हमलों तथा दहशत फैलाने की आशंका के मद्देनजर खुफिया निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

दहशत फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश

पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों ने बताया कि खुफिया सूचनाओं और संभावित तोड़फोड़ की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए देशभर के प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि तोड़फोड़ या देसी बम विस्फोटों के जरिए दहशत फैलाने की कोशिशों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। पुलिस मुख्यालय के अनुसार, पुलिस, एसआरबी और अन्य कानून प्रवर्तन एजेंसियां सतर्कता बरत रही हैं। सादे कपड़ों में तैनात खुफिया कर्मी विभिन्न क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर नजर रख रहे हैं।

’96 टुकड़ियां तैनात की गईं’

बांग्लादेश के गृह मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (बीजीबी) की 96 टुकड़ियां तैनात की गई हैं। इनमें करीब 3,000 जवान शामिल हैं। उनके मुताबिक बीजीबी के इन जवानों को ढाका, चटगांव, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह और फरीदपुर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मदद के लिए भेजा गया है। बीजीबी अधिकारियों ने बताया कि गोपालगंज जिले में 27, राजधानी ढाका में 23 और चट्टोग्राम में 15 टुकड़ियां तैनात की गई हैं। ये जवान जिला प्रशासन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम कर रहे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN