Source :- LIVE HINDUSTAN
अमेरिका में 19 साल के एलेक्जेंड्रोज पापोराकिस नाम के एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप हैं कि वह इलिनॉय में एक हिंदू मंदिर पर हमला करने की योजना बना रहा था, लेकिन बंदूक जाम होने के चलते कामयाब नहीं हो सका।
अमेरिका में हिंदू मंदिर और भारतीयों के खिलाफ बड़ी साजिश का का पर्दाफाश हुआ है। इस संबंध में पुलिस ने पैलेटीन के रहने वाले 19 साल के एक लड़के को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान एलेक्जेंड्रोज पापोराकिस के तौर पर हुई है। कहा जा रहा है कि वह बड़े हमले की योजना बना रहा था, लेकिन सफल नहीं हो सका। फिलहाल, जांच चल रही हूं और पुलिस पापोराकिस के मंसूबों का पता लगा रही है।
जांचकर्ताओं को शक है कि पापोराकिस ऑरोरा में हिंदू मंदिर को निशाना बनाने वाला था। हालांकि, अभी जानकारी जुटाई जा रही है कि वह ठीक किस जगह पर हमला करने की योजना बना रहा था। दरअसल, इस मामले का खुलासा पापोराकिस के साथ काम करने वालों की सूझबूझ की वजह से हो सका है। खबरें हैं कि युवक उन्हें कुछ मैसेज भेज रहा था, जिसके बाद सहकर्मियों को शक हुआ। इसमें हमले की योजना और हथियार की तस्वीरें शामिल थीं।
पापोराकिस को बुधवार को रोलिंग मीडोज स्थित ‘कुक काउंटी थर्ड म्युनिसिपल डिस्ट्रिक्ट कोर्ट’ में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे हिरासत में भेजने का आदेश दिया। उसकी अगली पेशी 30 अक्टूबर को निर्धारित की गई है।
भारतीयों पर हमले की तैयारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पापोराकिस के साथियों का कहना है कि वह खुद को वाइट सुपरमेसिस्ट बताता था। आसान भाषा में समझें, तो इस विचार का मतलब गोरी चमड़ी वालों को सबसे ऊपर माना जाना है। साथ ही वह कहता था कि वह भारतीयों को मारने के लिए अब और इंतजार नहीं कर सकता। खबरें हैं कि बंदूक जाम होने के चलते वह पकड़ा गया और मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका।
बड़े त्योहार के बीच गिरफ्तारी
यह गिरफ्तारी नवरात्र सहित हिंदू त्योहारों के उत्सव के बीच हुई है। यह घटनाक्रम ओहायो के रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के ठीक दो सप्ताह बाद सामने आया है। जांचकर्ताओं के अनुसार, पापोराकिस ने भीड़ को निशाना बनाकर गोलीबारी की कथित साजिश का खाका प्रस्तुत करने वाला एक दस्तावेज साझा किया था।
कब करने वाला था हमला
पुलिस ने बुधवार को कहा, ‘जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर जासूसों का मानना है कि पापोराकिस रविवार यानी 11 अक्टूबर को हमले को अंजाम देने की साजिश रच रहा था और इसके तहत औरोरा क्षेत्र के किसी हिंदू मंदिर को निशाना बनाया जा सकता था। हालांकि, हमले का सटीक स्थान अभी स्पष्ट नहीं हुआ है और जांच जारी है।’
पैलेटीन और माउंट प्रॉस्पेक्ट पुलिस विभागों के अधिकारियों ने कार्रवाई की और 11 अक्टूबर की शाम को पापोराकिस को उसके घर से निकलते समय हिरासत में ले लिया। दोनों पुलिस विभागों ने औरोरा पुलिस को भी संभावित खतरे के बारे में सूचित किया। इसके बाद औरोरा पुलिस ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले हिंदू मंदिरों से संपर्क कर उन्हें हमले की कथित साजिश के प्रति सतर्क किया।
‘हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन’ ने लिखा, ‘हम तत्काल कार्रवाई के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों की सराहना करते हैं। हम समुदाय के लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संभावित खतरे की सूचना देने का भी आग्रह करते हैं। प्रत्येक समुदाय बिना किसी भय के पूजा-अर्चना करने का हकदार है।’
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




