Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- मुकेश अंबानी पर पैसों की मूसलधार बारिश हुई
- उनकी दौलत एक ही दिन में 79700 करोड़ रुपये बढ़ गई
- अब मुकेश अंबानी का नेटवर्थ 85.7 अरब डॉलर यानी 8.13 लाख करोड़ रुपये हो गया है
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार को आई रिकॉर्ड तेजी की वजह से मुकेश अंबानी पर पैसों की मूसलधार बारिश हुई। उनकी दौलत एक ही दिन में 79700 करोड़ रुपये बढ़ गई। अब मुकेश अंबानी का नेटवर्थ 85.7 अरब डॉलर यानी 8.13 लाख करोड़ रुपये हो गया है। अब ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में अंबानी 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं। हालांकि, एशिया के अरबपतियों की लिस्ट मे मुकेश अंबानी अभी भी गौतम अडानी से पीछे हैं। अडानी का नेटवर्थ 111 अरब डॉलर यानी 10.53 लाख करोड़ रुपये है। डॉलर का रेट 94.94 रुपये प्रति डॉलर लिया गया है।
दरअसल सोमवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 12 प्रतिशत उछलकर 1300 रुपये के डे हाई पर पहुंच गए। यह अप्रैल 2020 के बाद सबसे बड़ी एकदिवसीय उछाल थी। शेयर में इस रिकॉर्ड तेजी की वजह कंपनी के दूसरी तिमाही के नतीजे और ब्रोक्रेज फर्म्स की ओर से पॉजिटिव रिस्पांस रहे।
इस तेजी की बदौलत रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक ही नहीं, इसके इन्वेस्टर भी मालामाल हुए। रिलायंस ग्रुप का मार्केट कैप एक ही दिन में 2 लाख करोड़ बढ़कर 17.59 लाख करोड़ रुपये पर जा पहुंचा।
अडानी अभी भी एशिया के अरबपति नंबर वन
अमीरों की लिस्ट में गौतम अडानी अपने हमवतन मुकेश अंबानी से काफी आगे हैं। अडानी 111 अरब डॉलर के नेटवर्थ के साथ एशिया के अरबपति नंबर वन हैं। दूसरे नंबर पर टिकटॉक बनाने वाली कंपनी बाइटडांस के फाउंडर झांग यिमिंग हैं। इनका नेटवर्थ 105 अरब डॉलर है। मुकेश अंबानी अभी तीसरे स्थान पर हैं।
गोल्डमैन सैक्स ने दिया ₹1,840 का टार्गेट
रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर को लेकर ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म गोल्डमैन सैक्स और नोमुरा का भरोसा कायम है। कंपनी के शानदार तिमाही नतीजों के बाद दोनों ब्रोकरेज ने शेयर पर ‘Buy’ रेटिंग बरकरार रखी है। गोल्डमैन सैक्स ने शेयर के लिए ₹1,840 और नोमुरा ने ₹1,560 का टार्गेट प्राइस दिया है।
शानदार तिमाही नतीजों से बढ़ा भरोसा
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 28% बढ़कर रिकॉर्ड ₹3.62 लाख करोड़ पहुंच गया। वहीं, EBITDA 24% बढ़कर ₹62,409 करोड़ रहा। कंपनी का नेट प्रॉफिट भी सालाना आधार पर 34% बढ़कर ₹29,550 करोड़ हो गया। रेवेन्यू, EBITDA और मुनाफे में बढ़ोतरी ने कंपनी के कारोबार की मजबूती को दिखाया है।
(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




