Home LIFESTYLE NEWS HINDI मौसम बदलने के साथ बढ़ गई दांतों में सेंसेटिविटी, डॉक्टर से जानें...

मौसम बदलने के साथ बढ़ गई दांतों में सेंसेटिविटी, डॉक्टर से जानें क्या करें?

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दांतों में झनझनाहट और सेंसेटिविटी की समस्या काफी सारे लोगों को परेशान करती रहती है, लेकिन कुछ लोगों में ये दिक्कत मौसम के बदलने के साथ बढ़ जाती है। ऐसे में क्या करें, क्या खाएं इन सारी बातों की जानकारी डॉक्टर दे रहें।

मौसम बदलने का असर केवल स्किन या हेल्थ पर ही नहीं होता बल्कि ये आपके दांतों को भी असर करता है। कई बार आपने महसूस किया होगा कि जैसे ही मौसम हल्का सा ठंडा होने लगता है तो दांतों में सेंसेटिविटी की समस्या भी बढ़ जाती है, दांत ज्यादा झनझनाते है, गर्म-ठंडा तेजी से लग जाता है, मीठा सा दर्द दांतों में बना रहता है। ये सारी समस्याएं मौसम के ठंडे होने पर रहने लगती है। इस समस्या का कारण क्या है और आखिर इससे कैसे निपटें।

गोमतीनगर के डेंटिस्ट डॉ. विक्रम अहूजा के मुताबिक तापमान में उतार-चढ़ाव से दांतों और मसूड़ों की समस्या वाले लोगों में संवेदनशीलता अधिक महसूस हो सकती है। दरअसल, मौसम में उतार-चढ़ाव होने पर दांतों की बाहरी परत और अंदरूनी परत में मौजूद नसों पर भी इसका असर पड़ता है। जिन लोगों को पहले से ही दांतों के कमजोर इनेमल, मसूड़ों के कमजोर होने या कैविटी की दिक्कत है तो उनमे ये समस्या और बढ़ जाती है। इससे बचने के लिए कुछ उपायों को अपनाने की जानकारी भी डॉक्टर ने दी है।

दंत चिकित्सक डॉ. विक्रम अहूजा का कहना है कि दांतों की बाहरी परत इनैमल के घिसने या मसूड़ों के पीछे हटने से अंदर की डेंटिन परत खुल जाती है। इससे ठंडे-गर्म पदार्थों का असर दांत की नस तक पहुंचने से अचानक दर्द होता है। कैविटी, दांतों में दरार, मसूड़ों की बीमारी और बहुत जोर से ब्रश करने से भी सेंसिविटी बढ़ सकती है। ऐसे लोग बहुत ठंडे और बहुत गर्म पदार्थ एक साथ लेने से बचें।

डॉक्टर ने बताए उपाय

कॉस्मिक डेंटल क्लीनिक के डॉ. अहूजा ने बदलते मौसम में होने वाली सेंसेटिविटी से निपटने के लिए कुछ उपाय शेयर किए हैं। जिन्हें फॉलो करना बेहद जरूरी है।

  • डॉक्टर के मुताबिक मुलायम ब्रश से हल्के हाथों से दांतों की सफाई करें। खासतौर पर सेंसिटिविटी के लिए बने टूथपेस्ट का इस्तेमाल किया जा सकता है।
  • जिन लोगों के दांत संवेदनशील हैं, उन्हें बहुत ठंडी चीजें और गर्म पेय एक साथ लेने से बचना चाहिए। जब आप एक बार गर्म खाते या पीते हैं और फौरन कोई ठंडी चीज खाते या पीते हैं तो दांतों के घिसे हुए इनेमल से हटकर डायरेक्ट दांतों की नसों पर उस चीज का असर होता है।
  • मसूड़ों से खून आने पर ब्रश करना बंद करने के बजाय नरम ब्रश से धीरे-धीरे सफाई करनी चाहिए। मसूड़ों से खून आने लग रहा तो हल्के हाथ से स्पेशल सेंसिटिव टूथ के लिए बने टूथब्रश का इस्तेमाल करें और उनसे सफाई करें। लेकिन बगैर ब्रश के दांतों को साफ करने की गलती ना करें।
  • बहुत ज्यादा खट्टी चीजों का सेवन भी सीमित रखें। एसिडिक फूड्स दांतों के इनैमल को बर्बाद करने लगते हैं। जिससे सेंसेटिविटी बढ़ती है।
  • एक ही दांत में लगातार दर्द, रात में दर्द या ठंडा-गर्म हटाने के बाद भी दर्द बना रहने पर दंत चिकित्सक की सलाह जरूर लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN