Source :- LIVE HINDUSTAN

https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/06/02/1200x900/RT_1780388391894_1780388412450_4aa34cbb-a5be-4bee-8804-a1d3570d308e.jpg

महिला कई सालों से रवीना टंडन के परिवार के लिए काम कर रही थी। उसकी घर के कई हिस्सों में पहुंच थी और वह एक्ट्रेस की मां की देखभाल के लिए आया-जाया करती थी।

मुंबई पुलिस ने रवीना टंडन के भाई राजीव टंडन के घर से करीब 25 लाख रुपये की गोल्ड जूलरी और महंगी घड़ियां चुराने के आरोप में 47 वर्षीय एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी बीते कई सालों से रवीना टंडन के परिवार से जुड़ी थीं और एक्ट्रेस की मां वीना टंडन की देखभाल में मदद करने के लिए लगातार घर आया-जाया करती थीं। पुलिस की जांच में दावा किया गया है कि यह महिला साल 2020 से ही टंडन परिवार के साथ जुड़ी हुई थी और उसने परिवार का भरोसा जीत लिया था। उसकी परिवार के कई हिस्सों तक अपनी पहुंच बना ली थी।

भरोसा जीतकर उड़ाई जूलरी-घड़ियां

न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक महिला पर आरोप है कि परिवार के जुहू स्थित घर का लॉकर तोड़कर उसने वीना टंडन के सोने और हीरे के गहने चुराए। इतना ही नहीं उसने वीना के भाई (फिल्म निर्माता राजीव टंडन) की दो महंगी घड़ियां भी उड़ा लीं। राजीव टंडन द्वारा कराई गई पुलिस कंप्लेन के मुताबिक परिवार को 2 अक्टूबर को चोरी का पता तब चला जब उन्होंने दशहरा फेस्टिवल से पहले लॉकर खोलकर देखा। उन्हें पता चला कि लॉकर तोड़ा गया था और गायब हुए सामान में सोने की चूड़ियां, हार, अंगूठियां, झुमके, हीरे जड़ा मंगलसूत्र और हीरे के कई गहने शामिल थे।

पुलिस शिकायत के बाद खुली बात

जूलरी की कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई। चोरी का पता चलने पर परिवार ने महिला से पूछताछ की। शुरू में तो उसने आरोपों से साफ इनकार कर दिया, हालांकि पुलिस कंप्लेन करने के बाद जब जांच शुरू हुई तो भेद खुलना शुरू हुआ। बताया गया कि जांच के दौरान महिला के पास से घड़ियां बरामद हुई थीं। आरोपी ने कथित तौर पर परिवार को बताया कि उसने गहने किसी और को दे दिए हैं। साथ ही उन्हें यह भी आश्वासन दिया कि उनके गहने और बाकी सामान वह वापस लौटा देगी। लेकिन वो सामान कभी बरामद नहीं हुआ।

वर्क फ्रंट पर क्या कर रही हैं रवीना?

इसके बाद राजीव टंडन ने पुलिस से संपर्क किया और औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज कराई। मामले की फिलहाल जांच चल रही है और पुलिस चोरी हुए बाकी गहनों को बरामद करने के लिए काम कर रही है। वर्क फ्रंट की बात करें तो रवीना टंडन जल्द ही कई फिल्मों में नजर आएंगी। उनकी अपकमिंग फिल्मों की लिस्ट में ‘वेलकम टु द जंगल’, ‘लॉयर’ और ‘विश्वनाथ एंड सन्स’ जैसी फिल्में शुमार हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN