Source :- LIVE HINDUSTAN
टेलीकॉम सेक्टर से जुड़ी कंपनी- एचएफसीएल (HFCL) लिमिटेड को रेलवे की रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) से बड़ा ऑर्डर मिला है। इस गुड न्यूज के बीच कंपनी के शेयर बुधवार को पॉजिटिव नोट पर बंद हुए। सप्ताह के तीसरे दिन यह शेयर बीएसई पर 190.20 रुपये पर बंद हुआ। आइए ऑर्डर की डिटेल जान लेते हैं।
2666 करोड़ रुपये का ठेका
HFCL को भारतनेट चरण-3 परियोजना के तहत उपकरणों की आपूर्ति के लिए रेल विकास निगम लिमिटेड से 2,666 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। कंपनी ने कहा कि यह नया ठेका जनवरी में उत्तर प्रदेश (पूर्व) और उत्तर प्रदेश (पश्चिम) दूरसंचार क्षेत्रों में भारतनेट चरण-3 परियोजनाओं के लिए आरवीएनएल से मिले 2,167.65 करोड़ रुपये के ठेके के अतिरिक्त है। इस ठेके के तहत एचएफसीएल दूरसंचार उपकरणों और संबंधित सहायक सामग्री की आपूर्ति, उन्हें लगाने एवं चालू करने का काम करेगी।
इसके साथ ही कंपनी ऑप्टिकल फाइबर केबल आधारित दूरसंचार नेटवर्क का निर्माण और परियोजना का मेंटेनेंस भी करेगी। परियोजना की अवधि में एक वर्ष की वारंटी, दो वर्ष का रखरखाव तथा 10 वर्ष का ऑपरेशन और मेंटेनेंस शामिल है। कुल 2,666.09 करोड़ रुपये के इस ठेके में 1,192.82 करोड़ रुपये की पूंजीगत लागत और 1,473.27 करोड़ रुपये का ऑपरेशनल खर्च शामिल है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही यानी जनवरी से मार्च के बीच में मुनाफा 184.45 करोड़ रुपये रहा जबकि एक साल पहले समान तिमाही में उसे 83.30 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। तिमाही के दौरान कंपनी का राजस्व 128 प्रतिशत बढ़कर 1,824 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी ने 336.93 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया। पूरे वित्त वर्ष के दौरान कंपनी का राजस्व 21.77 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 4,949.27 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। कंपनी का मुनाफा 63.15 फीसदी बढ़कर 826.75 करोड़ रुपये और मुनाफा 90.14 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 329.44 करोड़ रुपये हो गया।
इस अवधि के दौरान कंपनी का निर्यात बढ़कर 2,047 करोड़ रुपये हो गया और कुल राजस्व में उसकी हिस्सेदारी 41 प्रतिशत पर पहुंच गई। एक साल पहले यह 12 प्रतिशत था। कंपनी ने बताया कि उसे अमेरिका, यूरोप और एशिया से मजबूत मांग मिल रही है। कंपनी ने मौजूदा वित्त वर्ष में 400 करोड़ रुपये के अतिरिक्त राजस्व और अगले वित्त वर्ष में 800 करोड़ के अतिरिक्त राजस्व की संभावना जताई है।
तिमाही नतीजों के बाद एचएफसीएल के प्रबंध निदेशक महेंद्र नहाटा ने कहा था, ”कंपनी के ऑर्डर बुक में न केवल वृद्धि हो रही है बल्कि इसकी गुणवत्ता भी बेहतर हो रही है। इसमें निर्यात, लॉन्ग टर्म कॉन्ट्रैक्ट और हाई मार्जिन वाले उत्पाद शामिल हैं। ऑप्टिकल फाइबर प्रीफॉर्म में बैकवर्ड इंटीग्रेशन, रक्षा क्षेत्र में विस्तार, वैश्विक उपस्थिति और उत्पाद-आधारित विकास हमारी भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







