Source :- LIVE HINDUSTAN
एवोकाडो को सुपरफ्रूट माना जाता है और इसे खाने से सेहत को कई तरह के फायदे मिलते हैं। चलिए आपको बताते हैं रोजाना 1 एवोकाडो खाने से शरीर पर क्या असर होगा।
एवोकाडो फल देखने में सुंदर लगता है और उतना ही आकर्षक भी होता है। अब लोग इसके बारे में अच्छे से जानने लगे हैं और इसे अपनी डाइट का हिस्सा भी बना चुके हैं। एवोकाडो का स्वाद हो सकता है कुछ लोगों को पसंद ना आता हो लेकिन इसके पोषक तत्व आपके शरीर के लिए काफी ज्यादा फायदेमंद होते हैं। नोएडा की फिजिशियन स्वाति चौहान का कहना है कि एवोकाडो को सुपरफ्रूट कहना बिल्कुल भी गलत नहीं है और इसे अगर आप रोजाना खाते हैं, तो शरीर को कई तरह से फायदा मिलता है। चलिए आपको बताते हैं रोजाना 1 एवोकाडो खाने से क्या होगा?
एवोकाडो में क्या-क्या पाया जाता है?
सुपरफ्रूट एवोकाडो में विटामिन सी, विटामिन ई, विटमानि के और विटामिन बी6 के साथ-साथ राइबोफ्लेविन, नियासिन, फोलेट, पैंटोथेनिक एसिड, मैग्नीशियम और पोटेशियम जैसे जरूरी तत्व पाए जाते हैं। इसके अलावा इस फल में ल्यूटिन, बीटा कैरोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड भी होते हैं। एवोकाडो हेल्दी फैट से भरपूर फल माना जाता है।
रोजाना 1 एवोकाडो खाने से क्या फायदा मिलेगा
डॉक्टर स्वाति कहती हैं कि अगर आप रोजाना कोई भी फल खाते हैं, तो उसका असर आपकी सेहत पर साफ दिखेगा। खासतौर पर अगर आप एवोकाडो खाते हैं, तो उसके अलग फायदे आपके शरीर पर देखने को मिलेंगे। तो चलिए इसे खाने से होने वाले फायदों के बारे में जान लेते हैं।
1. दिल को रखेगा दुरुस्त
एवोकाडो में मोनोअनसैचुरेटेड फैट यानी हेल्दी फैट होते हैं। इसे डाइट में शामिल करने से हार्ट हेल्थ को सपोर्ट मिल सकता है। इसमें मौजूद पोटैशियम और फाइबर भी दिल की सेहत को सही बनाए रखने में मदद करते हैं।
2. पाचन तंत्र के लिए भी अच्छा
एवोकाडो सिर्फ दिल के लिए ही नहीं पाचन के लिए भी बढ़िया फल माना गया है। एवोकाडो फाइबर का अच्छा स्रोत है। फाइबर पेट से जुड़ी समस्याओं को सुधारता है और कब्ज, एसिडिटी, गैस को खत्म करता है। इससे पेट लंबे समय तक भरा हुआ भी रहता है।
3. वजन कंट्रोल करता है
अगर आप वेट लॉस कर रहे हैं, तो उसमें एवोकाडो को शामिल कर सकते हैं। एवोकाडो में फाइबर के अलावा कई तत्व होते हैं, जो पेट को भरा रखने और वजन को कंट्रोल रखने में मदद करते हैं। अगर आप एवोकाडो को सही मात्रा में खाते हैं, तो ये बेस्ट है।
4. आंखों के लिए वरदान
एवोकाडो खाना आपकी आंखों की सेहत के लिए जादू जैसा है। अगर आप रोजाना 1 एवोकाडो खाते हैं, तो आंखों की रोशनी बेहतर बनी रहेगी और ये अन्य समस्याओं को कम करता है। एवोकाडो में ल्यूटिन और जेक्सैंथिन जैसे कैरोटेनॉयड्स होते हैं, जो आंखों के लिए फायदेमंद हैं।
5. त्वचा और बालों के लिए
बालों और त्वचा के लिए भी एवोकाडो किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें मौजूद विटामिन ई और एंटीऑक्सीडेंट्स स्किन-हेयर को बेहतर करने में मदद करते हैं। विटामिन ई खासतौर पर त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद माना जाता है।
कब खाना चाहिए एवोकाडो?
डॉक्टर के मुताबिक, इसे नाश्ते या दोपहर के खाने के बाद आप खा सकते हैं। सुबह इसे टोस्ट, सलाद या स्मूदी के साथ खाया जा सकता है। आप इसे शाम या रात में भी खा सकते हैं लेकिन एवोकाडो फाइबर युक्त फल है, जो पेट को भर देता है। रोजाना 1 एवोकाडो खाना बेहतर हो सकता है लेकिन इसमें कैलोरी भी होती है, इसलिए अपनी डाइट में बैलेंस बनाकर खाएं।
नोट- यह खबर सामान्य जानकारियों पर आधारित है। किसी भी तरह की विशेष जानकारी के लिए स्वास्थ्य विशेषज्ञ से उचित सलाह लें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




