Source :- LIVE HINDUSTAN
लंच बनाने के लिए अगर समय कम हो तो लोग फटाफट से बनने वाली रेसिपीज को खोजने लगते हैं। ऐसे में हम आपको 10 मिनट में बनने वाले टोमेटो राइस की लाजवाब रेसिपी बता रहे हैं। देखिए-
रोजाना खाने में क्या बनाया जाए ये एक बहुत बड़ा सवाल है, जिसका जवाब पाने के लिए अधिकतर महिलाओं को हर दिन चाहिए होता है। रोजाना सब्जी रोटी और दाल चावल खाकर भी बोरियत होने लगती है ऐसे में बच्चे और बड़े कुछ नया खाने की इच्छा को जताते हैं। अगर आपके घर में भी लोग हर दिन एक ही तरह का खाना खाकर बोर हो गए हैं तो आपको कुछ नई रेसिपीज को ट्राई करते रहना चाहिए। अगर आपके पास लंच बनाने के लिए समय कम रहता है तो यकीनन आप किसी ऐसी डिश को बनाने के लिए खोजती होंग जो कम समय में फटाफट बनकर तैयार हो जाए। ऐसे में हम टोमेटो राइस बनाने का तरीका बता रहे हैं। ये एक ऐसी डिश है जो कम समय में आसानी से तैयार हो जाएगी। अगर घर पर पहले से बने चावल रखे हैं तो भी आप इनसे टोमेटो राइस बनाकर तैयार कर सकते हैं। सीखिए, ये टेस्टी टोमेटो राइस कैसे बनाएं।
टोमेटो राइस बनाने की सामग्री
– 1 बड़ा चम्मच तेल
– 2-3 टमाटर गोल कटे हुए
– 1 प्याज बारीक कटी हुई
– 5-6 लहसुन की कलियां
– नमक स्वादानुसार
– 1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
– चुटकी भर हल्दी
– 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
– 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर
– 3-4 हरी मिर्च (बीच से कटी हुई)
– 2 कटोरी चावल
– 1 बड़ा चम्मच ताजा हरा धनिया
टोमेटो राइस बनाने का तरीका
टोमेटो राइस बनाने के लिए सबसे पहले तैयारी करें। इसके लिए चावल को धोएं और फिर पानी में अच्छी तरह से पकने तक उबाल लें। अच्छे से जब चावल उबल जाएं तो इन्हें छानकर सारा पानी निकाल दें। अब चावल को एक तरफ ठंडा होने के लिए रख दें।अब प्याज-लहसुन को छीलकर काट लें और टमाटर को भी धोकर गोल आकार में काट लें।
राइस बनाने के लिए एक पैन में थोड़ा तेल गरम करें और फिर इसमें टमाटर के गोल टुकड़ों को पैन के साइड्स में रख दें। फिर प्याज को सेंटर में डालें और अच्छी तरह से भुनने दें। जब प्याज भुन जाए तब इसमें लहसुन डालें और इसका भी कच्चापन दूर होने तक अच्छी तरह से भून लें। अब इसमें स्वादानुसार नमक डालें और पैन को ढक दें। फिर 3 से 4 मिनट तक पकने दें और जब तक टमाटर नरम न हो जाएं तब तक पकाएं और फिर नरम होते ही अच्छी तरह से मैश कर दें। अब पैन से ढक्कन हटाएं और टमाटर-प्याज को मैश करके मसाला बना लें। इन दोनों चीजों को मैश करने के लिए पाव भाजी मैशर का इस्तेमाल कर सकते हैं। जब दोनों चीजें मैश हो जाएं तो फिर सारे मसाले डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें हरी मिर्च और चावल डालें और फिर अच्छी तरह मिलाएं। जब मसाले के साथ चावल अच्छे से मिक्स हो जाएं तब ऊपर से ताजा हरा धनिया डालें और गरमा-गरम परोसें।
नोट-अगर चावल पहले से बने रखें या फिर एक दिन पुराने हैं तो आप उनका इस्तेमाल करके भी टोमेटो राइस बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए बॉम्बे टमाटर का इस्तेमाल करें, देसी टमाटर से चावल खट्टे लग सकते हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




