Source :- LIVE HINDUSTAN
https://www.livehindustan.com/lh-img/smart/img/2026/11/16/1200x900/90c0a7b8-af19-498b-bef8-1af3b769dcd2_1794808444191_kr0L_1794808450760_lu2b_dd004fb8-f306-40f6-87a9-10fdc7e51576_ESyG.pngबच्चों के लिए बनाए गए सबसे खूबसूरत गानों में से एक फिल्म ‘मासूम’ का गाना ‘लकड़ी की काठी’ भी एक है। क्या आप जानते हैं इस गाने को लिखने वाले गीतकार और गाने वाले तीन बाल सिंगर्स के बारे में?
हिंदी सिनेमा में बच्चों के लिए कई शानदार गाने और लोरी गीत बने हैं। आज भी 60, 70 और 80 के दशक के गाने बच्चों में मशहूर हैं। इस लिस्ट एक ऐसा गाना भी है जिसे सुनकर बच्चे मस्ती से झूम उठते हैं। गाने के बोल हैं ‘लकड़ी की काठी’। ये गाना पहली बार साल 1983 में आई फिल्म ‘मासूम’ में सुना गया था। तीन छोटे बच्चों पर फिल्माया ये गाना आज भी खास है। लेकिन क्या आप जानते हैं इस मधुर गाने को किस गीतकार ने लिखा था और कौन थे वो तीन सिंगर्स?
फिल्म मासूम आज तक है लोगों की पसंदीदा
शेखर कपूर 1983 में एक फिल्म बना रहे थे। फिल्म की कहानी एक मासूम बच्चे के इर्दगिर्द थी। कहानी एक ऐसे पिता की थी जिसका अपनी प्रेमिका से एक बेटा होता है। प्रेमिका की मौत के बाद वो बच्चा पिता की पत्नी और उनकी दो बेटियों के साथ रहने आ जाता है। फिल्म की कहानी और इमोशनल एंगल ने ऑडियंस को रोने पर मजबूर कर दिया। वहीं इस फिल्म के गानों ने दिल और दिमाग पर अपनी छाप छोड़ दी। इस फिल्म में कुल 4 गाने थे। एक गाने का मेल और फीमेल वर्जन था। इन्हीं गानों की लिस्ट में एक बच्चों वाला गाना था ‘लकड़ी की काठी’। ये गाना आज भी मशहूर है।
फिल्म मासूम का गाना ‘लकड़ी की काठी’
फिल्म मासूम के गाने ‘लकड़ी की काठी’ को गुलजार ने लिखा था। इस फिल्म के सभी गाने और स्क्रीनप्ले उन्हीं की कलम से निकला था। गाना फिल्म के किरदार तीन बच्चों पर फिल्माया गया था तो सिंगर्स भी तीन बच्चे ही थे। ये गाना वनिता मिश्रा, गौरी बापत और गुरप्रीत कौर यानी प्रीति उत्तम ने गाया था। उस समय ये तीनों सिंगर्स भी बच्चे थे इसलिए गाने में इतनी मासूमियत सुनाई दी।
फिल्म मासूम के सभी गानों को मिला ऑडियंस का प्यार
फिल्म मासूम के अन्य गाने भी बहुत पसंद किए गए थे। फिल्म का गाना ‘दो नैना और एक कहानी’ को आरती मुखर्जी ने अपनी आवाज दी थी। इस गाने के लिए उन्होंने बेस्ट प्लेबैक फीमेल सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता। दूसरा गाना ‘हुजुर इस कदर’ ये गाना सुरेश वाडकर और भूपिंदर सिंह ने गया। फिल्म का सबसे मशहूर गाना ‘तुझसे नाराज नहीं जिंदगी’ के मेल और फीमेल वर्जन फिल्म में सुनाई दिए थे। इसका मेल वर्जन अनूप घोषाल ने गाया था और लता मंगेशकर थीं इसके फीमेल वर्जन की सिंगर। गुलजार के लिखे ये सभी गाने आज भी सुनने वालों की प्ले लिस्ट का हिस्सा हैं।
फिल्म मासूम के लिए जीते अवॉर्ड
फिल्म मासूम का म्यूजिक RD बर्मन ने कंपोज किया था। इसके लिए उन्होंने बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी जीता। गीत ‘तुझसे नाराज नहीं जिंदगी’ के लिए गुलज़ार ने बेस्ट गीतकार का अवॉर्ड अपने नाम किया। वैसे गुलजार साहब ने अपने फिल्मी करियर में कई बार नेशनल अवॉर्ड भी जीता है। नसीरुद्दीन शाह बने थे बेस्ट एक्टर और शेखर कपूर ने बेस्ट फिल्म क्रिटिक के लिए अवॉर्ड जीता। आज भी फिल्म मासूम सादगी और खूबसूरती से भरी फिल्म लगती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




