Source :- LIVE HINDUSTAN
Marriage Rules for Women: शादी जिंदगी का बड़ा फैसला होता है। ऐसे में सिर्फ सही जीवनसाथी चुनना ही नहीं, बल्कि करियर और आर्थिक तैयारी पर भी ध्यान देना जरूरी है। इसी विषय पर रुजुता दिवेकर ने खास सलाह दी है।
हमारे समाज में अक्सर लड़कियों की शादी को जीवन का सबसे बड़ा लक्ष्य मान लिया जाता है। हालांकि समय बदल रहा है और अब कई महिलाएं अपने करियर, सपनों और आर्थिक मजबूती को भी उतना ही महत्व दे रही हैं। इसी मुद्दे पर करीना कपूर की न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर ने कुछ ऐसी बातें साझा की हैं जो हर लड़की के लिए कारगर हो सकती हैं। उनका मानना है कि शादी किसी मजबूरी का नहीं, बल्कि एक सोच-समझकर लिया गया फैसला होना चाहिए। इसके लिए भावनात्मक तैयारी के साथ-साथ करियर और आर्थिक सुरक्षा भी जरूरी है। उन्होंने ऐसे तीन नियम बताए हैं जो शादी का फैसला लेने से पहले हर लड़की को जरूर ध्यान में रखने चाहिए।
शादी करने से पहले लड़कियों के लिए रुजुता दिवेकर के ३ नियम
- पहले अपने करियर को मजबूत बनाएं
रुजुता दिवेकर का कहना है कि शादी का फैसला तब लेना बेहतर होता है, जब आप अपने काम और करियर में एक मजबूत जगह बना चुकी हों। आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद कर सकता है। जब आपके पास अपनी पहचान और कमाई होती है, तो जीवन के बड़े फैसले लेना भी आसान होता है।
2. बचत जरूर तैयार रखें
अगर शादी के बाद कुछ समय के लिए काम से दूरी बनाने की योजना है, तो पहले से अच्छी बचत होना जरूरी है। रुजुता दिवेकर के अनुसार, कम से कम तीन साल का खर्च संभालने लायक राशि बचत में होना एक समझदारी भरा कदम हो सकता है। इससे भविष्य की अनिश्चितताओं का सामना करना आसान होगा और आर्थिक तनाव कम होगा।
3. शादी का बजट जरूरत से ज्यादा ना बढ़ाएं
आजकल शादियों पर बहुत अधिक खर्च करना आम बात बन गई है। लेकिन रुजुता दिवेकर सलाह देती हैं कि शादी का बजट अपनी क्षमता के अनुसार ही रखना चाहिए। उनका मानना है कि शादी पर इतना खर्च नहीं होना चाहिए कि बाद में आर्थिक दबाव महसूस होने लगे। सादगी और समझदारी के साथ की गई शादी भी उतनी ही यादगार हो सकती है। उनका कहना है कि की शादी का बजट आपकी 3 मीहने की सैलरी के बराबर होना चाहिए, उससे ज्यादा नहीं।
शादी को मजबूरी नहीं, विकल्प की तरह देखें!
रुजुता दिवेकर का मानना है कि शादी हर व्यक्ति की व्यक्तिगत पसंद होनी चाहिए। किसी सामाजिक दबाव या जल्दबाजी में लिया गया फैसला आगे चलकर मुश्किलें बढ़ा सकता है। इसलिए पहले खुद को समझना और अपने लक्ष्यों को पूरा करना भी जरूरी माना जाता है।
आर्थिक रूप से मजबूत होना क्यों जरूरी है?
आर्थिक मजबूती सिर्फ पैसे कमाने तक सीमित नहीं होती। यह आत्मविश्वास, फैसले लेने की क्षमता और भविष्य की सुरक्षा से भी जुड़ी होती है। जब किसी महिला के पास अपनी बचत और करियर होता है, तो वह जीवन के कई फैसले ज्यादा स्वतंत्रता के साथ ले सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





